57th International Film Festival of India 2026
20 – 28 Nov 2026

भारतीय पैनोरमा ने 57वें इफ्फी में ऑडियो विवरण और क्लोज्ड कैप्शन के माध्यम से समावेशी सिनेमा को बढ़ावा दिया


57वें इफ्फी में 25 से अधिक फिल्मों में ऑडियो विवरण और क्लोज्ड कैप्शन की सुविधा होगी

प्रविष्टि तिथि: 27 NOV 2026 3:55PMby PIB Delhiरिलीज़ आईडी: 2342607Views: 22

सिनेमा एक सार्वभौमिक भाषा है, जो कहानियों, भावनाओं और अनुभवों के माध्यम से लोगों को एक-दूसरे से जोड़ती है, जहां अनेक दर्शक सिनेमा के जादू का अनुभव प्रभावशाली दृश्यों और बिना कहे व्‍यक्‍त की गई भावनाओं के माध्यम से करते हैं, वहीं वास्तविक समावेशिता तभी सुनिश्चित होती है, जब इन अदृश्य क्षणों को दर्शक समुदाय के प्रत्‍येक सदस्‍य के लिए सुलभ बनाए जाएं। समावेशिता की इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए 57वें इफ्फी 2026 के भारतीय पैनोरमा खंड के अंतर्गत विभिन्न प्रकार की सुगम्‍यता संबंधी आवश्यकताओं वाले दर्शकों के लिए सिनेमाई अनुभव का विस्तार किया जा रहा है।

सिनेडब्‍स के सहयोग से इस पहल के अंतर्गत आईएनओएक्‍स-2 में प्रदर्शित की जा रही 25 चयनित फीचर फिल्मों के लिए ऑडियो विवरण और क्लोज्ड कैप्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे दृष्टिबाधित और श्रवणबाधित व्यक्ति फिल्मों की कहानियों से रोचक एवं सार्थक ढंग से जुड़ सकेंगे। यह पहल विभिन्न सुगम्‍यता संबंधी आवश्यकताओं वाले दर्शकों के लिए इस महोत्सव के अनुभव को अधिक समावेशी बनाने के इफ्फी के व्यापक प्रयासों का हिस्सा है।

57वां इफ्फी 'सबका मनोरंजन' के संकल्प को पूरे उत्‍साह के साथ आगे बढ़ा रहा है। इसका उद्देश्‍य विविधता, सुगम्‍यता और समावेशिता का उत्सव मनाने वाला ऐसा फिल्‍म महोत्सव आयोजित करना है, जो इन क्षेत्रों में नई संभावनाओं के द्वार खोले। इस दृष्टिकोण को साकार करने के लिए सिनेडब्‍स मोबाइल एप्लिकेशन दर्शकों को फिल्म प्रदर्शन के दौरान हैडफोन का इस्‍तेमाल करके अपने व्‍यक्तिगत स्‍मार्टफोन पर ऑडियो विवरण तथा क्लोज्ड कैप्शन की सुविधा प्राप्त करने में सक्षम बना रहा है। इससे सिनेमा का अनुभव वास्तव में साझा और सभी सिनेमा प्रेमियों के लिए सुलभ बन रहा है।  

इस दिशा में एक महत्‍वपूर्ण पहल करते हुए ऑडियो विवरण के माध्यम से प्रमुख दृश्यात्मक जानकारियों का वर्णन किया जाता है। इनमें पात्रों की गतिविधियों, दृश्यों की पृष्ठभूमि, चेहरे के भाव तथा ऐसे अन्य तत्व शामिल हैं, जिन्हें संवादों के माध्यम से व्यक्त नहीं किया जा सकता। वहीं, क्लोज्ड कैप्शन संवादों, ध्वनि प्रभावों और अन्य प्रासंगिक श्रव्य संकेतों को लिखित रूप में प्रस्तुत करके श्रव्‍य अनुभव को दृश्‍य रूप प्रदान करता है। इससे श्रवणबाधित व्‍यक्तियों के लिए फिल्में अधिक सुलभ हो जाती हैं।

ये सुविधाएं नियमित फिल्म प्रदर्शन के साथ-साथ काम करती हैं और दर्शकों को बिना किसी व्‍यवधान के वास्तविक समय में फिल्म की कहानी समझने में सक्षम बनाती है। इस प्रकार 57वें इफ्फी के भारतीय पैनोरमा खंड की ये पहल यह सुनिश्चित करने की दिशा में एक सार्थक कदम है कि सुगम्‍यता संबंधी आवश्‍यकताएं चाहे जो भी हो, प्रत्‍येक व्‍यक्ति सिनेमा के जादूई अनुभव का आनंद ले सके।

इस पहल के अंतर्गत प्रदर्शित की जा रही 25 चयनित फीचर फिल्में निम्‍नलिखित हैं -

  1. धुरंधर
  2. उरुम
  3. थाई किझवी
  4. रूबी-क्यूब
  5. बनारस
  6. सूर्यमुखी
  7. सिंग गीतम
  8. ओह माय डॉग
  9. पगला घोड़ा
  10. आदि अनंत
  11. लालो - कृष्ण सदा सहायते
  12. द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो: एलियंस का आगमन
  13. बाप्या
  14. देऊल बंद 2
  15. कृष्णावतारम्
  16. मन शंकर वर प्रसाद गारू (पंडगा की वस्तुन्नारु)
  17. स्क्रॉल
  18. कबीर सर का आखिरी लेसन
  19. प्रत्यावर्तन
  20. हनुमान अंश
  21. सेव मिचार
  22. स्लेज
  23. द केरल स्टोरी 2 गोज बियॉन्ड
  24. चेन्नई लव स्टोरी
  25. तिघी

फिल्म प्रदर्शन में सुगम्‍यता संबंधी सुविधाओं को शामिल करके भारतीय पैनोरमा यह सुनिश्चित करना चाहता है कि दृष्टि और श्रवण संबंधी बाधाएं किसी भी दर्शक को सिनेमा की कला का अनुभव करने से वंचित न करें। यह पहल इफ्फी 2026 की थीम 'सीमाओं से परे कहानियां' के अनुरूप भी है। इसके माध्‍यम से यह संदेश दोहराया गया है कि सिनेमा विभिन्न प्रकार की भिन्नताओं के बावजूद लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने की क्षमता रखता है।

इफ्फीलॉइड (IFFILOID) यहां पढ़ें : https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

***

पीके/केसी/आरटी/आईएम/जीआरएस


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #IFFI2026 and #StoriesWithoutBorders. Tag us @pibindia on Instagram and @PIB_India on X, and we will help amplify your festival moments!

For accredited journalists, critics, bloggers, and vloggers seeking 1-on-1 interviews with filmmakers and festival juries, write to us at:
iffi.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


Official Release ID: 2342607
•
Media Centre: Goa
•
Festival Dates: Nov 20 – 28, 2026