प्रविष्टि तिथि:
27 NOV 2026 7:21PM by PIB Delhi
भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत एक स्वायत्त निकाय, डॉ. आंबेडकर फाउंडेशन (डीएएफ) द्वारा संशोधित ‘डॉ. आंबेडकर चिकित्सा सहायता योजना’ लागू की जा रही है। इस योजना के तहत गंभीर और जानलेवा बीमारियों से पीड़ित अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के पात्र मरीजों को 3.50 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।
डीएएफ के निदेशक श्री विनेश पचनंदा ने बताया कि 2 जून, 2026 को अधिसूचित संशोधित योजना का उद्देश्य विशेष स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच में सुधार करना और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर चिकित्सा उपचार का वित्तीय बोझ कम करना है। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक तंगी आवश्यक चिकित्सा उपचार और शल्य चिकित्सा में बाधा न बने।
श्री पचनंदा ने बताया कि संशोधित प्रावधानों के तहत अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के वे व्यक्ति वित्तीय सहायता के लिए आवेदन करने के पात्र हैं, जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय 5 लाख रुपये से अधिक नहीं है।
उन्होंने बताया कि इस योजना में गुर्दे, हृदय, यकृत, मस्तिष्क और कैंसर से संबंधित गंभीर बीमारियों के साथ-साथ अंग प्रत्यारोपण, रीढ़ की हड्डी की सर्जरी और चिकित्सा या शल्य चिकित्सा की आवश्यकता वाली अन्य जानलेवा बीमारियों को शामिल किया गया है।
श्री पचनंदा ने बताया कि इस योजना के तहत निर्धारित वित्तीय सीमा के अधीन, सर्जरी या शामिल उपचार की अनुमानित लागत का 100 प्रतिशत भुगतान सीधे संबंधित अस्पताल को किया जाता है।
निदेशक ने बताया कि योजना के तहत स्वीकार्य अधिकतम वित्तीय सहायता की राशि हृदय की सर्जरी के लिए 1.50 लाख रुपये, गुर्दे की सर्जरी या डायलिसिस के लिए 3.50 लाख रुपये, कैंसर की सर्जरी, कीमोथेरेपी या रेडियोथेरेपी के लिए 2.50 लाख रुपये, मस्तिष्क की सर्जरी के लिए 2 लाख रुपये, गुर्दे या अंग प्रत्यारोपण के लिए 3.50 लाख रुपये, रीढ़ की हड्डी की सर्जरी के लिए 1.50 लाख रुपये और अन्य जानलेवा बीमारियों के लिए 2 लाख रुपये है।
निदेशक ने आगे बताया कि वित्तीय सहायता एकमुश्त किस्त के रूप में सर्जरी से पहले सीधे संबंधित अस्पताल को आरटीजीएस, एनईएफटी या डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से जारी की जा सकती है। इससे मरीजों और उनके परिवारों पर तत्काल वित्तीय बोझ कम होगा।
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक चलने वाले चिकित्सा उपचार से जुड़ी आर्थिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए संशोधित योजना में पुरानी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को लागू प्रावधानों के अधीन अगले वित्तीय वर्ष में दूसरी बार नवीनीकरण अनुदान प्राप्त करने की सुविधा भी दी गई है।
श्री पचनंदा ने आगे बताया कि संशोधित योजना का एक महत्वपूर्ण प्रावधान प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएम-जय) के अंतर्गत आने वाले उन लाभार्थियों को शामिल करना है, जो गुर्दे की बीमारियों से पीड़ित हैं या जिन्हें गुर्दे अथवा किसी अन्य अंग के प्रत्यारोपण की आवश्यकता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे लाभार्थी भी डॉ. आंबेडकर चिकित्सा सहायता योजना के तहत चिकित्सा सहायता प्राप्त करने के पात्र हैं, जबकि पीएम-जय के अंतर्गत आने वाले अन्य मरीज इस योजना के तहत सहायता के पात्र नहीं हैं।
श्री पचनंदा ने बताया कि देशभर में विशेष चिकित्सा उपचार तक पहुंच को आसान बनाने के लिए इस योजना को मान्यता प्राप्त स्वास्थ्य संस्थानों के व्यापक नेटवर्क के माध्यम से लागू किया जा रहा है। इनमें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली और अन्य राज्यों में स्थित एम्स, केंद्र सरकार स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) से मान्यता प्राप्त सभी अस्पताल, राज्य सरकार के चिकित्सा महाविद्यालयों से संबद्ध अस्पताल, राज्य सरकार के अस्पताल, राज्य सरकारों द्वारा मान्यता प्राप्त अस्पताल तथा केंद्र या राज्य सरकारों द्वारा पूरी तरह वित्तपोषित अस्पताल शामिल हैं।
उन्होंने आगे बताया कि इस योजना में जिला मुख्यालयों और प्रमुख शहरों में स्थित सरकारी अस्पतालों को भी शामिल किया गया है, जहां अंग प्रत्यारोपण और रीढ़ की हड्डी की सर्जरी सहित गंभीर और जानलेवा बीमारियों के उपचार की सुविधाएं उपलब्ध हैं।
