कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय(एमएसडीई) ने जल जीवन मिशन 2.0 के तहत एक लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने के लिए जल शक्ति मंत्रालय के साथ साझेदारी की


यह पहल ग्रामीण जल आपूर्ति प्रणालियों के संचालन एवं रखरखाव के लिए कुशल कार्यबल तैयार करने हेतु आईटीआई और एनएसटीआई के देशव्यापी नेटवर्क का उपयोग करेगी

प्रविष्टि तिथि: 25 NOV 2026 8:31PM by PIB Delhi

ग्रामीण जल क्षेत्र में रोजगार के उभरते अवसरों के अनुरूप व्यावसायिक प्रशिक्षण को तैयार करने के उद्देश्य से कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय(एमएसडीई) के अंतर्गत आने वाले प्रशिक्षण महानिदेशालय(डीजीटी) ने आज जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग(डीडीडब्ल्यूएस) के साथ एक समझौता ज्ञापन(एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। यह साझेदारी जल जीवन मिशन 2.0 के अंतर्गत जल आपूर्ति संचालन एवं रखरखाव कौशल विकास कार्यक्रम(नल जल मित्र) को लागू करने पर केंद्रित होगी।

इस पहल का उद्देश्य कम-से-कम एक लाख उम्मीदवारों को प्रशिक्षण प्रदान करना और उन्हें प्रमाणित करना है। इस कार्यक्रम के लिए ₹111.93 करोड़ का अनुमानित वित्तीय परिव्यय निर्धारित किया गया है, जिसका पूरा वित्तपोषण पेयजल एवं स्वच्छता विभाग(डीडीडब्ल्यूएस) द्वारा किया जाएगा।

इस समझौता ज्ञापन(एमओयू) पर कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री श्री जयंत चौधरी, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सी. आर. पाटिल तथा जल शक्ति राज्य मंत्री श्री वी. सोमन्ना की उपस्थिति में हस्ताक्षर किया गया।

इस अवसर पर बोलते हुए, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री श्री जयंत चौधरी ने कहा कि यह पहल एक प्रमुख राष्ट्रीय कार्यक्रम की कुशल जनशक्ति संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के उद्देश्य से विभिन्न मंत्रालयों के बीच समन्वय का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि देशभर में फैले औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों(आईटीआई) और राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों(एनएसटीआई) का व्यापक नेटवर्क ग्रामीण जल आपूर्ति प्रणालियों के संचालन एवं रखरखाव के लिए आवश्यक विशिष्ट कौशल प्रदान करने का एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराता है।
165 घंटे का यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रशिक्षण महानिदेशालय(डीजीटी) के अंतर्गत केंद्रीय कर्मचारी प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान(सीएसटीएआरआई) द्वारा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग(डीडीडब्ल्यूएस) के परामर्श से विकसित किया गया है। इसे देशभर के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों(आईटीआई0 और राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों(एनएसटीआई) में शिल्पकार प्रशिक्षण योजना(सीटीएस) के फिटर और प्लंबर व्यवसायों के वर्तमान एवं पूर्व प्रशिक्षुओं के लिए एक वैकल्पिक विषय के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा।

इस कार्यक्रम में 120 घंटे का संस्थागत प्रशिक्षण और 45 घंटे का अनिवार्य कार्यस्थल प्रशिक्षण शामिल है। इसके अंतर्गत उम्मीदवारों को प्लंबिंग, जल वितरण, पंप एवं मोटर का रखरखाव, बुनियादी विद्युत कार्य तथा जल गुणवत्ता की निगरानी का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर प्रशिक्षुओं को उनके राष्ट्रीय व्यवसाय प्रमाणपत्र(एनटीसी) के अतिरिक्त प्रशिक्षण महानिदेशालय(डीजीटी) की ओर से राष्ट्रीय कौशल योग्यता फ्रेमवर्क(एनएसक्यीएफ) के अनुरूप अल्पकालिक प्रशिक्षण प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा।

डीजीटी के अंतर्गत राष्ट्रीय अनुदेशात्मक माध्यम संस्थान(एनआईएमआई) प्रशिक्षण के समन्वय, मूल्यांकन, प्रमाणन तथा धनराशि के वितरण की जिम्मेदारी संभालेगा। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग(डीडीडब्ल्यूएस) प्रमाणित उम्मीदवारों का विवरण जिला और ग्राम पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराएगा, जहां संबंधित राज्यों की नीतियों के अनुसार उन्हें कार्य पर लगाया जा सकेगा।

भारत में अब लगभग 16 करोड़ ग्रामीण परिवारों को नल के माध्यम से जलापूर्ति की सुविधा उपलब्ध है। इन जलापूर्ति प्रणालियों को सुचारू रूप से कार्यशील बनाए रखने के लिए ग्रामीण स्तर पर प्रशिक्षित कर्मियों की आवश्यकता है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य इस आवश्यकता को पूरा करना तथा इसके माध्यम से ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है।

IMG_256

IMG_256

IMG_256

***

पीके/केसी/आरटी/पीकेपी/डीए


(रिलीज़ आईडी: 2341687) आगंतुक पटल : 17
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Urdu , English