प्रविष्टि तिथि:
26 NOV 2026 4:27PM by PIB Delhi
मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के अधीन पशुपालन और डेयरी विभाग (डीएएचडी) ने 26 नवंबर 2026 को बिहार के पटना स्थित बापू सभागार में ‘राष्ट्रीय दुग्ध दिवस 2026’ मनाया।



इस समारोह में बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, माननीय केन्द्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी तथा पंचायती राज मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, बिहार सरकार के माननीय डेयरी, मत्स्यपालन एवं पशु संसाधन मंत्री श्री नंद किशोर राम, बिहार सरकार के मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, भारत सरकार के सचिव (डीएएचडी) श्री नरेश पाल गंगवार, भारत सरकार की अतिरिक्त सचिव (डीएएचडी) सुश्री वर्षा जोशी, एनडीडीबी के अध्यक्ष डॉ. मीनेश शाह और केन्द्र एवं राज्य सरकार के अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
अपने संबोधन में, बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने ग्रामीण विकास और राज्य की अर्थव्यवस्था में पशुपालक किसानों के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने डेयरी और पशुपालन क्षेत्रों को मजबूत करने, किसानों की आय बढ़ाने तथा ‘विकसित भारत 2047’ के विजन में योगदान देने के प्रति बिहार सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। माननीय मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 48 लाख लीटर दूध का उत्पादन होता है। उन्होंने दैनिक दूध उत्पादन को बढ़ाकर एक करोड़ लीटर तक पहुंचाने के राज्य सरकार के लक्ष्य को दोहराया। माननीय मुख्यमंत्री ने भारत के डेयरी क्षेत्र में बदलाव लाने में अमूल्य योगदान के लिए ‘राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार’ पाने वालों को बधाई दी।

माननीय केन्द्रीय मंत्री श्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने इस तथ्य को रेखांकित किया कि भारत वर्तमान में वैश्विक स्तर पर डेयरी क्षेत्र में सबसे आगे है और दुनिया के कुल दुग्ध उत्पादन में लगभग एक-चौथाई योगदान देता है। वर्ष 2013-14 की तुलना में, देश के दुग्ध उत्पादन में लगभग 84 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। भारत अंडा उत्पादन में विश्व स्तर पर दूसरे और मांस उत्पादन में चौथे स्थान पर है। उन्होंने यह भी बताया कि बिहार में दुग्ध उत्पादन 2013-14 के 7.19 मिलियन मीट्रिक टन से बढ़कर 2025-26 में 13.76 मिलियन मीट्रिक टन हो गया है, जोकि लगभग 91 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाता है। माननीय केन्द्रीय मंत्री ने पशुधन के स्वास्थ्य की रक्षा करने, बीमारियों को फैलने से रोकने और दुग्ध उत्पादकता बढ़ाने में 'राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम' (एनएडीसीपी) - विशेष रूप से ‘खुरपका-मुंहपका रोग' (एफएमडी) के राष्ट्रव्यापी टीकाकरण कार्यक्रम - के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने बिहार की डेयरी सहकारी समितियों, पशु प्रजनन और पशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में ‘राष्ट्रीय गोकुल मिशन’, एनपीडीडी और केन्द्र सरकार की अन्य योजनाओं की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कॉमफेड की उल्लेखनीय प्रगति की सराहना की, जहां प्रतिदिन दूध की खरीद 23.97 लाख किलोग्राम और बिक्री 18.41 लाख लीटर तक पहुंच गई है। माननीय केन्द्रीय मंत्री ने बिहार में किसानों की आय बढ़ाने, महिलाओं को सशक्त बनाने, ग्रामीण रोजगार सृजित करने और सतत डेयरी विकास को बढ़ावा देने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।




