प्रविष्टि तिथि:
26 NOV 2026 5:49PM by PIB Delhi
ग्रामीण विकास मंत्रालय के भूमि संसाधन विभाग (डीएलआर) ने आज राष्ट्रीय सुशासन केंद्र (एनसीजीजी) द्वारा समन्वित एक एक्सपोज़र कार्यक्रम के तहत भारत की यात्रा पर आए श्रीलंका के सिविल सेवकों के एक प्रतिनिधिमंडल की मेज़बानी की। यह संवाद भूमि अभिलेखों के डिजिटलीकरण और आधुनिकीकरण में भारत के अनुभवों पर केंद्रित रहा, जिसमें डिजिटल इंडिया लैंड रिकॉर्ड्स मॉडर्नाइज़ेशन प्रोग्राम (डीआईएलआरएमपी), पंजीकरण प्रक्रिया के कंप्यूटरीकरण, सर्वेक्षण और पुनः सर्वेक्षण, नक्शा (एनएकेएसएचए) तथा लैंड स्टैक पहल के कार्यान्वयन पर विशेष बल दिया गया।

श्रीलंकाई प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अतिरिक्त भूमि आयुक्त एवं दल नेता सुश्री आई.बी. गुणवर्धना ने किया। इसमें राष्ट्रीय सुशासन केंद्र (एनसीजीजी) के सह-प्राध्यापक एवं पाठ्यक्रम समन्वयक डॉ. ए.पी. सिंह तथा भूमि आयुक्त सुश्री जी.डी. नदीका के साथ श्रीलंका की भूमि, सर्वेक्षण और प्रशासनिक सेवाओं के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए भूमि संसाधन विभाग के सचिव श्री दिलीप कुमार ने डिजिटल रूपांतरण, प्रौद्योगिकी-संचालित सुधारों और एकीकृत भूमि सूचना प्रणालियों के माध्यम से भूमि शासन को सुदृढ़ करने के भारत के प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विभाग की प्रमुख पहलों और योजनाओं का अवलोकन प्रस्तुत किया तथा पारदर्शिता बढ़ाने, सेवा वितरण में सुधार लाने और भूमि प्रशासन को अधिक कुशल एवं नागरिक-केंद्रित बनाने में डिजिटलीकरण की भूमिका को रेखांकित किया।
श्री दिलीप कुमार ने कहा, “पारदर्शी, कुशल और नागरिक-केंद्रित भूमि शासन के लिए भूमि अभिलेखों का डिजिटल रूपांतरण आवश्यक है। अपने अनुभवों को साझा करने और एक-दूसरे से सीखने से संस्थागत क्षमता को मजबूत करने तथा भूमि प्रशासन सुधारों को आगे बढ़ाने में मदद मिलती है।”

बातचीत के दौरान भूमि संसाधन निदेशक श्री श्याम कुमार ने डीआईएलआरएमपी और नक्शा (एनएकेएसएचए) का अवलोकन प्रस्तुत किया, जिसमें भूमि अभिलेख आधुनिकीकरण, भू-स्थानिक मानचित्रण और भूमि से जुड़े डेटाबेस के एकीकरण में हुई प्रगति, तकनीकी हस्तक्षेपों और प्रमुख उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया।
इस संवाद में कागज़-रहित पंजीकरण और स्वचालित नामांतरण (ऑटोमेटेड म्यूटेशन) के माध्यम से संपत्ति पंजीकरण को भूमि अभिलेखों के साथ एकीकृत करने पर भी चर्चा हुई, जिससे भूमि अभिलेखों को समय पर अद्यतन करने के लिए पंजीकरण विवरण राजस्व अधिकारियों को इलेक्ट्रॉनिक रूप से प्रेषित किए जा सकें और विलंब तथा मानवीय हस्तक्षेप को कम किया जा सके।

प्रतिनिधिमंडल को 'भारत लैंड स्टैक' के बारे में भी जानकारी दी गई, जो एक एकीकृत जीआईएस आधारित मंच है यह लैंड रिकॉर्ड, जियोस्पेशियल डेटा, प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन, ज़ोनिंग, बिल्डिंग अप्रूवल, लिटिगेशन और ज़मीन से जुड़ी दूसरी जानकारी को एक साथ लाता है, ताकि ज़मीन के टुकड़ों का एक यूनिफाइड डिजिटल व्यू मिल सके।
इस संवाद ने डिजिटल भूमि शासन और प्रौद्योगिकी-संचालित सुधारों से जुड़े अनुभवों को साझा किया गया जिससे भारत और श्रीलंका के बीच ज्यादा सहयोग और ज्ञान-साझाकरण के अवसर सामने आए।

***
पीके/केसी/आरटी/पीएस