पंचायती राज मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

ग्रामीण स्थानीय निकायों को अनुदान सम्बंधी 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के क्रियान्वयन पर पहली क्षेत्रीय कार्यशाला कल गोवा में आयोजित होगी


पश्चिमी क्षेत्र के राज्य 16वें वित्त आयोग के अनुदानों का समयबद्ध एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने और स्वयं के राजस्व स्रोतों (ओएसआर) में वृद्धि के लिए रूपरेखा तैयार की जाएगी

प्रविष्टि तिथि: 25 NOV 2026 4:51PM by PIB Delhi

पंचायती राज मंत्रालय (एमओपीआर) ग्रामीण स्थानीय निकायों (आरएलबी) को अनुदान देने संबंधी 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के क्रियान्वयन पर पहली क्षेत्रीय कार्यशाला का आयोजन कल, 26 नवंबर 2026 को गोवा में करेगा। इस कार्यशाला में पंचायती राज मंत्रालय की संयुक्त सचिव श्रीमती मुक्ता शेखर के साथ गोवा, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान के वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे। कार्यशाला का उद्देश्य पश्चिमी क्षेत्र के राज्यों के बीच 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों, परिचालन दिशा-निर्देशों और अनुपालन सम्बंधी शर्तों की साझा समझ विकसित करना है। आयोग के अनुदान समय पर पंचायतों तक पहुंचने और ग्रामीण नागरिकों के जीवन में स्पष्ट एवं सकारात्मक सुधार लाने के विषय पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

16वें वित्त आयोग ने वर्ष 2026-27 से 2030-31 की पुरस्कार अवधि के लिए सभी 28 राज्यों में पंचायती राज संस्थाओं (पीआरआई)/ग्रामीण स्थानीय निकायों (आरएलबी) को 4,35,236 करोड़ रुपये के अनुदान की सिफारिश की है। वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने इनके क्रियान्वयन के लिए 21 मई 2026 को परिचालन सम्बंधी दिशा-निर्देश जारी किए थे। आयोग ने पंचायती राज मंत्रालय को राज्यों को मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने तथा सिफारिशों के विभिन्न पहलुओं से उन्हें परिचित कराने के लिए क्षेत्रीय कार्यशालाएं आयोजित करने की भी सिफारिश की है। गोवा में आयोजित होने वाली कार्यशाला इस श्रृंखला की पहली कार्यशाला है।

यह कार्यशाला 3 जुलाई 2026 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में पंचायती राज मंत्रालय द्वारा आयोजित राज्यों के पंचायती राज मंत्रियों की राष्ट्रीय कार्यशाला की अगली कड़ी है। उस कार्यशाला में पंचायती राज संस्थाओं/ग्रामीण स्थानीय निकायों के लिए 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के क्रियान्वयन पर चर्चा की गई थी। राष्ट्रीय कार्यशाला में नीतिगत दिशा तय की गई थी और क्षेत्रीय कार्यशालाओं के माध्यम से यह संवाद जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारियों तक पहुंचाया जा रहा है।

इस कार्यशाला में स्वयं के राजस्व स्रोतों (ओएसआर) में वृद्धि के लिए मंत्रालय के निरंतर प्रयासों और प्राथमिकता को ध्यान में रखते हुए पंचायतों की वित्तीय आत्मनिर्भरता बढ़ाने वाले अनुभवों और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। मेजबान राज्य गोवा के निर्वाचित प्रतिनिधियों और अधिकारियों के भी इसमें भाग लेने की आशा है।

वित्तीय रूप से सशक्त, सक्षम और जवाबदेह पंचायतें ‘आत्मनिर्भर पंचायत’ और ‘विकसित पंचायत’ की परिकल्पना का प्रमुख आधार हैं। ये आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त करती हैं। वित्त आयोग के अनुदानों का समय पर हस्तांतरण और स्वयं के राजस्व स्रोतों में निरंतर वृद्धि पंचायतों को अधिक आत्मविश्वास के साथ अपनी योजनाएं बनाने, उन्हें लागू करने और अपने समुदायों की बेहतर सेवा करने में सक्षम बनाएगी। इस कार्यशाला का आयोजन गोवा सरकार के पंचायती राज विभाग के सहयोग से किया जा रहा है। मंत्रालय को आशा है कि इसमें भाग लेने वाले सभी राज्यों के बीच सार्थक और सहयोगपूर्ण विचार-विमर्श होगा।

***

पीके/केसी/आरटी/वीके/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2341994) आगंतुक पटल : 20
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Tamil