इस अवसर पर, ‘राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार 2026’ के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार' पशुधन और डेयरी क्षेत्र के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मानों में से एक है। ये पुरस्कार स्वदेशी गाय एवं भैंस की नस्लों को बढ़ावा देने और उनके संरक्षण, डेयरी विकास को मजबूत करने तथा पशुधन की उत्पादकता बढ़ाने में दिए गए उत्कृष्ट योगदान के लिए दिए गए। ये पुरस्कार तीन श्रेणियों - स्वदेशी गाय/भैंस की नस्लों का पालन करने वाले सर्वश्रेष्ठ डेयरी किसान (गैर-पूर्वोत्तर क्षेत्र), सर्वश्रेष्ठ कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियन (गैर-पूर्वोत्तर क्षेत्र), और सर्वश्रेष्ठ डेयरी सहकारी समिति (डीसीएस)/दुग्ध उत्पादक कंपनी/डेयरी किसान उत्पादक संगठन (गैर-पूर्वोत्तर क्षेत्र) - में प्रदान किए गए। इसके अलावा, पूर्वोत्तर क्षेत्र और हिमालयी राज्यों के विजेताओं को भी प्रत्येक श्रेणी में विशेष पुरस्कार दिए गए।
भारत सरकार के पशुपालन और डेयरी विभाग (डीएएचडी) के सचिव श्री नरेश पाल गंगवार ने अपने संबोधन में डॉ. वर्गीज कुरियन को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने भारत के डेयरी क्षेत्र को बदलने में डॉ. कुरियन के अमूल्य योगदानों को याद किया और ‘राष्ट्रीय दुग्ध दिवस’ के अवसर पर सभी प्रतिभागियों एवं पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने ‘सेक्स-सॉर्टेड सीमेन’ (एसएसएस) तकनीक में हुई प्रगति को एक महत्वपूर्ण कदम बताया, जो आनुवंशिक सुधार को तेज करने, पशुओं की उत्पादकता बढ़ाने और डेयरी क्षेत्र को मजबूत करने में सहायक है। साथ ही, उन्होंने इस क्षेत्र से संबंधित केन्द्र सरकार की प्रमुख पहलों पर भी जोर दिया।


