मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय मत्स्य पालन विभाग सचिव डॉ. अभिलक्ष लिखी ने नागपुर स्थित पशु और मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय का दौरा किया; विद्यार्थियों से मत्स्य पालन, जलीय कृषि, उद्यमिता और जलजनित अर्थव्‍यवस्‍था में उभरते अवसरों पर संवाद किया


मत्स्य क्षेत्र में क्लस्टर आधारित विकास और तकनीकी उपायों पर जोर दिया

प्रविष्टि तिथि: 27 NOV 2026 4:14PM by PIB Delhi

केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के मत्स्य पालन विभाग सचिव डॉ. अभिलक्ष लिखी ने महाराष्ट्र के नागपुर स्थित पशु और मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय का दौरा कर मत्स्य पालन और जलीय कृषि क्षेत्र में भारत की पहल विषय पर प्रस्तुति दी। उन्‍होंने इस क्षेत्र में हुई प्रमुख प्रगति और उभरते अवसरों का उल्‍लेख किया। डॉ. लिखी ने विद्यार्थियों के साथ संवाद में भारत के मत्स्य पालन क्षेत्र के विकास, उभरते अवसरों तथा भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की। इस महाविद्यालय में मछली प्रजनन, हैचरी (ऐसी यांत्रिक सुविधा जहां नियंत्रित तापमान, नमी और हवा के प्रवाह में अंडों से जीव निकाले जाते हैं) एवं फार्म प्रबंधन तथा मूल्यवर्धित प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में स्मार्ट कक्षाओं में शिक्षण के साथ ही व्यावहारिक प्रशिक्षण द्वारा अनुभवात्मक शिक्षा को बढ़ावा दिया जाता है।

 

डॉ. लिखी ने मत्‍स्‍य क्षेत्र में प्रमुख उपलब्धियों का उल्‍लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2024-25 में भारत का कुल मत्स्य उत्पादन बढ़कर 198 लाख टन पहुंच गया। उन्‍होंने कहा कि भारत वैश्विक मत्स्य उत्पादन में 8 प्रतिशत योगदान के साथ विश्व का दूसरा सबसे बड़ा जलीय कृषि उत्पादक देश है। अंतर्देशीय मत्स्य पालन और जलीय कृषि के उत्पादन में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और वर्ष 2024-25 में यह बढ़कर 153 लाख टन हो गया है। डॉ. लिखी ने बताया कि भारत का समुद्री खाद्य निर्यात भी वित्त वर्ष 2025-26 में 19.32 लाख मीट्रिक टन के साथ अब तक के सर्वोच्च स्तर 73,890.46 करोड़ रुपये (8.45 अरब डॉलर) पर पहुंच गया है। समुद्री खाद्य निर्यात में अब तक की सर्वाधिक वृद्धि दर्ज की गई है। यह क्षेत्र 3 करोड़ से अधिक मछुआरों और मत्स्य पालकों की आजीविका का आधार है।

केंद्रीय मत्स्य पालन सचिव ने अपनी प्रस्तुति में मत्स्य पालन क्षेत्र की मूल्य श्रृंखला सुदृढ बनाने  की सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि बड़े पैमाने पर उत्पादन का लाभ प्राप्त करने, उत्पादकता बढ़ाने तथा उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन और निर्यात के सभी चरणों में एकीकृत अवसर सृजित करने के लिए क्लस्टर आधारित विकास दृष्टिकोण (समूहों में बांटकर या एक साथ जोड़कर काम करना) महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने देशभर में 34 विशेष मत्स्य पालन और जलीय कृषि क्लस्टर अधिसूचित किये हैं जिनका उद्देश्य संपूर्ण मूल्य श्रृंखला समाधान उपलब्ध कराना है। इनमें टूना, झींगा, पर्ल स्पॉट, मुरेल, पंगेसियस, तिलापिया, ट्राउट, समुद्री शैवाल, सजावटी मत्स्य पालन, जलाशय मत्स्य पालन, शीतजल मत्स्य पालन, केज कल्चर, जैविक मत्स्य पालन और नदी आधारित मत्स्य पालन सहित विभिन्न प्रजातियों एवं क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया गया है। इन क्लस्टरों को एकीकृत विकास केंद्रों के रूप में विकसित करने का विचार रखा गया है। इनके द्वारा उत्पादन-पूर्व गतिविधियों, उत्पादन और इसके उपरांत बाद की प्रक्रियाओं से जुड़ी कमियां दूर करने के साथ ही प्रौद्योगिकी अपनाने, बाजार से जुड़ाव और मूल्य संवर्धन को बढ़ावा दिया जाएगा। क्लस्टर आधारित दृष्टिकोण में संस्थागत वित्तपोषण और राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक - नाबार्ड जैसी एजेंसियों के सहयोग के साथ ही निजी उद्यमियों तथा अन्य हितधारकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।

