विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

पूर्वोत्तर भारत में पिट वाइपर सांपों के विष के उपचार के लिए विशेष एंटीवेनम विकसित

प्रविष्टि तिथि: 25 NOV 2026 3:53PM by PIB Delhi

पूर्वोत्तर राज्यों में आमतौर पर पाई जाने वाली पिट वाइपर सांपों की दो विशेष प्रजातियों के विष के लिए प्रभावी एक नया एंटीवेनम विकसित किया गया है। इससे इन क्षेत्रों में सर्पदंश के उपचार को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है। मिजोरम और मेघालय राज्यों से इन सांपों के विष के नमूने एकत्र किए गए हैं।

पूर्वोत्तर भारत में जहरीले सांपों की कई प्रजातियां पाई जाती हैं, जिसके कारण सर्पदंश यहां सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। हालांकि, भारत में व्यावसायिक रूप से उपलब्ध एंटीवेनम मुख्य रूप से 'बिग फोर' यानी चार प्रमुख विषैले सांपों—रसेल वाइपर, स्पेक्टेकल्ड कोबरा, कॉमन करैत और सॉ-स्केल्ड वाइपर—के विष के उपचार को ध्यान में रखकर तैयार किया जाता है।

पूर्वोत्तर भारत में चिकित्सकीय दृष्टि से महत्वपूर्ण कई अन्य विषैले सांपों के विष के लिए इस पॉलीवैलेंट एंटीवेनम की प्रभावशीलता सीमित पाई गई है।

पूर्वोत्तर राज्यों में पाई जाने वाली पिट वाइपर की दो प्रजातियां—पोप्स पिट वाइपर और रेड-टेल्ड बैम्बू पिट वाइपर के काटने की घटनाएं यहां एक आम चिकित्सकीय आपात स्थिति हैं।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) सर्पदंश को एक उपेक्षित उष्णकटिबंधीय बीमारी और चिकित्सकीय आपात स्थिति मानता है। हाल ही में किए गए एक अध्ययन के अनुसार, इन विशेष सांपों के विष के लिए प्रभावी एंटीवेनम की अनुपलब्धता के कारण पूर्वोत्तर भारत में एंटीवेनम की कमी की गंभीर स्थिति उत्पन्न होती है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image001_20261125155417_727f13.jpg

चित्र: योजनाबद्ध आरेख में पूर्वोत्तर भारत के पिट वाइपर सांपों के विष को निष्क्रिय करने में भारतीय पॉलीवैलेंट एंटीवेनम (पीएवी) की तुलना में बीआई-एवी की बेहतर प्रभावशीलता दर्शाई गई है

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के गुवाहाटी स्थित स्वायत्त संस्थान विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी उन्नत अध्ययन संस्थान (आईएएसएसटी) के निदेशक और के प्रमुख प्रो. आशीष के. मुखर्जी के नेतृत्व में एक शोध दल ने नया इक्वाइन एफ(एबी)2 बाइवैलेंट एंटीवेनम विकसित किया है। यह विशेष एंटीवेनम टी. एरिथ्रुरस और टी. पोप का पिट वाइपर प्रजातियों के विष के लिए प्रभावी है। इन सांपों के विष के नमूने मिजोरम और मेघालय राज्यों से एकत्र किए गए थे। इस पहल का उद्देश्य सर्पदंश के उपचार में मौजूद कमी को दूर करना है।

इस परियोजना में आईएएसएसटी, गुवाहाटी, प्रीमियम सीरम्स एंड वैक्सीन्स प्राइवेट लिमिटेड, पुणे, अमृता रिसर्च सेंटर, दिल्ली-एनसीआर, मिजोरम विश्वविद्यालय और आरान्यक के शोधकर्ताओं ने मिलकर कार्य किया। यह सहयोग शिक्षा जगत और उद्योग के बीच साझेदारी का उदाहरण है।

प्रयोगशाला और प्रीक्लिनिकल अध्ययनों में नए बाइवैलेंट एंटीवेनम ने पूर्वोत्तर क्षेत्र के पिट वाइपर के विष के प्रभाव से सुरक्षा प्रदान करने में भारतीय पॉलीवैलेंट एंटीवेनम की तुलना में बेहतर परिणाम दिखाए (चित्र 1)।

पिट वाइपर के विष के प्रभाव से रक्त का थक्का जमने की प्रक्रिया प्रभावित होती है तथा स्थानीय ऊतकों और शरीर के अंगों को नुकसान पहुंचता है। नए एंटीवेनम के उपयोग से इन दुष्प्रभावों में उल्लेखनीय कमी देखी गई।

शोध का नेतृत्व करने वाले प्रो. मुखर्जी ने बताया कि इस नए एंटीवेनम का मरीजों पर नियमित उपयोग शुरू करने से पहले अतिरिक्त नैदानिक परीक्षणों और नियामकीय जांच की आवश्यकता होगी। हालांकि, उन्होंने इसके भविष्य को लेकर आशा व्यक्त की है।

इंटरनेशनल जर्नल ऑफ बायोलॉजिकल मैक्रोमोलेक्यूल्स में प्रकाशित यह अध्ययन भारत के विभिन्न क्षेत्रों में गंभीर विषैले सर्पदंश के लिए जिम्मेदार सांपों की प्रजातियों के आधार पर क्षेत्र-विशिष्ट एंटीवेनम विकसित करने के महत्व को रेखांकित करता है।

यह विशेष रूप से पूर्वोत्तर भारत के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां कई ऐसी चिकित्सकीय दृष्टि से महत्वपूर्ण विषैली सांपों की प्रजातियां पाई जाती हैं, जो पारंपरिक 'बिग फोर' श्रेणी में शामिल नहीं हैं।

शोध प्रकाशन लिंक (डीओआई): https://doi.org/10.1016/j.ijbiomac.2026.154578

***

पीके/केसी/आरटी/जेके/केके


(रिलीज़ आईडी: 2342127) आगंतुक पटल : 23
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil