प्रविष्टि तिथि:
23 NOV 2026 6:35PM by PIB Delhi
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के तहत भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने जनसंख्या स्वास्थ्य, गतिविधि, आहार और मानवमिति (एन्थ्रोपोमेट्री) के संकेतकों के मूल्यांकन के लिए सर्वेक्षण 2023-2025 के मुख्य निष्कर्ष जारी किए हैं। यह सर्वेक्षण जीवन के विभिन्न चरणों में एनीमिया और सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी के संबंध में राष्ट्रीय स्तर के व्यापक साक्ष्य प्रदान करता है।
संपदा वैश्विक स्तर पर किए गए सबसे बड़े और सबसे व्यापक पोषण सर्वेक्षणों में से एक है। इस सर्वेक्षण में 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 183 जिलों से 81,000 से अधिक परिवारों के 2 लाख से अधिक लोगों को शामिल किया गया। अलग-अलग उम्र, लिंग और शारीरिक समूहों के लोगों के 1.7 लाख से अधिक रक्त नमूनों का विश्लेषण करके उनमें हीमोग्लोबिन की मात्रा का पता लगाया गया।

संपदा की एक मुख्य विशेषता हीमोग्लोबिन के स्तर का अनुमान लगाने के लिए सबसे भरोसेमंद पद्धति का उपयोग करना है। इसमें नसों से रक्त के नमूने लेना और स्वचालित विश्लेषकों (ऑटोमेटेड एनालाइजर्स) का इस्तेमाल करना शामिल है। इससे परिणामों में अधिक सटीकता सुनिश्चित होती है और उन्हें सत्यापित करने की सुविधा भी मिलती है। इस सर्वेक्षण के सब-सैंपल में आयरन की स्थिति, फोलेट और विटामिन बी12 के साथ-साथ सी-रिएक्टिव प्रोटीन (सीआरपी) और अल्फा-1-एसिड ग्लाइकोप्रोटीन (एजीपी) जो संक्रमण का संकेत देने वाले बायोमार्कर हैं की भी जांच की गई, ताकि राष्ट्रीय स्तर पर इनकी व्यापकता दर का अनुमान लगाया जा सके।

संपदा के परिणाम एक उत्साहजनक बदलाव की ओर इशारा करते हैं, जो पिछले सर्वेक्षण की तुलना में एनीमिया के कुल प्रसार में कमी दिखाते हैं। यह अंतर विशेष रूप से 12 से 59 महीने के बच्चों में उल्लेखनीय है, जहां एनीमिया का प्रसार 42 प्रतिशत था। 10 से 19 वर्ष की किशोरियों में यह दर 46 प्रतिशत है; 10 से 19 वर्ष के किशोर लड़कों और 20 से 59 वर्ष के पुरुषों में यह दर 22 से 23 प्रतिशत के बीच है, जबकि गर्भधारण करने की आयु वाली महिलाओं में एनीमिया की दर 56 प्रतिशत है।

यह सर्वेक्षण बुजुर्गों के लिए राष्ट्रीय स्तर के अनुमान भी प्रदान करता है, जिससे एनीमिया का आकलन उस आयु वर्ग तक विस्तारित हो जाता है, जिसके लिए पहले राष्ट्रीय स्तर पर बहुत कम साक्ष्य उपलब्ध थे। इसके अलावा ये निष्कर्ष उम्र, लिंग, शारीरिक स्थिति और स्थान के आधार पर महत्वपूर्ण असमानताओं को सामने लाते हैं, जो यह बताते हैं कि सभी समूहों के लिए एक ही तरह की रणनीति अपनाने के बजाय, अलग-अलग आबादी वाले वर्गों के लिए उनकी जरूरतों के अनुसार विशेष दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता है।
रिपोर्ट की मुख्य बातें इस प्रकार हैं:
एनीमिया के अधिकांश मामले हल्के किस्म के होते हैं, जो समय रहते कदम उठाने के अवसर दर्शाते हैं। एनीमिया के कुल बोझ का एक बड़ा हिस्सा इन्हीं हल्के मामलों से बना है। एनीमिया से पीड़ित लगभग आधी महिलाओं, जिनमें गर्भवती और स्तनपान कराने वाली माताएं, किशोर लड़कियां और बच्चे शामिल हैं को हल्का एनीमिया होता है। मध्यम या गंभीर एनीमिया की तुलना में हल्के एनीमिया में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम काफी कम होता है। किशोर लड़कों, वयस्कों और बुजुर्ग पुरुषों में एनीमिया की दर काफी कम है, और जो लोग इससे प्रभावित हैं, उनमें से भी तीन-चौथाई लोगों को केवल हल्का एनीमिया ही है।
अधिकांश आयु समूहों में 2% से भी कम लोगों में गंभीर एनीमिया देखा गया

