इलेक्ट्रानिक्स एवं आईटी मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

उत्तर प्रदेश के आईटी/आईटीईएस और स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए एसटीपीआई ने बरेली में अपने 75वें केंद्र का उद्घाटन किया


नया केंद्र रोहिलखंड क्षेत्र में प्रौद्योगिकी अवसंरचना को सुदृढ़ करने के साथ आईटी/आईटीईएस उद्यमों, स्टार्टअप और प्रौद्योगिकी आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देगा

इस पहल का उद्देश्य नवाचार को प्रोत्साहित करना, व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराना और क्षेत्र में रोजगार सृजन को बढ़ावा देना है

प्रविष्टि तिथि: 27 NOV 2026 9:52AM by PIB Delhi

सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई), इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) के अंतर्गत एक प्रमुख विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संगठन, ने उत्तर प्रदेश के बरेली में अपने केंद्र का उद्घाटन किया। इस केंद्र का उद्घाटन इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी तथा वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद ने किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण, जंतु उद्यान तथा जलवायु परिवर्तन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना; बरेली के सांसद श्री छत्रपाल सिंह गंगवार; राज्यसभा सांसद श्रीमती श्रुति गंगवार; एसटीपीआई के महानिदेशक श्री अरविंद कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

इस केंद्र का उद्घाटन एसटीपीआई के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसके साथ ही बरेली देश में एसटीपीआई का 75वां केंद्र बन गया है। इससे देशभर में एसटीपीआई के नेटवर्क का और विस्तार हुआ है तथा प्रमुख महानगरों से आगे देश के विभिन्न क्षेत्रों में प्रौद्योगिकी इकोसिस्टम को मजबूत करने की इसकी प्रतिबद्धता को बल मिला है। एसटीपीआई के 75 केंद्रों में से 67 केंद्र टियर-2 और टियर-3 शहरों में स्थित हैं। यह प्रौद्योगिकी अवसंरचना के विकेंद्रीकरण और क्षेत्रीय उद्यमिता को बढ़ावा देने पर इसके निरंतर ध्यान को दर्शाता है। लगभग 18.25 करोड़ रुपये के निवेश से दो एकड़ भूमि पर विकसित बरेली केंद्र क्षेत्रीय आईटी/आईटीईएस इकोसिस्टम को मजबूत करेगा और प्रौद्योगिकी उद्यमों तथा उभरते उद्यमियों को एक संस्थागत मंच उपलब्ध कराएगा।

केंद्रीय राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद ने कहा कि एसटीपीआई के बरेली केंद्र का उद्घाटन न केवल बरेली, बल्कि पूरे रोहिलखंड क्षेत्र, विशेषकर पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात है। अब उन्हें आईटी, स्टार्टअप, इन्क्यूबेशन, नवाचार और अनुसंधान के अवसरों के लिए मुंबई, नोएडा और हैदराबाद जैसे बड़े केंद्रों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। इसके बजाय उन्हें अपने क्षेत्र में ही विश्वस्तरीय तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे वे आने वाली पीढ़ियों का भविष्य संवारने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में भी योगदान दे सकेंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व तथा दीर्घकालिक नीतियों के तहत केंद्र और राज्य के बीच समन्वय विकास को गति दे रहा है। व्यापार और प्रौद्योगिकी भारत की प्रगति के दो प्रमुख आधार हैं। एक करोड़ युवाओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) में प्रशिक्षित करने, विदेशी निर्भरता कम करने और कोविड-19 महामारी जैसी बाधाओं के बाद आपूर्ति श्रृंखला को अधिक मजबूत बनाने के लिए सेमीकंडक्टर चिप निर्माण एवं पैकेजिंग इकोसिस्टम विकसित करने, डेटा सेंटर और सॉफ्टवेयर निर्यात का विस्तार करने तथा आत्मनिर्भर भारत को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता देश की तकनीकी आत्मनिर्भरता को गति दे रही है और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा कर रही है।

उन्होंने कहा कि आईटी क्षेत्र में भारत आज दुनिया की प्रतिभाओं की राजधानी के रूप में उभरा है। इसका आधार युवाओं का तकनीकी कौशल और डिजाइन क्षमताएं हैं। एसटीपीआई के माध्यम से निःशुल्क तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ कौशल विकास और सहायता प्रदान करने से यह सुनिश्चित होगा कि आर्थिक संसाधनों की कमी किसी भी प्रतिभा या उद्यम के विकास में बाधा न बने। स्थानीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई), आईटी उद्योग, वाणिज्य मंडल और उद्यमी जब इस केंद्र का पूरी क्षमता से उपयोग करेंगे, तो हम यहां अतिरिक्त भवनों और तकनीकी सुविधाओं का विस्तार करेंगे। डिजिटल इंडिया के तहत सामान्य सेवा केंद्र (सीएससी) भी ग्रामीण क्षेत्रों में आधार, बैंकिंग, बिजली बिल भुगतान और अन्य नागरिक सेवाओं तक पहुंच का विस्तार कर रहे हैं। एसटीपीआई के महानिदेशक श्री अरविंद कुमार और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए मुझे पूरा विश्वास है कि नोएडा, कानपुर, लखनऊ और गोरखपुर की तरह बरेली भी एक प्रमुख आईटी केंद्र के रूप में उभरेगा और पूरे रोहिलखंड क्षेत्र में तकनीकी एवं आर्थिक विकास को गति देगा।

