57th International Film Festival of India 2026
20 – 28 Nov 2026

57वें इफ्फी में पुर्तगाली फिल्म ‘कम विद मी’ दोस्ती और सिनेमा के साझा अनुभव को दर्शाती है


फिल्मकारों ने सिनेमाघरों में फिल्म देखने के स्थायी आकर्षण, सार्वभौमिक विषयों और आर्ट-हाउस तथा मुख्यधारा के सिनेमा के बीच बदलते संबंधों पर चर्चा की

प्रविष्टि तिथि: 27 NOV 2026 6:41PMby PIB Delhiरिलीज़ आईडी: 2342784Views: 12
Read in:

पुर्तगाली फिल्म कम विद मी (आंदा दाई) के वर्ल्ड प्रीमियर के बाद, इसके निर्देशक जोआओ लामीरा, अभिनेता एंटोनियो सिमाओ और निर्माता डैनियल परेरा ने आज गोवा में 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के दौरान पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। यह फिल्म ‘सिनेमा ऑफ द वर्ल्ड’ श्रेणी में प्रदर्शित की गई है। फिल्मकारों ने फिल्म में दोस्ती के विषय, इसकी आर्ट-हाउस शैली और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के बढ़ते चलन के बीच सिनेमाघरों में फिल्म देखने के अनुभव की निरंतर प्रासंगिकता पर चर्चा की।

एक साथ फिल्म देखने के महत्व पर जोर देते हुए अभिनेता अंतोनियो सिमाओ ने पुर्तगाल में सिनेमाघरों में दर्शकों की घटती संख्या और घर पर बैठ कर फिल्म देखने की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सिनेमाघर जाकर फिल्म देखना केवल फिल्म देखने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों से मिलने और सामूहिक सांस्कृतिक अनुभव साझा करने का भी अवसर है। उन्होंने कहा, “लोगों का एक साथ होना, बातचीत करना और एक-दूसरे से मिलना जरूरी है।” उन्होंने अपनी बात समाप्त करते हुए कहा, “लॉन्ग लिव सिनेमा!”

निर्माता डैनियल परेरा ने सिनेमाघरों में फिल्मों के प्रदर्शन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि उनकी प्रोडक्शन और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी आज भी फिल्मों को सिनेमाघरों में रिलीज करने को प्राथमिकता देती है। उन्होंने स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के प्रभाव को स्वीकार करते हुए कहा कि ये सिनेमाघरों में फिल्म देखने के अनुभव का विकल्प नहीं, बल्कि उसके पूरक हैं।

फिल्म के बारे में बात करते हुए निर्देशक जोआओ लामीरा ने कहा कि हालांकि इसकी कहानी लिस्बन और वहां की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि पर आधारित है, लेकिन पुरुषों की दोस्ती का इसका केंद्रीय विषय भौगोलिक और सांस्कृतिक सीमाओं से परे दुनिया भर के दर्शकों से जुड़ने के उद्देश्य से रखा गया है। उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है कि कहानी और इसके किरदार इतने सहज और सभी से जुड़ाव रखने वाले होंगे कि हर कोई इन्हें समझ सके।” उन्होंने आगे कहा कि कहानी की विशिष्ट पृष्ठभूमि और किरदार ही दर्शकों को इससे जुड़ने में मदद कर सकते हैं।

लामीरा ने यह भी स्पष्ट किया कि फिल्म बनाते समय उनके मन में इसे आर्ट-हाउस या मेनस्ट्रीम सिनेमा जैसी किसी खास श्रेणी में रखने का विचार नहीं था। उनका उद्देश्य केवल वैसी फिल्म बनाना था, जैसी वे बनाना चाहते थे और उन्हें उम्मीद थी कि दर्शक इसे पसंद करेंगे। परेरा ने कहा कि समय के साथ आर्ट-हाउस और मेनस्ट्रीम सिनेमा के बीच का अंतर बदलता रहा है। उन्होंने बताया कि पहले ऐसी फिल्मों को भी व्यापक दर्शकों तक पहुंच मिलती थी, जिनमें निर्देशक का अपना विशिष्ट दृष्टिकोण और प्रभावशाली कहानी होती थी।

अभिनय के अपने दृष्टिकोण पर बात करते हुए सिमाओ ने बताया कि किस तरह व्यक्तिगत अनुभव, अवलोकन और कल्पनाशीलता किसी किरदार के अभिनय को आकार देते हैं। थिएटर में अपने लंबे अनुभव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शुरुआत में यह किरदार उन्हें अपने जीवन के काफी करीब लगा। इस वजह से वे इस बात को लेकर सचेत थे कि कहीं उनके व्यक्तिगत अनुभव किरदार के अभिनय में शामिल न हो जाएं। हालांकि, बाद में उन्होंने इन चिंताओं से आगे बढ़ते हुए किरदार की परिस्थितियों और उसके कार्यों पर ध्यान केंद्रित किया।

फिल्मकारों ने इफ्फी में अपनी फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर प्रस्तुत करने का अवसर मिलने पर आभार भी व्यक्त किया। पुर्तगाल और गोवा के बीच ऐतिहासिक एवं स्थापत्य संबंधों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की कुछ बातें उन्हें जानी-पहचानी लगीं, लेकिन यहां का समग्र अनुभव सांस्कृतिक रूप से अलग रहा। उन्होंने गोवा को करीब से जानने और भारतीय दर्शकों के साथ अपनी फिल्म साझा करने का अवसर मिलने पर खुशी जताई।

प्रेस कॉन्फ्रेंस का संचालन श्रीमती विशाली पी. ने किया।

पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस यहाँ देखें:

IFFILOID के बारे में यहाँ पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

********

पीके/केसी/आरटी/डीवी/डीए


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #IFFI2026 and #StoriesWithoutBorders. Tag us @pibindia on Instagram and @PIB_India on X, and we will help amplify your festival moments!

For accredited journalists, critics, bloggers, and vloggers seeking 1-on-1 interviews with filmmakers and festival juries, write to us at:
iffi.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


Official Release ID: 2342784
•
Media Centre: Goa
•
Festival Dates: Nov 20 – 28, 2026