प्रविष्टि तिथि:
25 NOV 2026 11:42PM by PIB Delhi
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ एक विस्तृत एवं सार्थक बैठक की। बैठक में मध्यप्रदेश के राज्य मंत्री श्री प्रह्लाद सिंह पटेल और श्री ऐदल सिंह कंसाना तथा वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक में मध्य प्रदेश में कृषि विकास को गति देने और ग्रामीण बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्रस्तुत प्रमुख प्रस्तावों की समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उनकी पूरी टीम को राज्य के विकास के प्रति सक्रिय दृष्टिकोण अपनाने के लिए बधाई देते हुए केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने सड़कों, सेतुओं, आवासों, सिंचाई और विभिन्न केंद्रीय योजनाओं से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किए हैं।
बैठक के प्रमुख निर्णय एवं मुख्य बिंदु
पुलों एवं सड़क बुनियादी ढांचे को स्वीकृति: ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए केंद्र सरकार ने मध्य प्रदेश में 223 सेतुओं के निर्माण के लिए 643.14 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इसके अतिरिक्त, लगभग 600 करोड़ रुपये की सड़क निर्माण संबंधी परियोजनाओं के प्रस्ताव भी बैठक में प्रस्तुत किए गए और उन पर चर्चा हुई।
वैज्ञानिक कृषि प्रारूप: श्री चौहान ने घोषणा की कि कृषि उत्पादकता और दीर्घकालिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए कृषि वैज्ञानिकों के सहयोग से मध्य प्रदेश के लिए एक विशेष वैज्ञानिक कृषि प्रारूप तैयार किया जाएगा।
कृषि क्लस्टर एवं उत्कृष्टता केंद्र: आधुनिक कृषि पद्धतियों और कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन को प्रोत्साहित करने के लिए मध्य प्रदेश को दो कृषि क्लस्टर और दो उत्कृष्टता केंद्र आवंटित किए जाएंगे।
क्लीन प्लांट कार्यक्रम: किसानों को रोगमुक्त एवं उच्च गुणवत्ता वाली पौध सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश में क्लीन प्लांट कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष नर्सरियों के विकास का कार्य किया जाएगा।
सूक्ष्म सिंचाई एवं सिंचाई क्षेत्र को सहयोग: सिंचाई के क्षेत्र में मध्य प्रदेश द्वारा किए गए उल्लेखनीय और अभूतपूर्व कार्यों की सराहना करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बैठक में 'पर ड्रॉप मोर क्रॉप' (पीडीएमसी) योजना के अंतर्गत व्यापक सहायता उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही राज्य की ओर से प्रस्तुत सिंचाई से संबंधित अन्य प्रस्तावों के प्रभावी समाधान तलाशने पर भी विचार-विमर्श किया गया।


***
पीके/केसी/आरटी/एसएस/जीआरएस