प्रविष्टि तिथि:
27 NOV 2026 1:58PM by PIB Delhi
उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन 28 नवंबर से 12 दिसंबर, 2026 तक वाराणसी में होने वाले काशी तमिल संगमम् (केटीएस) के पांचवें आयोजन का उद्घाटन करेंगे। केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह समापन सत्र में शामिल होंगे।
इस आयोजन में 1,400 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। इसका उद्देश्य तमिलनाडु और काशी के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, भाषाई और सभ्यतागत संबंधों का उत्सव मनाना तथा इन ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करना है।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण से प्रेरित यह पहल दोनों क्षेत्रों के बीच संबंधों को और मजबूत करने तथा 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास है। काशी तमिल संगमम् का पांचवां आयोजन तमिल साहित्य की सर्वाधिक प्रसिद्ध रचनाओं में से एक 'तिरुक्कुरल' के शाश्वत ज्ञान और नैतिक शिक्षाओं से प्रतिभागियों को अवगत कराएगा।
इस आयोजन का संचालन केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा आईआईटी मद्रास, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, शास्त्रीय तमिल केंद्रीय संस्थान, उत्तर प्रदेश सरकार तथा केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के सहयोग से किया जा रहा है।
केटीएस 5.0 की थीम – “तिरुक्कुरल पयिल्वोम – तिरुक्कुरल अभ्यास करें”
काशी तमिल संगमम् 5.0 की थीम “तिरुक्कुरल पयिल्वोम – तिरुक्कुरल अभ्यास करें” जिसका अर्थ है “आइए, तिरुक्कुरल का अध्ययन करें।” इसका मुख्य उद्देश्य तिरुक्कुरल के शाश्वत ज्ञान के प्रति विशेष रूप से विद्यार्थियों और युवाओं के बीच जागरूकता और समझ विकसित करना है। इसके साथ ही भारत की समृद्ध साहित्यिक परंपराओं और अमूल्य सांस्कृतिक विरासत के प्रति सराहना को प्रोत्साहित करना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है।
तिरुक्कुरल : तमिल साहित्य की अमूल्य धरोहर
प्रसिद्ध तमिल कवि और दार्शनिक तिरुवल्लुवर द्वारा रचित तिरुक्कुरल तमिल साहित्य की सबसे कालजयी रचनाओं में से एक है। यह ग्रंथ पीढ़ियों से मानव जीवन को मार्गदर्शन प्रदान करता आ रहा है।
इसमें कुल 1,330 दोहे हैं जिनमें नैतिकता, शासन व्यवस्था, मानवीय संबंधों, करुणा, अनुशासन और जिम्मेदार जीवन जीने के सिद्धांतों का वर्णन किया गया है।
तिरुक्कुरल को तीन प्रमुख भागों अरम (सदाचार एवं नैतिकता) पोरुल (धन एवं शासन) और इनबम (प्रेम एवं मानवीय संबंध) में विभाजित किया गया है।
यह ग्रंथ नैतिक आचरण, सामाजिक जीवन और मानवीय संबंधों के आदर्शों को प्रस्तुत करता है तथा आज भी प्रासंगिक मार्गदर्शन प्रदान करता है।
प्रतिनिधि एवं यात्रा कार्यक्रम
तमिलनाडु से लगभग 1,400 प्रतिभागी सात समूहों में विभाजित होकर काशी तमिल संगमम् 5.0 के तहत आठ दिवसीय यात्रा में शामिल होंगे। प्रत्येक समूह में लगभग 200 प्रतिभागी होंगे। इस यात्रा में चार दिन आवागमन और चार दिन भ्रमण एवं सुव्यवस्थित कार्यक्रमों के लिए निर्धारित किए गए हैं। यात्रा कार्यक्रम में वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या शामिल हैं, जहां सांस्कृतिक, शैक्षणिक, विषय-विशेष और आध्यात्मिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
प्रतिभागियों की सात श्रेणियां
इस आयोजन में निम्नलिखित सात श्रेणियों के प्रतिभागी शामिल होंगे:
- विद्यार्थी
- शिक्षक
- लेखक एवं मीडिया पेशेवर
- कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र के प्रतिनिधि
- पेशेवर एवं शिल्पकार
- महिलाएं
- आध्यात्मिक धर्मगुरु
वाराणसी प्रवास के दौरान प्रतिनिधि काशी विश्वनाथ मंदिर, रामनगर किला और भारत माता मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण करेंगे।
यात्रा कार्यक्रम में गंगा आरती, गंगा स्नान, शैक्षणिक सत्रों में भागीदारी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता शामिल है।
इसके बाद प्रतिनिधि प्रयागराज स्थित त्रिवेणी संगम और अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर का भी भ्रमण करेंगे।
तमिलनाडु और काशी के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को विशेष रूप से रेखांकित करने के लिए एक विशेष तमिल विरासत सर्किट तैयार किया गया है।
