कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय 28 नवंबर, 2026 को हरिद्वार में संयुक्त रूप से नव्या 2.0 का शुभारंभ करेंगे


24 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के 100 जिलों में कौशल विकास, आत्मविश्वास निर्माण और आजीविका के अवसरों के माध्यम से किशोरियों एवं युवतियों को सशक्त बनाने की संयुक्त पहल

प्रविष्टि तिथि: 27 NOV 2026 12:02PM by PIB Delhi

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय (एमडब्ल्यूसीडी) तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) 28 नवंबर, 2026 को अपराह्न 3:30 बजे उत्तराखंड संस्कृत अकादमी सभागार, हरिद्वार में संयुक्त रूप से नव्या (युवतियों और किशोरियों के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण के माध्यम से आकांक्षाओं को प्रोत्साहन) के दूसरे चरण नव्या 2.0 का शुभारंभ करेंगे। इसके प्रायोगिक चरण से प्राप्त अनुभवों के आधार पर नव्या 2.0 का उद्देश्य किशोरियों और युवतियों की आकांक्षाओं को प्रोत्साहित करके, उनकी क्षमताओं को मजबूत बनाकर तथा उनमें आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और आर्थिक स्वतंत्रता विकसित करने के अवसर उपलब्ध कराकर महिला नेतृत्व वाले विकास को आगे बढ़ाना है।

इस कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी; कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री श्री जयंत चौधरी; उत्तराखंड सरकार की महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती रेखा आर्य; उत्तराखंड सरकार के पंचायती राज, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, आयुष एवं आयुष शिक्षा, पुनर्गठन तथा जनगणना मंत्री श्री मदन कौशिक और उत्तराखंड के लोकसभा सांसद श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री औपचारिक रूप से नव्या 2.0 का शुभारंभ करेंगे। उत्तराखंड में सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों तथा प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महा अभियान (पीएम जनमन) के अंतर्गत निर्मित नए आंगनवाड़ी केंद्रों का उद्घाटन भी किया जाएगा। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पीएमकेवीवाई) के अंतर्गत प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए जाएंगे।

नव्या: आकांक्षाओं को प्रोत्साहन और सशक्तीकरण को बढ़ावा

नव्या महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की एक संयुक्त पहल है। इसके माध्यम से किशोरियों और युवतियों को सशक्त बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास तथा कौशल विकास से जुड़े तंत्रों की क्षमताओं को एक साथ लाया गया है। यह पहल इस बात को मान्यता देती है कि सशक्तीकरण केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें आकांक्षाओं को प्रोत्साहित करना, आत्मविश्वास बढ़ाना, क्षमताओं का विकास करना और भविष्य के बारे में सोच-समझकर निर्णय लेने में सक्षम बनाना भी शामिल है।

इस पहल का प्रायोगिक चरण 24 जून, 2025 को उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में शुरू किया गया था। इसके अंतर्गत 19 राज्यों के 27 आकांक्षी जिलों को शामिल करने की परिकल्पना की गई थी। लगभग 1,200 किशोरियों को उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप ड्रोन निर्माण एवं असेंबली तकनीशियन, सोलर पीवी इंस्टॉलेशन सहायक और फैशन डिजाइनर जैसे रोजगारपरक कार्यों में प्रशिक्षण दिया गया। इस पहल में डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता, करियर के लिए तैयारी और उद्यमिता पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि किशोरियों का आत्मविश्वास बढ़े और वे सामाजिक एवं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।

नव्या 2.0: सशक्तीकरण के दायरे का विस्तार

प्रायोगिक चरण से प्राप्त अनुभवों के आधार पर नव्या 2.0 का विस्तार 24 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के 100 जिलों तक किया जाएगा। इसमें विशेष रूप से आकांक्षी और दुर्गम क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इस पहल के लिए पात्र आयु वर्ग को भी 16-18 वर्ष से बढ़ाकर 16-25 वर्ष कर दिया गया है, जिससे अधिक संख्या में किशोरियों और युवतियों को इसके दायरे में लाया जा सकेगा।

इस विस्तारित पहल के अंतर्गत उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक और गैर-पारंपरिक रोजगारपरक कार्यों में व्यावसायिक प्रशिक्षण के अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। रोजगार, अप्रेंटिसशिप और उद्यमिता के अवसरों तक पहुंच को भी मजबूत किया जाएगा। इसमें संस्थागत समन्वय, जिला स्तर पर समन्वित कार्यान्वयन और परिणामोन्मुखी सहायता पर विशेष जोर दिया गया है। जिला स्तर पर प्रभावी समन्वय और कार्यान्वयन को सुगम बनाने के लिए एक व्यवस्थित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी लागू की गई है।

प्रौद्योगिकी आधारित कार्यान्वयन

कौशल भारत डिजिटल हब (एसआईडीएच) कौशल विकास के अवसरों तक पहुंच सुगम बनाने और नामांकन से लेकर प्रशिक्षण एवं प्रमाणन तक अभ्यर्थियों की पूरी यात्रा में सहयोग प्रदान करने के लिए डिजिटल मंच के रूप में कार्य करेगा। यह लाभार्थियों के पंजीकरण, उपस्थिति, प्रशिक्षण की प्रगति और प्रमाणन की वास्तविक समय में निगरानी भी संभव बनाएगा, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही मजबूत होगी। डिजिटल रूप से सत्यापन योग्य प्रमाणपत्र अभ्यर्थियों को अपने कौशल और दक्षताओं को प्रमाणित करने में भी मदद करेंगे।

महिला नेतृत्व वाले विकास को बढ़ावा

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के बीच समन्वय के माध्यम से नव्या 2.0 का उद्देश्य ऐसा अनुकूल इकोसिस्टम तैयार करना है, जिसमें किशोरियां और युवतियां, विशेषकर आकांक्षी एवं वंचित क्षेत्रों की युवतियां, अपनी क्षमताओं को पहचान सकें, अपनी आकांक्षाओं को पूरा कर सकें और आर्थिक एवं सामाजिक विकास में सार्थक योगदान दे सकें।

नव्या 2.0 आकांक्षाओं को अवसरों में और अवसरों को सशक्तीकरण में बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह प्रत्येक युवती को अपना भविष्य संवारने और विकसित भारत के विजन में योगदान देने के लिए सक्षम बनाएगा।

****

पीके/केसी/आरटी/एचएन/एनजे


(रिलीज़ आईडी: 2342453) आगंतुक पटल : 64
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Gujarati , Urdu