सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्‍वयन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

एमओएसपीआई ने राज्य-स्तरीय सांख्यिकी तक पहुंच को बेहतर बनाने के लिए 'ई-सांख्यिकी' पोर्टल पर राज्य डैशबोर्ड लॉन्च किया

प्रविष्टि तिथि: 26 NOV 2026 12:10PM by PIB Delhi

आधिकारिक सांख्यिकी का प्रभावी प्रसार तभी संभव है, जब उपयोगकर्ता अपनी जरूरत का डेटा आसानी से खोज सकें, उसे उपयोगी प्रारूप में प्राप्त कर सकें और विश्लेषण के लिए उसका दोबारा उपयोग कर सकें। सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) ने आधिकारिक सांख्यिकी के लिए एक 'वन-स्टॉप विंडो' के रूप में 'ई-सांख्यिकी' पोर्टल विकसित किया है। यह पोर्टल उपयोगकर्ताओं को डेटासेट खोजने, आपसी दृश्यता (इंटरैक्टिव विज़ुअलाइज़ेशन) के माध्यम से संकेतकों को समझने और उनसे जुड़े मेटाडेटा को देखने की सुविधा देता है। उपयोगकर्ता डेटा को मशीन के पढ़ने योग्य प्रारूप में सीधे डाउनलोड कर सकते हैं या एप्लिकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेस (एपीआई) के जरिए प्राप्त कर सकते हैं, जिससे इस डेटा का अन्य अनुप्रयोगों में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। वर्तमान में, 'ई-सांख्यिकी' पोर्टल पर 43 सांख्यिकीय उत्पाद मौजूद हैं, जिनमें 1109 डेटासेट और 139 मिलियन से अधिक रिकॉर्ड शामिल हैं।

'सांख्यिकीय परिवर्तन, विश्लेषण और अनुसंधान के लिए विकसित भारत पहल' (वीआईएसटीएआर) का मुख्य जोर राज्य-स्तरीय सांख्यिकी को मजबूत करने और डेटा प्रसार सहित सांख्यिकीय प्रक्रियाओं में डिजिटल उपकरणों के उपयोग को बढ़ाने पर है। अपनी 'सांख्यिकीय सुदृढ़ीकरण घटक के लिए समर्थन के जरिये, यह योजना राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की क्षमता को मजबूत करना चाहती है, ताकि वे जिला स्तर को शामिल करते हुए अधिक विस्तृत सांख्यिकी तैयार कर सकें और स्थानीय योजना तथा नीति-निर्माण में उनका उपयोग कर सकें।

राज्य-स्तरीय सांख्यिकी और डिजिटल प्रसार पर इसी जोर को ध्यान में रखते हुए, एमओएसपीआई ने 'ई-सांख्यिकी' पोर्टल पर राज्य डैशबोर्ड लॉन्च किया है। यह डैशबोर्ड पोर्टल पर मौजूद विभिन्न सांख्यिकीय उत्पादों से चुने गए संकेतकों के लिए राज्य-स्तरीय डेटा को एक जगह लाता है। इसे प्रतिस्पर्धा संस्थान (इंस्टीट्यूट फॉर कॉम्पिटिटिवनेस) के सहयोग से विकसित किया गया है।

यह डैशबोर्ड वर्तमान में 10 व्यापक विषयों, जैसे कृषि, शिक्षा, काम और मजदूरी, तथा लैंगिक और समावेशन के अंतर्गत 21 सांख्यिकीय उत्पादों से जुड़े 283 संकेतकों को प्रस्तुत करता है। उपयोगकर्ता किसी राज्य और विषय का चयन करके उपलब्ध संकेतकों को देख सकते हैं, या किसी एक विषय को विभिन्न राज्यों के संदर्भ में देख सकते हैं। इसमें मौजूद इंटरैक्टिव चार्ट और फिल्टर डेटा को समझने में मदद करते हैं, जबकि साथ दिया गया मेटाडेटा और सांख्यिकीय नोट्स आंकड़ों की सही व्याख्या के लिए जरूरी संदर्भ प्रदान करते हैं। उपयोगकर्ता मूल डेटा और मेटाडेटा को डाउनलोड कर सकते हैं, साथ ही दृश्यता (विज़ुअलाइज़ेशन) को डाउनलोड या साझा भी कर सकते हैं। विभिन्न सांख्यिकीय उत्पादों के संकेतकों को एक साथ लाकर, उन्हें विषय-आधारित सुसंगत 'राज्य प्रोफाइल' (State profiles) में बदलने के माध्यम से, राज्य डैशबोर्ड डेटा की उपलब्धता से लेकर उसके प्रभावी उपयोग तक के सफर को मजबूत बनाता है।

इस पहल के जरिए, एमओएसपीआई देश के सांख्यिकीय तंत्र को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराता है। इसके लिए एमओएसपीआई तकनीक और नवाचार का उपयोग करके आधिकारिक आंकड़ों को अधिक सुलभ, पारदर्शी, परस्पर उपयोगी और बेहतर निर्णय लेने के लिए उपयोगी बनाता है। इस डैशबोर्ड का धीरे-धीरे विस्तार किया जाएगा और इसमें और भी संकेतक जोड़े जाएंगे। यह नीति-निर्माण, योजना और अनुसंधान के लिए राज्य-स्तरीय आंकड़ों तक पहुंच को बेहतर बनाने की एमओएसपीआई की निरंतर कोशिशों का एक हिस्सा है।

राज्य डैशबोर्ड को https://esankhyiki.mospi.gov.in पर मौजूद 'ई-सांख्यिकी' पोर्टल के माध्यम से देखा जा सकेगा।

****

पीके/केसी/आरटी/जेके


(रिलीज़ आईडी: 2342212) आगंतुक पटल : 12
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Gujarati , Urdu , Bengali , Bengali-TR , Tamil