इसके अंतर्गत प्रतिनिधि महाकवि सुब्रमण्यम भारती का पैतृक घर, केदार घाट और काशी मठम् (लिटिल तमिलनाडु) तथा काशी हिंदू विश्वविद्यालय के तमिल विभाग का दौरा करेंगे।
इस यात्रा का उद्देश्य तमिलनाडु और काशी के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षणिक और आध्यात्मिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करना है।
विद्यार्थियों के सहभागिता कार्यक्रम
तिरुक्कुरल के बारे में विभिन्न शैक्षणिक विषयों और भाषाई पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों में व्यापक समझ विकसित करने के उद्देश्य से देशभर के 1,000 उच्च शिक्षण संस्थानों के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर विद्यार्थी सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें व्यवस्थित अध्ययन, शोध और परिसर आधारित गतिविधियां शामिल होंगी।
- प्रत्येक सहभागी संस्थान तिरुक्कुरल पर अपने इच्छुक विद्यार्थियों का मूल्यांकन करेगा और योग्यता के आधार पर एक विद्यार्थी को नामित करेगा।
- चयनित विद्यार्थियों को ऑनलाइन शैक्षणिक अभिमुखीकरण कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर मिलेगा। यह कार्यक्रम 22 भाषाओं और अंग्रेजी में आयोजित किया जाएगा।
- इसके बाद एक महीने का शोध एवं शैक्षणिक सहभागिता कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके लिए शास्त्रीय तमिल केंद्रीय संस्थान द्वारा बहुभाषी अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम के दिशा-निर्देशों और निर्धारित आवश्यकताओं को पूरा करने वाले प्रत्येक पात्र चयनित विद्यार्थी को 10,000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
- प्रत्येक विद्यार्थी को संकाय मार्गदर्शक के निर्देशन में 4 से 10 पृष्ठों का लेख अथवा शोध-पत्र तैयार करना होगा तथा अपने संस्थान में तिरुक्कुरल पर एक घंटे की प्रस्तुति देनी होगी।
उत्तर प्रदेश के विद्यालयों में तिरुक्कुरल का शिक्षण
काशी तमिल संगमम् के दौरान तमिलनाडु के 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे और यहां के विद्यालयों में तिरुक्कुरल का शिक्षण करेंगे।
इसके अतिरिक्त, तमिलनाडु के तिरुक्कुरल विशेषज्ञ वाराणसी के विद्यालयों का भी दौरा करेंगे। वे अभिमुखीकरण मॉड्यूल, संवादात्मक सत्रों और प्रश्नोत्तरी के माध्यम से विद्यार्थियों को इस महान ग्रंथ के मूलभूत मूल्यों एवं शिक्षाओं से परिचित कराएंगे।
विद्यालयों में पठन सत्र
नेशनल बुक ट्रस्ट, राष्ट्रीय ई-पुस्तकालय के सहयोग से वाराणसी के विद्यालयों में संवादात्मक सत्र आयोजित करेगा।
इन सत्रों में निम्नलिखित विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा:
- विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित करना।
- कहानी सुनाने की कला को प्रोत्साहित करना।
- रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सीखने के अवसर प्रदान करने जैसी गतिविधि शामिल है।
शैक्षणिक गतिविधियां, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं क्षेत्रीय हस्तशिल्प प्रदर्शनियां
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, भारतीय भाषा समिति के सहयोग से तिरुक्कुरल पर एक राष्ट्रीय सम्मेलन का सह-आयोजन करेगा।
इसमें तिरुक्कुरल पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, तिरुक्कुरल पर लघु फिल्मों की स्क्रीनिंग का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य आयोजन स्थल पर तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश के हस्तशिल्प एवं हथकरघा उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
डिजिटल एवं जनसंपर्क गतिविधियां
काशी तमिल संगमम् 5.0 में आधुनिक तकनीक का उपयोग करके तिरुक्कुरल की शिक्षाओं को देशभर के व्यापक जनसमुदाय तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस दिशा में शास्त्रीय तमिल केंद्रीय संस्थान (सीआईसीटी) की प्रमुख पहलें निम्नलिखित हैं:
- बहुभाषी तिरुक्कुरल ऐप: इसमें तिरुक्कुरल के सभी 1,330 दोहे 22 अनुसूचित भाषाओं में अनुवाद सहित उपलब्ध हैं।
- लघु एनिमेटेड वीडियो एवं फिल्में: तिरुक्कुरल के चुनिंदा दोहों की शिक्षाओं को सरल और रोचक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।
- तिरुक्कुरल ऑडियोबुक: लोगों को ऑडियो माध्यम से इस महान साहित्यिक ग्रंथ का अध्ययन करने की सुविधा मिलेगी।
अधिक जानकारी एवं सहभागिता के लिए
***
पीके/केसी/आरटी/जेके/एचबी