विद्युत मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

विद्युत मंत्रियों का दो दिवसीय सम्मेलन नई दिल्ली में शुरू


अगले दो दशकों में विद्युत क्षेत्र में 200 लाख करोड़ रुपये के निवेश की संभावनाएं

सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता: श्री मनोहर लाल

प्रविष्टि तिथि: 27 NOV 2026 12:40PM by PIB Delhi

विद्युत मंत्रियों का दो दिवसीय सम्मेलन आज नई दिल्ली में शुरू हुआ। 27-28 नवंबर, 2026 को आयोजित इस सम्मेलन में 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के विद्युत मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और विद्युत नियामक भाग ले रहे हैं। सम्मेलन की अध्यक्षता केंद्रीय विद्युत एवं आवासन और शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल कर रहे हैं। इससे पहले यह सम्मेलन वर्ष 2024 में आयोजित किया गया था।

यह सम्मेलन भारत के विद्युत क्षेत्र की प्रमुख नीतिगत प्राथमिकताओं और उनके कार्यान्वयन से जुड़ी चुनौतियों पर केंद्र और राज्यों के बीच विचार-विमर्श का मंच है। इसमें ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने, विद्युत अवसंरचना और क्षेत्रीय सुधारों में तेजी लाने पर विशेष रूप से चर्चा की जा रही है।

श्री मनोहर लाल ने सम्मेलन में भाग लेने वाले राज्यों के विद्युत मंत्रियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया और विद्युत क्षेत्र के विकास के लिए केंद्र और राज्यों के बीच मिलकर काम करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भारत ने विद्युत उत्पादन क्षमता के विस्तार, नवीकरणीय ऊर्जा के एकीकरण और राष्ट्रीय ग्रिड को मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। हमारी विकास यात्रा के अगले चरण में विद्युत क्षेत्र की योजना बनाने के लिए अधिक एकीकृत दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता है, जिसमें विद्युत उत्पादन, ऊर्जा भंडारण, पारेषण और वितरण को एक ही प्रणाली के परस्पर जुड़े घटकों के रूप में ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई जाएं। उन्होंने राज्यों से स्मार्ट मीटर लगाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इससे उपभोक्ताओं को कई महत्वपूर्ण लाभ मिलेंगे। श्री मनोहर लाल ने ताया कि राज्यों के सहयोग और विद्युत मंत्रालय की विभिन्न पहलों के परिणामस्वरूप बिजली वितरण कंपनियां (डिस्कॉम) लंबे समय के बाद लाभ की स्थिति में पहुंची हैं।

श्री मनोहर लाल ने कहा कि देश के विद्युत क्षेत्र में अगले दो दशकों के दौरान 200 लाख करोड़ रुपये के निवेश की संभावनाएं हैं। इस लक्ष्य को साकार करने के लिए सभी हितधारकों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए हमें निजी क्षेत्र के साथ भी मिलकर काम करना होगा।

श्री मनोहर लाल ने राज्यों और डिस्कॉम की सराहना करते हुए कहा कि वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान सभी डिस्कॉम ने सामूहिक रूप से कर-पश्चात लाभ दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि डिस्कॉम की वित्तीय स्थिति और मजबूत हो तथा नीतियों, परिचालन और विनियमन में आवश्यक बदलावों के माध्यम से इस सकारात्मक बदलाव को निरंतर बनाए रखा जा सके।

श्री मनोहर लाल ने सम्मेलन के प्रमुख एजेंडे की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें विद्युत मंत्रालय, राज्यों और अन्य हितधारकों के बीच विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर संवाद और विस्तृत चर्चा होगी। इनमें ऊर्जा भंडारण क्षमता में तेजी लाने सहित संसाधन पर्याप्तता (आरए) योजनाओं का कार्यान्वयन, अंतरराज्यीय और राज्य के भीतर पारेषण से जुड़े मुद्दे, विद्युत वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) की वित्तीय व्यवहार्यता, पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) का कार्यान्वयन, विशेष रूप से स्मार्ट मीटर लगाने, फीडर पृथक्करण और घरों तक बिजली पहुंचाने पर जोर तथा परमाणु ऊर्जा स्थलों से संबंधित मुद्दे शामिल हैं।

विद्युत राज्य मंत्री श्री श्रीपाद येसो नाइक ने भाग लेने वाले राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से सम्मेलन के दौरान अपने अनुभव साझा करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इसमें कार्यान्वयन से जुड़ी कठिनाइयों, नियामक संबंधी मुद्दों और उन क्षेत्रों पर चर्चा की जानी चाहिए, जहां केंद्र सरकार से अतिरिक्त सहयोग या हस्तक्षेप की आवश्यकता हो सकती है। श्री नाइक ने कहा कि हमारा सामूहिक ध्यान नीतियां बनाने से आगे बढ़कर उनके प्रभावी कार्यान्वयन, अवसंरचना के निर्माण से आगे बढ़कर मापनीय परिणाम प्राप्त करने तथा अलग-अलग पहलों से आगे बढ़कर एकीकृत और सतत विद्युत क्षेत्र के विकास पर होना चाहिए।

विद्युत मंत्रालय के सचिव श्री पंकज अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को पूरा करने के लिए ऊर्जा सुरक्षा से आगे बढ़कर वास्तविक ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ना है। उन्होंने कहा कि पिछला वर्ष रिकॉर्ड वृद्धि का वर्ष रहा है। उन्होंने बताया कि भारत की कुल स्थापित विद्युत उत्पादन क्षमता अब लगभग 563 गीगावाट हो गई है, जिसमें 55 प्रतिशत से अधिक क्षमता गैर-जीवाश्म स्रोतों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 महीनों में लगभग 60 गीगावाट नई क्षमता जोड़ी गई है, जिसमें से 87 प्रतिशत क्षमता गैर-जीवाश्म स्रोतों से प्राप्त हुई है।

28 नवंबर को आयोजित होने वाले प्रमुख सत्रों में नियामक मंच और राज्य विद्युत नियामक आयोगों (एसईआरसी) के साथ संयुक्त सत्र शामिल होगा। इस सत्र में राज्य के विद्युत मंत्री, एसईआरसी के अध्यक्ष, राज्यों के विद्युत/ऊर्जा सचिव और मंत्रालय के अधिकारी विद्युत क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।

सम्मेलन में भाग लेने वाले राज्यों में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, त्रिपुरा, सिक्किम, छत्तीसगढ़, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा, राजस्थान, बिहार और झारखंड शामिल हैं।

सम्मेलन में भाग लेने वाले केंद्र शासित प्रदेशों में दिल्ली, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पुडुचेरी, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह, लक्षद्वीप तथा दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव शामिल हैं।

सम्मेलन में विद्युत मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और भाग लेने वाले राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि भी शामिल हो रहे हैं।

***

पीके/केसी/आरटी/वीके/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2342464) आगंतुक पटल : 28
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English