प्रविष्टि तिथि:
27 NOV 2026 3:27PM by PIB Delhi
हैलाइड पेरोवस्काइट नैनोक्रिस्टल का उपयोग करके रंगों को आपस में मिलने से रोकने का एक अभिनव तरीका विकसित किया गया है। इससे स्थिर, बड़े पैमाने पर उत्पादन योग्य, लचीली और किफायती श्वेत प्रकाश तकनीकों का विकास संभव हो सकेगा। इनका उपयोग श्वेत प्रकाश उत्सर्जक डायोड (डब्ल्यूएलईडी) और स्मार्टफोन में किया जा सकता है।
हमारे घरों और स्मार्टफोन में इस्तेमाल होने वाले व्यावसायिक श्वेत प्रकाश उत्सर्जक डायोड (डब्ल्यूएलईडी) ऊर्जा की खपत के मामले में बेहद दक्ष हैं, लेकिन इनमें कुछ कमियां भी हैं। इनके निर्माण में महंगे और रेयर अर्थ (दुर्लभ तत्वों) के साथ-साथ जटिल एवं उच्च तापमान वाली विनिर्माण प्रक्रियाओं की आवश्यकता होती है। इसके अलावा, एक बार तैयार होने के बाद इनसे उत्सर्जित होने वाला श्वेत प्रकाश का रंग-रूप (टोन) तय हो जाता है और इसे बदला नहीं जा सकता।
इसका अधिक सरल, समायोज्य और किफायती विकल्प तलाशने के लिए शोधकर्ता एक नई श्रेणी की सामग्रियों की ओर रुख कर रहे हैं। इन्हें पूर्णतः अकार्बनिक हैलाइड पेरोवस्काइट नैनोक्रिस्टल कहा जाता है। इनका रासायनिक सूत्र CsPbX₃ है, जिसमें X का अर्थ क्लोरीन, ब्रोमीन या आयोडीन है। ये नैनोक्रिस्टल कम लागत वाले होने के साथ-साथ अत्यधिक चमकीले और शुद्ध रंगों का उत्सर्जन करते हैं।
हालांकि, इन पेरोवस्काइट नैनोक्रिस्टल में एनायन एक्सचेंज (ऋणायन विनिमय) की एक बड़ी कमी है। जब अलग-अलग हैलाइड संरचना वाले नैनोक्रिस्टल, जैसे हरे रंग का उत्सर्जन करने वाले CsPbBr₃ और लाल रंग का उत्सर्जन करने वाले CsPbI₃, एक-दूसरे के संपर्क में आते हैं, तो उनके हैलाइड आयन तेजी से एक क्रिस्टल से दूसरे क्रिस्टल में स्थानांतरित होकर आपस में अदला-बदली कर लेते हैं। इसके परिणामस्वरूप, दोनों रंग मिलकर एक अवांछित मध्यवर्ती नारंगी रंग में बदल जाते हैं। इस तरह रंगों का मिश्रण कुछ ही मिनटों में होने लगता है।
बेंगलुरु स्थित विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी), स्वायत्त संस्थान के सेंटर फॉर नैनो एंड सॉफ्ट मैटर साइंसेज के शोधकर्ताओं की एक टीम ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली के सहयोग से रंगों को उनके मूल स्वरूप में बनाए रखने के लिए दोहरी सुरक्षा की एक अभिनव रणनीति विकसित की है।

चित्र: पेरोवस्काइट आधारित फॉस्फर-कन्वर्टेड श्वेत प्रकाश उत्सर्जक डायोड (डब्ल्यूएलईडी), उनके अलग-अलग घटकों और कार्यशील पीसी-डब्ल्यूएलईडी का वास्तविक समय में लिया गया चित्र। इन डब्ल्यूएलईडी का निर्माण कांच और लचीले पीईटी सब्सट्रेट, दोनों पर किया गया। सूक्ष्म पैटर्न वाले डब्ल्यूएलईडी के निर्माण के लिए स्प्रे कोटिंग तकनीक के माध्यम से हरे और लाल रंग के सूक्ष्म पैटर्न तैयार किए गए।
सबसे पहले, गौरी शर्मा, स्वाति खुराना, समीर सप्रा और प्रलय के. संत्रा की टीम ने लेड सेलेनाइड नामक पदार्थ की मदद से क्रिस्टल की सतह पर मौजूद हैलाइड रिक्तियों को कम किया। इससे सामग्री की चमक या रंग की गुणवत्ता को प्रभावित किए बिना आयनों के स्थानांतरण का प्रमुख मार्ग अवरुद्ध हो गया।
दूसरे चरण में, शोधकर्ताओं ने एटॉमिक लेयर डिपोजिशन (एएलडी) तकनीक के माध्यम से एक सुरक्षात्मक परत तैयार की। इसके तहत एल्युमिनियम ऑक्साइड (एल्युमिना, Al₂O₃) की केवल 5 से 6 नैनोमीटर मोटी, पारदर्शी और अति पतली परत चढ़ाई गई। यह परत एक भौतिक अवरोधक के रूप में कार्य करती है। यह आस-पास की अलग-अलग रंगों का उत्सर्जन करने वाली परतों के बीच आयनों के प्रसार को रोकती है।
सरल और बड़े पैमाने पर उपयोग की जा सकने वाली स्प्रे-कोटिंग तकनीक तथा सूक्ष्म पैटर्न निर्माण (माइक्रोपैटर्निंग) के माध्यम से शोधकर्ताओं ने कठोर कांच और लचीले प्लास्टिक (पीईटी) सब्सट्रेट, दोनों पर बहुस्तरीय श्वेत प्रकाश उत्सर्जक डायोड (डब्ल्यूएलईडी) उपकरण तैयार किए। अनुकूलित संस्करणों में ये उपकरण लगातार 24 घंटे तक काम करते रहे। इस दौरान इनसे निकलने वाली श्वेत रोशनी स्थिर बनी रही और उसका रंग आदर्श श्वेत प्रकाश के रंग के करीब रहा। तापमान बढ़ने और घटने पर भी इसके रंग में कोई खास बदलाव नहीं आया। शोधकर्ताओं ने यह भी दिखाया कि केवल विद्युत धारा में बदलाव करके श्वेत प्रकाश के रंग-रूप को मंद या गर्म (वॉर्म) रंगत में बदला जा सकता है।
शोध पत्रिका स्मॉल में प्रकाशित यह शोध स्थिर, बड़े पैमाने पर उत्पादन योग्य, लचीली और किफायती श्वेत प्रकाश तकनीकों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हालांकि, इसे आम बाजार में लाने से पहले सीसे की विषाक्तता से निपटने और इस तकनीक को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए कुछ और सुधारों की आवश्यकता है।
प्रकाशन का लिंक: डीओआई: https://doi.org/10.1002/smll.202512820
*****
पीके/केसी/आरटी/वीके/एसवी