डॉ. लिखी ने मत्स्य पालन और मत्‍स्‍य संग्रहण तथा जलीय कृषि क्षेत्र को आधुनिक, उत्पादक और व्यावसायिक रूप से संवहनीय बनाने में प्रौद्योगिकी के समावेशन पर भी जोर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (पीएमएमएसवाई) के तहत समर्थित उन्नत जलीय कृषि प्रौद्योगिकी अपनाने पर विस्तार से चर्चा की। इनमें पुनर्चक्रण जलीय कृषि प्रणाली, बायोफ्लॉक (मछली और झींगा पालन की आधुनिक विधि जिसमें बैक्टीरिया, शैवाल, कवक आदि लाभकारी सूक्ष्मजीवों की मदद से टैंक के अपशिष्ट को प्रोटीन युक्त भोजन -फ्लॉक में बदला जाता है), जलाशय और समुद्री केज कल्चर, रेसवे (मछली पालने की आधुनिक और सघन तकनीक है, जिसमें लंबे आयताकार टैंकों या कृत्रिम नहरों में लगातार बहते पानी के जरिए मछलियों का संवर्धन किया जाता है), पेन कल्चर (मछली पालन की एक तकनीक जिसमें नदी, झील, जलाशय या आर्द्रभूमि के एक हिस्से को बांस, खंभों और जाल से घेरकर एक बंद 'पेन' -घेरा बनाया जाता है और उसी में मछलियां या झींगे पाले जाते हैं) तथा उन्नत हैचरी एवं मत्स्य बीज उत्पादन प्रणालियां शामिल हैं। उन्होंने जल की गुणवत्ता निगरानी, मछलियों के स्वास्थ्य प्रबंधन, आहार देने की पद्धतियों, रोगों की निगरानी और परिचालन दक्षता में सुधार के लिए डिजिटल प्रौद्योगिकियों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, मशीन लर्निंग और ड्रोन आधारित अनुप्रयोगों की बढ़ती भूमिका पर भी जोर दिया।

उन्होंने उद्यमिता को बढ़ावा देने और संस्थागत व्यवस्था सुदृढ बनाने के लिए सरकार के प्रयासों को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना और प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह-योजना सहित विभिन्न पहल द्वारा मत्स्य पालन क्षेत्र के स्टार्टअप, युवा उद्यमियों, मत्स्य किसान उत्पादक संगठनों, सहकारी समितियों और स्वयं सहायता समूहों के लिए नए अवसर का सृजन किया जा रहा है। उन्होंने मत्स्य पालन सहकारी समितियों और को सशक्‍त बनाने तथा संस्थागत ऋण, वित्तीय सहायता, क्षमता विकास और ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स जैसे डिजिटल बाजार मंचों तक उनकी पहुंच बढाने के महत्व पर जोर दिया। डॉ. लिखी ने इस क्षेत्र को औपचारिक स्वरूप देने और ऋण, बीमा तथा अन्य योजनाओं के लाभों तक मत्‍स्‍य पालकों की पहुंच सुगम बनाने में राष्ट्रीय मत्स्य डिजिटल प्लेटफॉर्म की भूमिका भी रेखांकित की।

