प्रविष्टि तिथि:
26 NOV 2026 4:31PM by PIB Delhi
विधि और न्याय मंत्रालय के विधायी विभाग ने संविधान दिवस 2026 के अवसर पर नई दिल्ली के विज्ञान भवन में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर भारत के संविधान का अद्यतन संस्करण सभी 22 अनुसूचित भाषाओं में जारी किया गया। उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर विधि और न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अर्जुन राम मेघवाल तथा विधायी विभाग और विधि कार्य विभाग के सचिव डॉ. राजीव मणि भी उपस्थित थे।

इस कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद उपराष्ट्रपति और मंत्री महोदय ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर इस पहल को रेखांकित करने वाली एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। फिल्म में संविधान को केवल एक प्रकाशन के रूप में नहीं, बल्कि इसे भारत की जनता के संघर्ष, समर्पण, सांस्कृतिक विरासत, भाषायी गौरव और लोकतांत्रिक चेतना के चिरस्थायी प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया गया। इसमें संविधान को ऐसे अधिकार-पत्र के रूप में भी रेखांकित किया गया, जो प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व की गारंटी देता है। फिल्म में डॉ. बी. आर. आंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों द्वारा परिकल्पित समावेशी, समानतापूर्ण और न्यायपूर्ण भारत की अवधारणा तथा इस परिकल्पना को साकार करने में भारतीय भाषाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को भी याद किया गया। इसमें इस बात पर भी बल दिया गया कि यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों, जनजाती समुदायों और युवा पीढ़ी के नागरिकों को संविधान से और अधिक निकटता से जोड़ने में सहायक होगी। फिल्म का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि संविधान केवल संसद और न्यायालयों तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक गांव, प्रत्येक घर, प्रत्येक विद्यालय और प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे।

इसके बाद उपराष्ट्रपति ने भारत के संविधान का अद्यतन संस्करण सभी 22 अनुसूचित भाषाओं में जारी किया। यह संवैधानिक जागरूकता को बढ़ावा देने और देश के विभिन्न भाषायी समुदायों के नागरिकों के लिए देश के सर्वोच्च कानून को सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अपने विशेष संबोधन में उपराष्ट्रपति ने संविधान के चिरस्थायी महत्व तथा न्याय, स्वतंत्रता, समानता तथा बंधुत्व के मूल्यों को बनाए रखने में इसकी भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने प्रत्येक नागरिक तक संवैधानिक ज्ञान की पहुंच सुनिश्चित करने के महत्व पर भी बल दिया।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने संविधान सभा के सदस्य और प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. बी. आर. आंबेडकर के योगदान का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने देश को एक दूरदर्शी संविधान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जो न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के स्तंभों पर आधारित है। उन्होंने संविधान को भारत के लोकतांत्रिक ढांचे का आधार बताते हुए नागरिकों में उनके संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

इस अवसर पर डॉ. राजीव मणि ने स्वागत भाषण दिया और संविधान दिवस के महत्व तथा नागरिकों को उनकी अपनी भाषाओं में संविधान और अन्य कानून सुलभ कराने के लिए विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने इस ऐतिहासिक अवसर को संभव बनाने में योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने उल्लेख किया कि संविधान लागू होने के बाद यह पहली बार है, जब संविधान का अद्यतन संस्करण सभी 22 अनुसूचित भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है।
भारत के संविधान का अद्यतन संस्करण सभी 22 अनुसूचित भाषाओं में जारी किया जाना, संवैधानिक ज्ञान तक समावेशी पहुंच को बढ़ावा देने, संवैधानिक साक्षरता को मजबूत करने और संविधान के आदर्शों को प्रत्येक नागरिक के और निकट लाने कि सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
****
पीके/केसी/आरटी/आईएम/एनजे