प्रविष्टि तिथि:
26 NOV 2026 5:32PM by PIB Delhi
नीति आयोग के अटल इनोवेशन मिशन का समर्थन प्राप्त अटल इन्क्यूबेशन सेंटर (एआईसी), आईआईटी दिल्ली–सोनीपत इनोवेशन फाउंडेशन, भारत खनन सप्ताह 2027 में राष्ट्रीय स्टार्टअप पहुंच और इकोसिस्टम साझेदार के रूप में शामिल हुआ है। भारत सरकार के कोयला मंत्रालय और खान मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित तथा एमजीएमआई और इन्फॉर्मा मार्केट्स इंडिया द्वारा सह-आयोजित भारत खनन सप्ताह का आयोजन 24 से 26 फरवरी 2027 तक नई दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा। इस साझेदारी के अंतर्गत एआईसी आईआईटी दिल्ली खनन, कोयला, खनिज और संबंधित क्षेत्रों में कार्यरत स्टार्टअप, डीप-टेक उद्यमियों, शोधकर्ताओं और नवाचारकर्ताओं को भारत खनन सप्ताह से जोड़ने के देशव्यापी अभियान का नेतृत्व करेगा। एआईसी आईआईटी दिल्ली के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री आलोक पांडे इस स्टार्टअप आउटरीच पहल के राष्ट्रीय समन्वयक के रूप में कार्य करेंगे। एआईसी आईआईटी दिल्ली देशभर के इन्क्यूबेशन केंद्रों, आईआईटी, एनआईटी, विश्वविद्यालयों, अनुसंधान प्रयोगशालाओं और नवाचार नेटवर्क के साथ मिलकर संभावित स्टार्टअप की पहचान करेगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्वदेशी प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देना, उद्योग और स्टार्टअप के बीच साझेदारी को प्रोत्साहित करना तथा प्रायोगिक परियोजनाओं, तकनीकी सत्यापन और व्यावसायीकरण के अवसर उपलब्ध कराना है।
स्टार्टअप पवेलियन में निःशुल्क स्टॉल की सुविधा
एआईसी आईआईटी दिल्ली के माध्यम से आवेदन करने वाले चयनित स्टार्टअप को एक विशेष स्टार्टअप पवेलियन में निःशुल्क प्रदर्शनी स्टॉल उपलब्ध कराए जाएंगे। यह पवेलियन स्टार्टअप को अपने उत्पादों, प्रोटोटाइप और तकनीकी समाधानों को प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करेगा। जहां उन्हें सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू), खनन कंपनियों, खनिज संपदा से समृद्ध राज्यों, अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) संगठनों, निवेशकों तथा भाग लेने वाले देशों के उद्योग प्रतिनिधियों के समक्ष अपनी तकनीकों को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
आठ प्रमुख क्षेत्र
- खनन प्रौद्योगिकी एवं स्मार्ट माइनिंग
- महत्वपूर्ण खनिज एवं खनिज अन्वेषण
- खनन उपकरण एवं औद्योगिक स्वचालन
- एआई, रोबोटिक्स एवं डिजिटल प्रौद्योगिकियां
- खदान सुरक्षा एवं जोखिम प्रबंधन
- सतत विकास एवं हरित खनन
- खनिज प्रसंस्करण एवं उन्नत सामग्री
- अन्य खनन एवं संबंधित प्रौद्योगिकियां
अन्य क्षेत्रों में कार्यरत ऐसे स्टार्टअप को भी आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिनकी प्रौद्योगिकियों को खनन और औद्योगिक क्षेत्र की चुनौतियों के समाधान के लिए उपयोग में लाया जा सकता है। एआईसी आईआईटी दिल्ली के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री आलोक पांडे ने कहा, "भारत के खनन और खनिज क्षेत्र में डीप-टेक नवाचार तथा स्वदेशी प्रौद्योगिकी के विकास की अपार संभावनाएं हैं। इस पहल के माध्यम से हमारा उद्देश्य एआईसी आईआईटी दिल्ली को ऐसे स्टार्टअप के लिए एक सहयोगी मंच के रूप में विकसित करना है, जो सरकार, उद्योग और निवेश नेटवर्क के साथ सार्थक जुड़ाव स्थापित करना चाहते हैं। यह पहल आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत 2047 के व्यापक दृष्टिकोण में योगदान देगी।"
पात्रता
- स्टार्टअप भारत में स्थित हो या कानूनी रूप से पंजीकृत व्यावसायिक इकाई हो।
- प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के रूप में पंजीकृत हो।
- डीपीआईआईटी मान्यता प्राप्त स्टार्टअप को प्राथमिकता दी जाएगी, हालांकि यह अनिवार्य नहीं है।
- खनन, खनिज या संबंधित क्षेत्रों के लिए कोई नवाचार उत्पाद, प्रौद्योगिकी या समाधान उपलब्ध हो।
- प्रोटोटाइप, न्यूनतम व्यवहार्य उत्पाद (एमवीपी), प्रायोगिक परियोजना या व्यावसायिक उपयोग के चरण में होना चाहिए।
आवेदन कैसे करें?
इन्क्यूबेशन केंद्रों, शैक्षणिक संस्थानों, अनुसंधान संगठनों और उद्योग संघों को इस अवसर की जानकारी अपने स्टार्टअप नेटवर्क के साथ साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।
- आवेदन की अंतिम तिथि: 15 दिसंबर 2026
- स्टॉल शुल्क: चयनित स्टार्टअप के लिए निःशुल्क।
आवेदन लिंक: https://forms.gle/hoRfFd3b7vCtJHSC8
आधिकारिक वेबसाइट: https://www.indiaminingweek.org
****
पीके/केसी/आरटी/जेके/केके