केंद्रीय मत्स्य पालन सचिव ने संपूर्ण मूल्य श्रृंखला मजबूत बनाने के लिए आधुनिक मत्स्य अवसंरचना की आवश्यकता पर भी जोर दिया। इसमें स्मार्ट और एकीकृत मत्स्यन बंदरगाहों, आधुनिक मछली अवतरण केंद्रों (जहां मछली पकड़ने वाली नावें और ट्रॉलर अपनी पकड़ी गई मछलियों को लाते हैं और उतारते हैं) थोक एवं खुदरा मछली बाजारों, शीत भंडारण सुविधाओं, परिवहन एवं प्रचालन तंत्र नेटवर्क, प्रसंस्करण इकाइयों और मूल्यवर्धित उत्पादों के विकास को शामिल किया गया है। उन्होंने समुद्री शैवाल की खेती, सजावटी मत्स्य पालन, मोती की खेती (तालाब या टैंक में मीठे या खारे पानी की सीप के अंदर कृत्रिम रूप से नाभिक डालकर मोती तैयार करने की प्रक्रिया) और अन्य समुद्री जलीय कृषि गतिविधियों जैसे विविध मत्स्य क्षेत्रों में उभरते अवसरों का भी उल्‍लेख किया जिनसे विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं के लिए आजीविका एवं उद्यमिता के नए अवसर सृजित हो सकते हैं। उन्होंने मछुआरों और मछली पालकों की आय बढ़ाने तथा वैश्विक समुद्री खाद्य बाजारों में भारत की स्थिति बेहतर के लिए उत्‍पादन उपरांत प्रबंधन, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन में सुधार के महत्व पर भी जोर दिया।

    

इस कार्यक्रम में देशभर के विभिन्न मत्स्य महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के मत्स्य विज्ञान के विद्यार्थियों, कृषि विज्ञान केंद्रों, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के संस्थानों तथा विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मत्स्य पालन विभागों के प्रतिनिधियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया। मत्स्य पालन सचिव ने विद्यार्थियों को रोजगार के पारंपरिक अवसरों से आगे बढ़कर मत्स्य पालन और जलीय कृषि क्षेत्र के विभिन्न उभरते आयामों में उपलब्ध अवसरों का पता लगाने को प्रोत्साहित किया।  संवाद के दौरान, मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने इस क्षेत्र को लेकर अपने विचार और दृष्टिकोण साझा किए। उन्होंने इंटर्नशिप और रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान बनाने के लिए सूचना साझा करने हेतु एक मंच विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। विद्यार्थियों ने मत्स्य पालन क्षेत्र में स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने में सहायक विभिन्न केंद्रीय योजनाओं और पहल की जानकारी के प्रति भी गहरी रुचि दिखाई।

डॉ. लिखी ने महाराष्ट्र के नागपुर स्थित पशु और मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय की विभिन्न सुविधाओं का भी दौरा किया। इनमें मत्स्य बीज इकाई, हैचरी, प्रदर्शनी और संग्रहालय शामिल हैं। उन्होंने मत्स्य प्रौद्योगिकी परिसर का भी दौरा किया, जिसकी परिकल्पना अंतर्देशीय मत्स्य पालन के लिए व्यापक एकीकृत केंद्र के रूप में की गई है। परिसर में अनुसंधान, प्रशिक्षण, रोग निदान और प्रदर्शन संबंधी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस परिसर को मत्स्य पालन एवं जलीय कृषि अवसंरचना विकास निधि योजना के तहत 19.69 करोड़ रुपये की परियोजना लागत से विकसित किया जा रहा है।

        

पीके/केसी/आरटी/एकेवी/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2342631) आगंतुक पटल : 18
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu