प्रविष्टि तिथि:
26 NOV 2026 11:23AM by PIB Delhi
भारत के स्वदेशी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) इकोसिस्टम को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव श्री एस. कृष्णन ने इंडिया मिशन के अंतर्गत समर्थित ‘चैरियट-1’ फाउंडेशन मॉडल्स का शुभारंभ किया। इन मॉडलों का विकास चैरियट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया है।
इस अवसर पर नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में शुभारंभ कार्यक्रम और अनुसंधान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम ने स्वदेशी अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से संप्रभु एआई तकनीकों के विकास में भारत की बढ़ती क्षमता को प्रदर्शित किया।

चैरियट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्राइवेट लिमिटेड उन शुरुआती चार टीमों में शामिल है, जिन्हें इंडिया मिशन के अंतर्गत स्वदेशी फाउंडेशन मॉडल विकसित करने के लिए चयनित किया गया है। यह पहल स्वदेशी क्षमताओं को बढ़ावा देने, उन्नत अनुसंधान को प्रोत्साहित करने तथा ऐसे मॉडल विकसित करने के प्रति भारत सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जो देश की विशिष्ट तकनीकी, भाषाई और सामाजिक आवश्यकताओं को पूरा कर सकें।
‘चैरियट-1’ मॉडल श्रृंखला में ‘चैरियट-1’ लार्ज लैंग्वेज मॉडल (एलएलएम) और ‘चैरियट-1’ टेक्स्ट-टू-स्पीच (टीटीएस) शामिल हैं। इन मॉडलों को भारत में शून्य से प्री-ट्रेनिंग के माध्यम से विकसित किया गया है। भाषा की समझ और स्पीच जनरेशन को उन्नत बनाने के उद्देश्य से तैयार किए गए इन मॉडलों में कई नवीन अनुसंधान आधारित नवाचार शामिल हैं। इनका लक्ष्य कम्प्यूटेशनल दक्षता, बहुभाषी क्षमताओं तथा विभिन्न तकनीकी परिवेशों में तैनाती के अनुरूप अनुकूलन क्षमता को बेहतर बनाना है।
स्वदेशी अनुसंधान के माध्यम से बहुभाषी एआई को बढ़ावा
इस कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण ‘चैरियट टीम द्वारा विकसित तीन अनुसंधान नवाचारों का प्रस्तुतीकरण रहा, जिन्हें ‘चैरियट-1’ मॉडल्स के प्रशिक्षण में शामिल किया गया है। विशेष रूप से भारत की विविध भाषाई परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ये नवाचार भाषा प्रसंस्करण और मॉडल प्रशिक्षण से जुड़ी बुनियादी चुनौतियों का समाधान करते हैं।
इंडिकशिफ्ट एक ओपन-सोर्स नवाचार है, जो भारतीय लिपियों के लिए एक साझा वर्णमाला प्रस्तुत करता है। इससे मॉडल प्रत्येक लिपि को अलग-अलग मानने के बजाय विभिन्न भाषाओं के बीच उपस्थित समानताओं का लाभ उठा सकते हैं। इस तकनीक के अंतर्गत 12 भारतीय लिपियों के 1,012 वर्णों को 350 अक्षरों के माध्यम से शामिल किया गया है। इस दृष्टिकोण से भारतीय भाषाओं के टेक्स्ट को संसाधित करने में ओपनएआई के जीपीटी टोकनाइज़र की तुलना में 2.5 गुना तक कम टोकन की आवश्यकता होती है। अनुसंधान में यह भी बताया गया है कि समान कंप्यूटिंग संसाधनों का उपयोग करते हुए इस तकनीक से भारतीय भाषाओं में मॉडल के प्रदर्शन में 5 से 8 प्रतिशत तक सुधार दर्ज किया गया है, जबकि अंग्रेजी भाषा और कोडिंग से संबंधित प्रदर्शन भी बरकरार रहता है।
नेस्टेड ट्रेनिंग के माध्यम से एक ही ट्रेनिंग रन और वेट्स के एक सेट का उपयोग करके एक साथ तीन अलग-अलग आकार के पूर्ण मॉडल प्रशिक्षित किए जा सकते हैं। यह नवाचार विभिन्न कंप्यूटिंग परिवेशों के लिए अलग-अलग मॉडल विकसित करने की चुनौती का समाधान करता है। इसके माध्यम से इन मॉडलों को डेटा सेंटर, लैपटॉप, स्मार्टफोन और एज डिवाइस जैसे विभिन्न प्लेटफॉर्म पर उपयोग किया जा सकता है। इस तकनीक से तीनों मॉडल आकारों को अलग-अलग प्रशिक्षित करने की तुलना में ट्रेनिंग की गति में 62 प्रतिशत तक सुधार दर्ज किया गया है।
तीसरा नवाचार मिक्सचर ऑफ वोकैबुलरीज़ है। यह मॉडल की शब्द चयन प्रक्रिया को अधिक कुशल बनाता है। इसके तहत मॉडल की शब्दावली को 11 समूहों में विभाजित किया जाता है और प्रत्येक बार केवल संबंधित समूह को स्कोर किया जाता है। इस दृष्टिकोण से प्रत्येक शब्द के लिए स्कोर की जाने वाली शब्दावली प्रविष्टियों की संख्या में 5.7 गुना तक कमी आती है। साथ ही, समान जीपीयू संसाधनों पर ट्रेनिंग की गति में 38 प्रतिशत तक सुधार होता है, जबकि मॉडल लॉस में नगण्य परिवर्तन होता है।

‘चैरियट-1’: भारत के बहुभाषी परिदृश्य के लिए एआई का विकास
‘चैरियट-1’ एलएलएम एक 11 अरब पैरामीटर वाला मिक्सचर-ऑफ-एक्सपर्ट्स मॉडल है, जिसमें प्रत्येक टोकन के लिए 4 अरब पैरामीटर सक्रिय होते हैं। भारत में शून्य से प्री-ट्रेनिंग के माध्यम से विकसित यह मॉडल तीन अलग-अलग आकारों में उपलब्ध है—10.7 अरब, 1.7 अरब और 745 मिलियन पैरामीटर। इन्हें विभिन्न कंप्यूटिंग आवश्यकताओं और तकनीकी परिवेशों के अनुरूप तैयार किया गया है।
भाषा मॉडल के पूरक के रूप में ‘चैरियट-1’ टीटीएस विकसित किया गया है, जो अंग्रेजी और 10 भारतीय भाषाओं में आवाज उत्पन्न करने में सक्षम है। इन भारतीय भाषाओं में हिंदी, बंगाली, मराठी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, गुजराती, पंजाबी और उड़िया शामिल हैं।
इस स्पीच मॉडल की एक विशिष्ट क्षमता संदर्भ को समझना और यह निर्धारित करना है कि संख्याओं, तारीखों, मुद्राओं, माप की इकाइयों, यूआरएल और संक्षिप्त शब्दों का उच्चारण किस प्रकार किया जाना चाहिए। इससे अधिक स्वाभाविक और संदर्भ के अनुरूप आवाज उत्पन्न करना संभव होता है। यह वास्तविक जीवन में उपयोग होने वाली स्पीच तकनीकों के विकास की एक महत्वपूर्ण चुनौती का समाधान करता है।
इस मॉडल ने एएसवाईएनसी टीटीएस प्रोननसिएशन बेंचमार्क पर 97 प्रतिशत से अधिक उच्चारण सटीकता दर्ज की है। इस बेंचमार्क में वास्तविक जीवन के 1,029 वाक्य और 42 श्रेणियों में गैर-मानक टेक्स्ट के 2,251 उदाहरण शामिल थे। इसके अतिरिक्त, मॉडल ने हिंदी में 7.60 प्रतिशत कैरेक्टर एरर रेट और नौ अन्य भारतीय भाषाओं में औसतन 6.47 प्रतिशत कैरेक्टर एरर रेट हासिल किया। रिपोर्ट में मूल्यांकन किए गए सिस्टमों के बीच ये सबसे कम त्रुटि दरें थीं।
ये उपलब्धियां भारतीय भाषाओं की जटिलताओं को ध्यान में रखकर भाषा प्रौद्योगिकियों के विकास के महत्व को दर्शाती हैं। साथ ही, ये भारत के विविध भाषाई समुदायों के लिए एआई को अधिक सुलभ, उपयोगी और प्रासंगिक बनाने के व्यापक उद्देश्य को भी समर्थन प्रदान करती हैं।
नेतृत्व के दृष्टिकोण

इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव श्री एस. कृष्णन ने ‘चैरियट-1’ के शुभारंभ पर ‘चैरियट टीम को बधाई देते हुए इसे भारत के प्रौद्योगिकी इकोसिस्टम की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने टीम के नवाचारपूर्ण दृष्टिकोण, भारतीय भाषाओं के कुशल प्रतिनिधित्व और स्वदेशी क्षमताओं को आगे बढ़ाने में उसके योगदान की सराहना की।
उन्होंने कहा कि इंडिया मिशन की परिकल्पना ऐसी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उनका समर्थन करने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय से स्नातक उन दो युवाओं के योगदान की भी सराहना की, जिन्होंने उन्नत तकनीक विकसित करने के लिए भारत लौटने का निर्णय लिया। उनके अनुसार, ‘चैरियट-1’ भारत के युवा नवोन्मेषकों की क्षमता का उदाहरण है और अत्याधुनिक तकनीकों के विकास में देश की बढ़ती सामर्थ्य को प्रदर्शित करता है।
‘चैरियट-1’ का शुभारंभ स्वदेशी फाउंडेशन मॉडल के विकास को आगे बढ़ाने में भारतीय एआई उद्यमों की बढ़ती भूमिका को रेखांकित करता है। इंडिया एआई मिशन के माध्यम से भारत सरकार एआई अनुसंधान, नवाचार और विकास के लिए एक सुदृढ़ इकोसिस्टम तैयार कर रही है, जिसका विशेष ध्यान घरेलू क्षमताओं के निर्माण और विदेशों में विकसित तकनीकों पर निर्भरता कम करने पर है।
स्वदेशी फाउंडेशन मॉडल विकसित करने वाली टीमों को सहयोग देकर इंडिया एआई मिशन शोधकर्ताओं, नवोन्मेषकों और उद्यमों को महत्वाकांक्षी एआई अनुसंधान करने तथा उसे स्वदेशी तकनीकी समाधानों में परिवर्तित करने में सक्षम बना रहा है। ऐसी पहलें एक समावेशी, आत्मनिर्भर और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी एआई इकोसिस्टम के निर्माण के भारत के दृष्टिकोण का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
इस कार्यक्रम में एनवीआईडीआईए के दक्षिण एशिया के प्रबंध निदेशक श्री विशाल धूपर और चैरियट के सह-संस्थापक श्री सुव्रत भूषण के बीच एक विशेष संवाद सत्र भी आयोजित किया गया। इस दौरान एआई अनुसंधान में उभरते नए विकास और तेजी से बदलते प्रौद्योगिकी परिदृश्य पर चर्चा की गई।
***
पीके/केसी/आरटी/एसएस/जीआरएस