शिक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री प्रल्हाद जोशी की अध्यक्षता में भारतीय शिक्षा के अंतर्राष्ट्रीयकरण पर संसदीय परामर्शदात्री समिति की बैठक

प्रविष्टि तिथि: 25 NOV 2026 7:54PM by PIB Delhi

केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री प्रल्हाद जोशी ने वर्ष 2026 के लिए शिक्षा मंत्रालय की संसदीय परामर्शदात्री समिति की आज पहली बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री श्री जयंत चौधरी, उच्च शिक्षा विभाग सचिव सुश्री दीप्ति गौर मुखर्जी, स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग सचिव श्री टी. के. अनिल कुमार तथा मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

श्री प्रल्हाद जोशी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय ज्ञान प्रणाली का वैश्विक स्तर पर प्रभाव का लंबा इतिहास रहा है। मंत्रालय का उद्देश्य भारतीय ज्ञान प्रणाली की वैश्विक पहुंच को और अधिक विस्तारित करना है। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य के साथ उच्च शिक्षण संस्थानों के विदेशों में परिसर स्थापित करने तथा विदेशी विश्वविद्यालयों को भारत में अपने परिसर स्थापित करने की सुविधा प्रदान करने के कई कदम उठाए जा रहे हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने बताया कि अभी देश में लगभग 21 विदेशी उच्च शिक्षण संस्थान संचालित हैं। इसके अतिरिक्त संयुक्त शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग भी जारी हैं। उन्होंने कहा कि विदेशों में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड – सीबीएसई स्कूलों की बढ़ती मांग भारतीय शिक्षा कार्यक्रमों की विश्वसनीयता और वैश्विक स्तर पर उनके विस्तार की क्षमता दर्शाती है।

सांसदों को भारतीय शिक्षा के अंतर्राष्ट्रीयकरण के तहत मंत्रालय के दोनों विभागों द्वारा आरंभ की गई विभिन्न पहलों की जानकारी दी गई। उच्च शिक्षा विभाग ने अंतर्राष्ट्रीयकरण को बढ़ावा देने के लिए अपनाई गई चार रणनीतियों की जानकारी दी। इनमें शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग को बढ़ावा देना, अंतर्राष्ट्रीय विद्यार्थियों को भारत में अध्ययन के लिए आकर्षित करना, विदेशी उच्च शिक्षण संस्थानों को भारत में अपने शाखा परिसर स्थापित करने की अनुमति और भारतीय उच्च शिक्षण संस्थानों को विदेशों में अपने परिसर स्थापित करने की अनुमति देना शामिल है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग - यूजीसी विनियमों के अंतर्गत ब्रिटेन, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और इटली सहित विभिन्न विदेशी विश्वविद्यालयों को 17 आशय पत्र जारी किए गए हैं।

संसदीय परामर्शदात्री समिति को भारत इनोवेट्स, शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग संवर्धन योजना, ग्लोबल इनिशिएटिव ऑफ एकेडमिक नेटवर्क्स, डायरेक्ट एडमिशन ऑफ स्टूडेंट्स अब्रॉड तथा संशोधित स्टडी इन इंडिया पोर्टल जैसी पहल की भी जानकारी दी गई।

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने सदस्यों को बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और विकसित भारत 2047 का लक्ष्य भारतीय शिक्षा प्रणाली में परिवर्तनकारी बदलाव के मार्गदर्शी रहे हैं। पाठ्यक्रम को वैश्विक मानकों के अनुरूप बनाने, बहुभाषी शिक्षा, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए आदान-प्रदान कार्यक्रम तथा शैक्षणिक समकक्षता और गुणवत्ता के समन्वय के लिए राष्ट्रीय मूल्यांकन केंद्र परख की स्थापना, शिक्षा के अंतर्राष्ट्रीयकरण को बढ़ाने वाले प्रमुख उपायों में शामिल हैं। सांसदों को बताया गया कि 26 देशों में 268 सीबीएसई स्कूल संचालित हैं और दुबई में एक विदेशी क्षेत्रीय कार्यालय भी स्थापित किया गया है। वैश्विक स्तर पर संबद्ध स्कूलों में एकरूपता सुनिश्चित करने के लिए एक मानकीकृत मूल्यांकन ढांचा भी लागू किया गया है।

संसदीय परामर्शदात्री समिति ने शिक्षा के अंतर्राष्ट्रीयकरण की दिशा में दोनों विभागों द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की और व्यावसायिक शिक्षा तथा विदेशों में भारतीय शैक्षणिक संस्थानों के नेटवर्क के विस्तार सहित विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव दिए।

***

पीके/केसी/आरटी/एकेवी/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2342000) आगंतुक पटल : 24
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Urdu , English , Assamese , Punjabi , Gujarati , Tamil