उत्तर प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण, जंतु उद्यान तथा जलवायु परिवर्तन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि एसटीपीआई के बरेली केंद्र की स्थापना इस क्षेत्र के लिए एक स्वागतयोग्य पहल है। इससे प्रौद्योगिकी क्षेत्र में अवसरों का विस्तार होगा। बरेली और आसपास के क्षेत्रों में प्रतिभा एवं उद्यमिता की अपार संभावनाएं हैं। यह केंद्र युवाओं, स्टार्टअप और प्रौद्योगिकी उद्यमों को नए अवसर तलाशने, नवाचारी विचारों को विकसित करने और राज्य की आर्थिक प्रगति में योगदान देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराएगा।

बरेली के सांसद श्री छत्रपाल सिंह गंगवार ने कहा कि एसटीपीआई के बरेली केंद्र का उद्घाटन इस क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे प्रौद्योगिकी आधारित उद्यमिता को मजबूत आधार मिलेगा और इच्छुक उद्यमियों तथा युवा पेशेवरों को व्यापक अवसरों वाले इकोसिस्टम तक पहुंच प्राप्त होगी।

राज्यसभा सांसद श्रीमती श्रुति गंगवार ने कहा कि एसटीपीआई के बरेली केंद्र का उद्घाटन इस क्षेत्र, विशेषकर यहां की युवा प्रतिभाओं और उभरते उद्यमियों के लिए उत्साहजनक पहल है। प्रौद्योगिकी अवसंरचना और सहयोगी स्टार्टअप इकोसिस्टम तक पहुंच से स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने, नवाचारी सोच को प्रोत्साहन देने और पेशेवर विकास के नए अवसर सृजित करने में मदद मिलेगी।

सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया के महानिदेशक श्री अरविंद कुमार ने कहा कि बरेली केंद्र का उद्घाटन एसटीपीआई की यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसके साथ ही देशभर में हमारे केंद्रों की संख्या बढ़कर 75 हो गई है, जिनमें से 67 टियर-2 और टियर-3 शहरों में स्थित हैं। यह प्रमुख आईटी केंद्रों से आगे प्रौद्योगिकी अवसंरचना और उद्यमिता के अवसरों का विस्तार करने तथा उभरते क्षेत्रों को भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था में भागीदारी के लिए सक्षम बनाने की हमारी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। लगभग 18.25 करोड़ रुपये के निवेश से दो एकड़ भूमि पर विकसित बरेली केंद्र इस नेटवर्क में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह रोहिलखंड क्षेत्र में आईटी/आईटीईएस उद्यमों, स्टार्टअप और उभरते उद्यमियों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराएगा। अपने अवसंरचनात्मक संसाधनों, इन्क्यूबेशन पहलों और उद्योग जगत के साथ जुड़ाव के माध्यम से हमारा उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, व्यावसायिक विकास को सुगम बनाना और प्रौद्योगिकी आधारित नवाचारी उद्यमों के विकास में सहयोग देना है।

बरेली केंद्र की स्थापना से देशभर में एसटीपीआई की उपस्थिति का और विस्तार हुआ है। साथ ही, प्रमुख प्रौद्योगिकी केंद्रों से आगे आईटी/आईटीईएस उद्योग को बढ़ावा देने के प्रयासों को भी मजबूती मिली है। एसटीपीआई अपने केंद्रों, इन्क्यूबेशन सुविधाओं और उद्यमिता संबंधी पहलों के नेटवर्क के माध्यम से स्टार्टअप और प्रौद्योगिकी उद्यमों को अवसंरचना, उद्योग जगत से जुड़ाव तथा उत्पाद विकास और बौद्धिक संपदा सृजन के अवसर उपलब्ध करा रहा है।

इस कार्यक्रम में कई अन्य प्रमुख गणमान्य व्यक्ति और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

यह उद्घाटन उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय प्रौद्योगिकी इकोसिस्टम को मजबूत करने, उद्यमिता को प्रोत्साहित करने तथा सरकार, उद्योग जगत, शिक्षा जगत और स्टार्टअप के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से प्रौद्योगिकी आधारित आर्थिक विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

एसटीपीआई के बारे में:

एसटीपीआई, इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) के अंतर्गत एक प्रमुख विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संगठन है। यह आईटी/आईटीईएस उद्योग, नवाचार, अनुसंधान एवं विकास, स्टार्टअप तथा उभरते प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में उत्पादों और बौद्धिक संपदा के सृजन को बढ़ावा देने के लिए कार्य करता है। इन उभरते प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में इंटरनेट ऑफ थिंग्स, ब्लॉकचेन, एआई, मशीन लर्निंग, कंप्यूटर विजन, रोबोटिक्स, ऑगमेंटेड एवं वर्चुअल रियलिटी, एनिमेशन एवं विजुअल इफेक्ट्स तथा डेटा साइंस एवं एनालिटिक्स शामिल हैं। एसटीपीआई गेमिंग, फिनटेक, एग्रीटेक, मेडटेक, स्वायत्त एवं कनेक्टेड मोबिलिटी, इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एवं विनिर्माण (ईएसडीएम), साइबर सुरक्षा, इंडस्ट्री 4.0 और ड्रोन जैसे क्षेत्रों में भी नवाचार को सहयोग प्रदान करता है।

****

पीके/केसी/आरटी/एचएन/एनजे


(रिलीज़ आईडी: 2342409) आगंतुक पटल : 195
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Gujarati , Urdu , Bengali-TR , Tamil