57th International Film Festival of India 2026
20 – 28 Nov 2026

2001 पर एक नज़र: हिंदी सिनेमा को नई दिशा देने वाले फिल्म निर्माता 25 साल बाद फिर एक साथ आए


 “सिनेमा समाज का आईना है, मैं रील लाइफ के बजाय रियल लाइफ को खंगालने में यकीन रखता हूँ”: मधुर भंडारकर

 “एक अभिनेता किसी संकेत को कैसे सुनता है और उस पर कैसी प्रतिक्रिया देता है, यह बहुत अहम है”: आशुतोष गोवारिकर

 “निडर बनें, अपने अहंकार को पीछे छोड़ दें और अपनी खुद की कहानी कहें”: फिल्म निर्माण की कला पर फरहान अख्तर

प्रविष्टि तिथि: 27 NOV 2026 6:01PMby PIB Delhiरिलीज़ आईडी: 2342769Views: 19

एक गाँव क्रिकेट के खेल के ज़रिए एक पूरे साम्राज्य को चुनौती देता है। तीन दोस्तों की दोस्ती, दिल टूटने के दर्द और बड़े होने के दौरान आने वाली अनिश्चितताओं से गुज़रने की कहानी। और एक फ़िल्मकार अपना कैमरा उन महिलाओं और उन वास्तविकताओं पर फोकस करता है, जिन्हें समाज अक्सर अनदेखा कर देता है। लीक से हटकर कहानियों वाली इन तीन फिल्मों के साथ, साल 2001 हिंदी सिनेमा के सबसे यादगार वर्षों में से एक बन गया।

लगान, दिल चाहता है  और चांदनी बार  ने न केवल लोगों का मनोरंजन किया, बल्कि इन्होंने पुरानी परंपराओं को चुनौती दी, नई राहें खोलीं और सिनेमा को लेकर होने वाली चर्चाओं का अंदाज़ ही बदल दिया। जहाँ लगान  ने विद्रोह की भावना का जश्न मनाया, वहीं दिल चाहता है  ने एक पूरी पीढ़ी के मिज़ाज को पेश किया और चांदनी बार  ने उन महिलाओं और उनके जीवन की ओर ध्यान खींचा, जिन्हें अक्सर अनदेखा कर दिया जाता था।

पच्चीस साल बाद, इन शानदार फ़िल्मों के पीछे रहे रचनात्मक और लीक से हटकर सोचने वाले फ़िल्मकार आशुतोष गोवारिकर, फरहान अख्तर और मधुर भंडारकर गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फ़िल्म महोत्सव (इफ्फी) में द लेजेंडरी 25 सत्र के लिए एक साथ आए। यह सत्र उन फ़िल्मों का जश्न मनाने के लिए था, जिन्होंने लीक से हटने कुछ दिखाने की हिम्मत दिखाई और उन फिल्मकारों के लिए था जिन्होंने अपनी अलग राह चुनी।

“एआई फिल्म निर्माण को बदल सकता है, लेकिन यह मानवीय संवेदना की जगह नहीं ले सकता”

सिनेमा को समाज का आईना मानते हुए, फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर ने वास्तविक जीवन से जुड़ी कहानियाँ सुनाने के अपने संकल्प को दोहराया। उन्होंने विशेष रूप से उन कहानियों पर जोर दिया, जो अब तक अनकही रही हैं या जिन वास्तविकताओं को अक्सर अनदेखा कर दिया जाता है। उस दौर को याद करते हुए जब फिल्म इंडस्ट्री महिलाओं को पारंपरिक सांचों से हटकर दिखाने में हिचकिचाती थी, उन्होंने बताया कि कैसे 'चांदनी बार', 'कॉर्पोरेट' और 'फैशन' जैसी फिल्में उनके इस दृढ़ विश्वास से बनीं कि महिलाओं को उनकी तमाम जटिलताओं, कमजोरियों और ताकतों के साथ पर्दे पर उतारा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “मैं हमेशा ऐसे विषयों पर फिल्में बनाना चाहता था, जिन पर बात करने या जिन्हें खंगालने से लोग कतराते हैं। मुझे पर्दे के पीछे की कहानियों और उन वास्तविकताओं में दिलचस्पी है, जो अक्सर लोगों की नजरों से छिपी रहती हैं। मेरे लिए, सिनेमा हमेशा समाज का आईना रहा है। मैं एक आदर्श काल्पनिक दुनिया बनाने के बजाय, वास्तविक जीवन को पर्दे पर उतारना पसंद करता हूँ।”

रचनात्मक साहस और अपने विचारों के प्रति दृढ़ता के महत्व पर जोर देते हुए, भंडारकर ने फिल्म निर्माताओं से आग्रह किया कि वे इंडस्ट्री के मौजूदा ट्रेंड्स या दर्शकों की उम्मीदों से प्रभावित होने के बजाय, अपनी उन कहानियों के प्रति सच्चे रहें, जिन पर वे खुद विश्वास करते हैं। उन्होंने फिल्म निर्माण में तकनीक की बढ़ती भूमिका पर भी बात की। उन्होंने माना कि एआई और विजुअल इफेक्ट्स, विजुअल स्टोरीटेलिंग में नए और रोमांचक आयाम खोल सकते हैं। हालांकि, उन्होंने साफ कहा कि तकनीक कभी भी उस मानवीय तत्व की जगह नहीं ले सकती, जो सिनेमा को उसकी भावनात्मक गहराई प्रदान करता है।

उन्होंने आगे कहा, “एआई और वीएफएक्स बेशक विज़ुअल अनुभव को बेहतर बना सकते हैं और फिल्म निर्माण की संभावनाओं का विस्तार कर सकते हैं, लेकिन वे कभी भी मानवीय स्पर्श की जगह नहीं ले सकते। तकनीक तस्वीरें तो बना सकती है, लेकिन वह मानवीय भावनाओं, संवेदनशीलता और उस भावनात्मक जुड़ाव की नकल नहीं कर सकती, जो किसी किरदार में जान फूंक देते हैं।”