महिलाओं, किशोरियों और बच्चों में एनीमिया के लगभग आधे मामलों का कारण आयरन की कमी है। सूक्ष्म पोषक तत्वों (माइक्रोन्यूट्रिएंट्स) की स्थिति की समीक्षाओं से पता चलता है कि हालांकि एनीमिया के प्रति संवेदनशील समूहों में आयरन की कमी इसका मुख्य कारण है, लेकिन यह एनीमिया के कुल बोझ का केवल आधा हिस्सा ही है। इससे यह स्पष्ट होता है कि एनीमिया के विभिन्न पोषण संबंधी और गैर-पोषण संबंधी कारणों, जिनमें संक्रमण, हीमोग्लोबिनोपैथी (रक्त संबंधी विकार) और पुरानी बीमारियों से जुड़ा संक्रमण शामिल हैं पर एक साथ ध्यान देने की आवश्यकता है। हालांकि, अलग-अलग आबादी समूहों में एनीमिया से पीड़ित और एनीमिया से मुक्त दोनों तरह के लोगों में विटामिन बी12 और फोलेट की कमी का स्तर लगभग एक जैसा था। इससे पता चलता है कि भारत में एनीमिया के मामलों में इन सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी का योगदान सीमित है।
आयरन की कमी मुख्य रूप से जीवन के कुछ खास चरणों में और मध्यम से गंभीर एनीमिया के मामलों में देखने को मिलती है। संपदा के निष्कर्ष बताते हैं कि आयरन की कमी मुख्य रूप से कुछ खास समूहों तक ही सीमित है। इनमें 5 साल से कम उम्र के बच्चे, किशोर लड़कियां और गर्भधारण करने की आयु वाली महिलाएं शामिल हैं; जबकि किशोर लड़कों, पुरुषों और बुजुर्गों में आयरन की कमी काफी कम पाई जाती है। महत्वपूर्ण बात यह है कि मध्यम और गंभीर एनीमिया वाले लोगों में आयरन की कमी काफी अधिक पाई जाती है। एएमबी2.0 के अनुसार, ऐसे लोगों की पहचान करने के लिए जांच करना जरूरी है, ताकि उन्हें सही इलाज मिल सके और समस्या पूरी तरह ठीक होने तक उनकी निगरानी की जा सके।
भारत सरकार के स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के सचिव और आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल ने कहा कि संपदा सर्वेक्षण बच्चों, किशोरों, वयस्कों, गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं तथा बुजुर्गों में एनीमिया के राष्ट्रीय स्तर के अनुमान प्रदान करता है। यह सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी के बारे में भी विस्तृत जानकारी देता है, जिससे एनीमिया के संभावित कारणों की जांच करने में मदद मिलती है। यह उत्साहजनक है कि संपदा सर्वेक्षण में एनीमिया की व्यापकता, पिछले राष्ट्रीय सर्वेक्षण की तुलना में कम पाई गई है। संपदा सर्वेक्षण के माध्यम से एनीमिया का यह व्यापक विश्लेषण, 'एनीमिया मुक्त भारत' अभियान के तहत चल रहे राष्ट्रीय प्रयासों को और मजबूत करने के लिए एक ठोस आधार प्रदान करता है।
आईसीएमआर-एनआईएन की निदेशक भारती कुलकर्णी ने बताया कि ये निष्कर्ष एनीमिया की रोकथाम और प्रबंधन की उन रणनीतियों का समर्थन करते हैं जो अधिक लक्षित हैं, विशिष्ट जनसांख्यिकीय समूहों के अनुकूल हैं और जीवन के विभिन्न चरणों पर आधारित हैं। ये साक्ष्य उन क्षेत्रों की पहचान करने में मददगार हो सकते हैं, जहां और अधिक शोध और बेहतर निगरानी की आवश्यकता है।
विवरण इस लिंक से प्राप्त किए जा सकते हैं। https://www.nin.res.in/ebooks/Sampada_Anaemia_BM_Factsheet.pdf.
***
पीके/केसी/आरटी/आरकेजे