इस कार्यक्रम के दौरान ‘बेसिक एनिमल हसबेंडरी स्टैटिस्टिक्स (बीएएचएस) 2026’ भी जारी किया गया। इसमें 1 मार्च 2025 से 28 फरवरी 2026 तक किए गए ‘इंटीग्रेटेड सैंपल सर्वे’ के आधार पर भारत के पशुपालन क्षेत्र से जुड़े विस्तृत आंकड़े पेश किए गए हैं। यह रिपोर्ट 2025-26 के दौरान देश में दूध, अंडे, मांस और ऊन के उत्पादन का अनुमान देती है। इस रिपोर्ट के अनुसार, भारत में कुल दूध उत्पादन 253.81 मिलियन टन, अंडे का उत्पादन 156.88 बिलियन और कुल मांस उत्पादन 10.63 मिलियन टन रहने का अनुमान है। कुल मांस उत्पादन में से पोल्ट्री मांस की हिस्सेदारी 5.13 मिलियन टन की है।
इस अवसर पर, कई महत्वपूर्ण डेयरी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया और उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया गया। इनमें ‘राष्ट्रीय दुग्ध विकास कार्यक्रम’ (एनपीडीडी) के तहत प्रमुख परियोजनाएं- जैसे कि डेयरी सहकारी समितियों के लिए स्वीकृत ‘डेटा प्रोसेसिंग और दूध संग्रह इकाइयों’ (डीपीएमसीयू) का वितरण; पटना के वीपीएमयू और मुजफ्फरपुर के टीआईएमयूएल में ‘मिनरल मिक्सचर प्लांट’ का लोकार्पण; और समस्तीपुर स्थित 'मिथिला मिल्क यूनियन' (एमएमयू) में ‘एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट’ (ईटीपी) का लोकार्पण - शामिल हैं।
इस कार्यक्रम के दौरान, पटना के बिहटा स्थित सिकंदरपुर में ‘नमस्ते इंडिया' के 2 एलएलपीडी (प्रति दिन 2 लाख लीटर) क्षमता वाले दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र को राष्ट्र को समर्पित किया गया। इसे ‘पशुपालन अवसंरचना विकास कोष’ (एएचआईडीएफ) के तहत मिली सहायता से स्थापित किया गया है। इसके अलावा, ‘पशु स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण कार्यक्रम’ (एलएचडीसीपी) के तहत स्वीकृत पशु चिकित्सा दवा बिक्री केन्द्रों के लिए प्रमाण-पत्र वितरित किए गए, जिससे पशु चिकित्सा सेवाओं तक पहुंच और मजबूत हुई।
इस समारोह के दौरान कई महत्वपूर्ण पहलों का शुभारंभ भी किया गया। इनमें डेयरी सहकारी समितियों और दुग्ध उत्पादक संगठनों (एमपीओ) की रेटिंग एवं ग्रेडिंग हेतु मानक संचालन प्रक्रियाएं (एसओपी), रेटिंग एवं ग्रेडिंग प्रक्रिया हेतु एक ऑनलाइन आवेदन वेब पोर्टल तथा ‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए भारत के पशुधन और डेयरी क्षेत्र के लिए जलवायु-अनुकूल रोडमैप शामिल हैं।
इस कार्यक्रम के दौरान, सभी प्रतिभागियों ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को बनाए रखने हेतु भारत के संविधान की प्रस्तावना भी पढ़ी।
प्रगतिशील डेयरी किसानों के साथ एक पैनल चर्चा भी आयोजित की गई, जिससे उन्हें अपने अनुभव, सर्वोत्तम कार्यपद्धतियों एवं नवाचारों को साझा करने में मदद मिली। इस चर्चा में डेयरी क्षेत्र को मजबूत करने में प्रगतिशील डेयरी किसानों के योगदानों को रेखांकित किया गया।
इस अवसर पर, ‘सुधा’ ब्रांड की मखाना खीर और रबड़ी को लॉन्च किया गया। साथ ही, ‘सुधा’ ब्रांड के बिक्री केन्द्रों की चाबियां भी सौंपी गईं। इसका उद्देश्य मूल्य-वर्धित डेयरी उत्पादों को बढ़ावा देना और इन उत्पादों के लिए बाजार की पहुंच का विस्तार करना है।

विभिन्न डेयरी तकनीकों, उपकरणों, पशु पोषण उत्पादों, दूध परीक्षण प्रणालियों और डेयरी उत्पादों को प्रदर्शित करने हेतु एक प्रदर्शनी भी आयोजित की गई। इस प्रदर्शनी में ऐसे नवाचारों को सामने रखा गया, जिनका उद्देश्य दूध उत्पादन, पशु स्वास्थ्य, दूध की गुणवत्ता, परिचालन संबंधी दक्षता और डेयरी क्षेत्र के समग्र विकास को बेहतर बनाना है।
इस कार्यक्रम में देश भर के पशुपालक किसानों, दुग्ध संघों, डेयरी सहकारी समितियों और प्रगतिशील डेयरी किसानों ने हिस्सा लिया। साथ ही, देश भर के पशुपालकों ने इसमें वर्चुअल माध्यम से भी भागीदारी की।
‘राष्ट्रीय दुग्ध दिवस 2026’ का आयोजन एक मजबूत, समावेशी तथा वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी पशुधन एवं डेयरी इकोसिस्टम बनाने में डेयरी किसानों और हितधारकों के योगदान को मान्यता देने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ। साथ ही, इसने डेयरी क्षेत्र में सतत एवं समावेशी विकास के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया और ‘विकसित भारत @2047’ के विजन को आगे बढ़ाने के संकल्प को पुष्ट किया।
***
पीके/केसी/आरटी/आर