श्री पचनंदा ने बताया कि संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ; पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल, पटना; जबलपुर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, जबलपुर; बी. बरुआ कैंसर संस्थान, गुवाहाटी; बिड़ला हार्ट फाउंडेशन, कोलकाता; कलिंग अस्पताल, भुवनेश्वर; टाटा कैंसर अनुसंधान संस्थान, मुंबई; निजाम आयुर्विज्ञान संस्थान, हैदराबाद और स्वैच्छिक स्वास्थ्य सेवाएं (वीएचएस), चेन्नई सहित कई विशिष्ट स्वास्थ्य संस्थानों को भी इस योजना के अंतर्गत शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि विशेष परिस्थितियों में अन्य अस्पतालों में उपचार पर भी विचार किया जा सकता है। इसके लिए मामले की परिस्थितियों और गुण-दोष के आधार पर डॉ. आंबेडकर फाउंडेशन के अध्यक्ष की संतुष्टि आवश्यक होगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्जरी या चिकित्सा उपचार पर पहले ही किए जा चुके खर्च की प्रतिपूर्ति के लिए किए गए आवेदनों पर सामान्यतः विचार नहीं किया जाता है। हालांकि, मामले की परिस्थितियों और गुण-दोष के आधार पर प्रतिपूर्ति पर विचार किया जा सकता है, यदि सर्जरी की निर्धारित तिथि से कम से कम 15 दिन पहले फाउंडेशन को आवेदन प्राप्त हो गया हो।
श्री पचनंदा ने कहा कि वित्तीय सहायता के उपयोग में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अस्पताल को मरीज की छुट्टी के समय अंतिम चिकित्सा बिलों के साथ उपयोगिता प्रमाणपत्र भी जमा करना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि अस्पताल को जारी की गई चिकित्सा सहायता का उपयोग जारी होने की तिथि से एक महीने के भीतर किया जाना अनिवार्य है। यदि कोई राशि खर्च नहीं होती है या शेष बच जाती है, तो उसे जल्द से जल्द फाउंडेशन को वापस करना होगा। यह राशि मरीज की छुट्टी की तिथि से एक महीने के भीतर हर हाल में वापस की जानी चाहिए।

डीएएफ के निदेशक ने बताया कि पात्र लाभार्थी डॉ. आंबेडकर फाउंडेशन (डीएएफ) की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध निर्धारित आवेदन पत्र के माध्यम से चिकित्सा सहायता के लिए आवेदन कर सकते हैं। https://www.dosje.gov.in/schemes-and-services/dr-ambedkar-medical-aid-scheme/
इसके अलावा, आवेदक निर्धारित प्रारूप में बताई गई आवश्यक जानकारियों के साथ सादे कागज पर भी आवेदन जमा कर सकते हैं।
आवेदन के साथ मरीज के नवीनतम आय प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र और राशन कार्ड या आधार कार्ड की स्वयं सत्यापित प्रतियां तथा पासपोर्ट आकार का स्वयं सत्यापित फोटो लगाना अनिवार्य है। आवेदकों को संबंधित अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक द्वारा विधिवत हस्ताक्षरित मूल अनुमानित लागत प्रमाणपत्र भी जमा करना होगा। इस प्रमाणपत्र में उपचार की अनुमानित लागत और सर्जरी की निर्धारित तिथि का उल्लेख होना चाहिए।
गुर्दा प्रत्यारोपण से जुड़े मामलों में आवेदकों को दानदाता और लाभार्थी के बीच संबंध से संबंधित अतिरिक्त दस्तावेज, प्राधिकरण समिति के निर्णय से संबंधित निर्धारित प्रपत्र-14 और गुर्दा दानदाता का प्रासंगिक विवरण भी प्रस्तुत करना होगा। वित्तीय सहायता के समय पर प्रसंस्करण और सीधे हस्तांतरण की सुविधा के लिए संबंधित अस्पताल के बैंक खाते का विवरण भी दिया जा सकता है। इसमें खाता संख्या, खाताधारक का नाम और आईएफएससी कोड शामिल हैं।
सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ विधिवत भरा हुआ आवेदन सर्जरी, डायलिसिस या कीमोथेरेपी की निर्धारित तिथि से कम से कम 15 दिन पहले निदेशक, डॉ. आंबेडकर फाउंडेशन, 15, जनपथ, नई दिल्ली–110001 के पते पर पहुंच जाना चाहिए।
डॉ. आंबेडकर चिकित्सा सहायता योजना अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विशेष स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने में आने वाली वित्तीय बाधाओं को दूर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करके इस योजना का उद्देश्य मरीजों के अपनी जेब से होने वाले खर्च को कम करना और उन्हें समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
पात्र लाभार्थियों और उनके परिवार के सदस्यों को इस योजना का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। पात्र लाभार्थियों के बीच इस योजना के बारे में व्यापक जागरूकता सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य संस्थानों, राज्य सरकार के विभागों, सामाजिक कल्याण संगठनों और अन्य संबंधित पक्षों को भी इसकी जानकारी का प्रसार करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
विस्तृत दिशा-निर्देशों, पात्रता मानदंडों, मान्यता प्राप्त अस्पतालों और निर्धारित आवेदन पत्रों के लिए इच्छुक आवेदक डॉ. आंबेडकर फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं। https://www.dosje.gov.in/schemes-and-services/dr-ambedkar-medical-aid-scheme/
संशोधित डॉ. आंबेडकर चिकित्सा सहायता योजना का कार्यान्वयन सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की सामाजिक न्याय को बढ़ावा देने, स्वास्थ्य सेवाओं तक समान पहुंच सुनिश्चित करने, वित्तीय सुरक्षा प्रदान करने तथा वंचित समुदायों की गरिमा और कल्याण को बनाए रखने की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है। यह समावेशी विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
***
पीके/केसी/आरटी/वीएस