“हर फ़िल्म एक तरह से शून्य से शुरु होती है। अभिनय का असली जादू शब्दों के बीच के सन्नाटे में छिपा होता है।”

अपनी रचनात्मक यात्रा पर बात करते हुए, आशुतोष गोवारिकर ने हर नई फ़िल्म को “शून्य से शुरुआत” बताया। इसके लिए एक नए नज़रिए, खुले दिमाग और कहानी कहने की कला को फिर से खोजने की इच्छा की ज़रूरत होती है। लीक से हटकर बनी फ़िल्मों के सामने आने वाली चुनौतियों का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा, “जो कुछ भी नया, अलग या लीक से हटकर होता है, उसे अपने दर्शक खोजने में ज़्यादा समय लगता है। हमें किसी फ़िल्म को सिर्फ उसके शुरुआती वीकेंड के आधार पर नहीं आंकना चाहिए।”

अभिनय की कला पर अपने विचार साझा करते हुए, उन्होंने किसी किरदार को जीवंत बनाने में सुनने, हाव-भाव और ठहराव के महत्व पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा, “मेरे लिए एक बेहतरीन अभिनय उसी ठहराव में छिपा होता है। एक अभिनेता के सबसे ज़रूरी गुणों में से एक है, सुनना। एक अभिनेता किसी संकेत को कैसे सुनता है और उस पर कैसी प्रतिक्रिया देता है, यह भी उतना ही अहम है।”

उन्होंने इस बात को दोहराया कि फिल्म निर्माताओं को यह अनुमान लगाने के बजाय कि दर्शक क्या चाहते हैं, अपनी कहानियों पर भरोसा करना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दर्शकों को अपनी समझ से कहानी की व्याख्या करने की छूट दी जानी चाहिए।

“अपनी कहानी निडर होकर सुनाएं। अपने अहंकार को दरवाजे पर ही छोड़ दें।”

मौलिकता और रचनात्मक निडरता का समर्थन करते हुए, फरहान अख्तर ने उभरते फिल्म निर्माताओं से अपनी अंतरात्मा पर भरोसा करने और ऐसी कहानियां सुनाने का आग्रह किया, जो उनके अपने दृष्टिकोण को दर्शाती हों। पारंपरिक सोच से बाहर निकलने के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, “एक निर्देशक या लेखक को खुले दिल और दिमाग के साथ काम करना चाहिए और अपने अहंकार को पीछे छोड़ देना चाहिए। निडर बनें, अपने नज़रिए पर विश्वास रखें और वही कहानी सुनाएं जिसे आप वास्तव में सुनाना चाहते हैं।”

पटकथा को एक “जीवंत चीज” बताते हुए, फरहान ने बताया कि कैसे लेखकों, अभिनेताओं और तकनीशियनों की सामूहिक कल्पना से एक कहानी विकसित होती है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि फिल्म निर्माण एक सामूहिक प्रक्रिया है, जहां व्यक्तिगत अहंकार को किनारे रखने से कहानी को विकसित होने और अपनी असली आवाज़ पाने का मौका मिलता है। उन्होंने अत्यधिक प्रचार के कारण सिनेमा के मूल तत्व के दब जाने के प्रति भी आगाह किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सार्थक कहानी सुनाना और दर्शकों के साथ एक सच्चा जुड़ाव बनाना हमेशा सबसे महत्वपूर्ण होना चाहिए।

जैसे-जैसे सत्र खत्म होने की तरफ बढ़ा, एक बात उभर कर सामने आई: बेहतरीन सिनेमा रचनात्मक साहस, मौलिक कहानी कहने की कला और स्थापित परंपराओं को चुनौती देने की इच्छाशक्ति से पैदा होता है। लगान, दिल चाहता है और चांदनी बार  के पच्चीस साल बाद, जिन्होंने भारतीय समाज के अलग-अलग पहलुओं को सामने रखा और सिनेमाई चर्चा को एक नई दिशा दी, उन रचनाकारों ने एक बार फिर साबित किया कि मानवीय अनुभवों पर आधारित कहानियों में कितनी ताकत होती है।

सीमाओं से परे कहानियां की थीम पर आधारित 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (इफ्फी) की भावना को दोहराते हुए, इस चर्चा में इस बात पर जोर दिया गया कि कैसे सच्ची कहानियां, चाहे वे किसी भी सांस्कृतिक या भौगोलिक पृष्ठभूमि से आई हों, सीमाओं को पार कर सकती हैं और हर जगह के दर्शकों के दिलों को छू सकती हैं। भले ही तकनीक फिल्म निर्माण के तरीके को लगातार बदल रही हो, लेकिन आखिरकार मानवीय भावनाएं, रचनात्मक दृढ़ विश्वास और कहानी कहने की वह खूबी, जो सबको जोड़ती है, वही सिनेमा को हमेशा प्रासंगिक और दिलचस्प बनाए रखती है।

इस सत्र का संचालन जानी-मानी अभिनेत्री और निर्माता खुशबू सुंदर ने किया। IFFILOID यहां

पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

***

पीके/केसी/आरटी/एनएस/एसएस


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #IFFI2026 and #StoriesWithoutBorders. Tag us @pibindia on Instagram and @PIB_India on X, and we will help amplify your festival moments!

For accredited journalists, critics, bloggers, and vloggers seeking 1-on-1 interviews with filmmakers and festival juries, write to us at:
iffi.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


Official Release ID: 2342769
•
Media Centre: Goa
•
Festival Dates: Nov 20 – 28, 2026