प्रविष्टि तिथि:
27 NOV 2026 6:09PM by PIB Delhi
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (डीडीडब्ल्यूएस ) जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित 'जल जीवन मिशन 2.0' पर दूसरा क्षेत्रीय सम्मेलन आज आगरा, उत्तर प्रदेश में संपन्न हुआ। इस सम्मेलन में सात उत्तरी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जहाँ ग्रामीण पेयजल आपूर्ति प्रणालियों के कार्यान्वयन में तेजी लाने, स्थायित्व को मजबूत करने और दीर्घकालिक कार्यक्षमता सुनिश्चित करने की प्रमुख रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया गया।
दो दिवसीय क्षेत्रीय सम्मेलन के हिस्से के रूप में, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (डीडीडब्ल्यूएस), जल शक्ति मंत्रालय के सचिव श्री अशोक के. के. मीणा ने आज ग्रामीण पेयजल आपूर्ति बुनियादी ढांचे का दौरा किया और बघेरा (भदैरा) जल आपूर्ति योजना तथा 456 एमएलडी डब्ल्यूटीपी, एटा में 'जल अर्पण दिवस' समारोह में भाग लिया।
समापन सत्र में, सचिव (डीडीडब्ल्यूएस) ने इस बात पर जोर दिया कि क्षेत्रीय सम्मेलन ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को जल जीवन मिशन 2.0 के तहत परिकल्पित सुधारों की एक समान समझ विकसित करने और एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया है। दिन के दौरान किए गए क्षेत्रीय दौरों का संदर्भ देते हुए, उन्होंने उत्तर प्रदेश में देखी गई नवीन प्रथाओं को रेखांकित किया, जिसमें ग्रामीण जल आपूर्ति योजनाओं के लिए सौर ऊर्जा का उपयोग और जल आपूर्ति बुनियादी ढांचे की निगरानी व संचालन के लिए 'कमांड-एंड-कंट्रोल' सिस्टम शामिल हैं। उन्होंने राज्यों को व्यापक स्तर पर लागू करने के लिए ऐसी प्रथाओं का अध्ययन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

ग्रामीण पेयजल सेवा वितरण को मौलिक रूप से एक स्थानीय सेवा बताते हुए, श्री मीणा ने ग्राम पंचायतों और स्थानीय समुदायों द्वारा जल आपूर्ति संपत्तियों के स्वामित्व को मजबूत करने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि 'जल अर्पण' समुदायों को पेयजल बुनियादी ढांचे की जिम्मेदारी और स्वामित्व सौंपने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने निरंतर सेवा वितरण के लिए ग्राम पंचायतों की वित्तीय, तकनीकी और संस्थागत क्षमताओं का निर्माण करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे के निर्माण के साथ-साथ प्रभावी प्रबंधन, नियमित जल गुणवत्ता निगरानी और सामुदायिक भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने परिचालन और रखरखाव को मजबूत करने, स्थानीय क्षमताओं का निर्माण करने और 'जल संचय जन भागीदारी' जैसी पहलों के माध्यम से जल स्रोतों के स्थायित्व को बढ़ावा देने के लिए पंचायती राज, ग्रामीण विकास, कौशल विकास और पेयजल विभागों के बीच अभिसरण की आवश्यकता को दोहराया। उन्होंने राज्यों से आह्वान किया कि वे 'विकसित गांव' और 'विकसित भारत' की नींव के रूप में ग्राम पंचायतों को मजबूत करते हुए टिकाऊ, समुदाय-स्वामित्व वाली और कुशलतापूर्वक प्रबंधित ग्रामीण पेयजल प्रणालियों की ओर बढ़ें।
श्री कमल किशोर सोएन, अपर सचिव एवं मिशन निदेशक (एएस एंड एमडी ), राष्ट्रीय जल जीवन मिशन (एनजीएम) ने सभी पेयजल आपूर्ति बुनियादी ढांचे की डिजिटल मैपिंग का आह्वान किया और क्षमता निर्माण तथा ग्राम पंचायत के नेतृत्व वाले जल शासन को मजबूत करने के लिए मौजूदा संस्थागत मंचों का लाभ उठाने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सूचित किया कि राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) के तहत मौजूदा क्षमता-निर्माण ढांचे के साथ स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण (एसबीएम-जी ) के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रमों को संरेखित करने के लिए डीडीडब्ल्यूएस और पंचायती राज मंत्रालय द्वारा एक संयुक्त पहल शुरू की गई है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि मौजूदा पंचायती राज प्रशिक्षण कार्यक्रमों में जल और स्वच्छता से संबंधित प्रशिक्षण मॉड्यूल को एकीकृत करने से सरपंचों, पंचायत सचिवों और अन्य जमीनी कार्यकर्ताओं की क्षमताओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी। उन्होंने राज्यों से आग्रह किया कि वे पंचायती राज संस्थाओं के साथ तालमेल बढ़ाएं और जागरूकता पैदा करने, सामुदायिक स्वामित्व को मजबूत करने व ग्रामीण पेयजल आपूर्ति प्रणालियों के दीर्घकालिक प्रबंधन में सुधार के लिए मौजूदा प्रशिक्षण इकोसिस्टम का उपयोग करें।

दो दिवसीय विचार-विमर्श के प्रमुख परिणामों का सार प्रस्तुत करते हुए, श्री डी. सेंथिल पांडियन, संयुक्त सचिव, डीडीडब्ल्यूएस ने कहा कि टिकाऊ ग्रामीण पेयजल सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए 'संपूर्ण-सरकार दृष्टिकोण' की आवश्यकता है और इसे अकेले एक विभाग द्वारा हासिल नहीं किया जा सकता है। उन्होंने जल जीवन मिशन 2.0 के सुधारों के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए पेयजल, पंचायती राज, ग्रामीण विकास, जनजातीय कार्य और कौशल विकास विभागों के बीच अभिसरण के महत्व पर प्रकाश डाला।

श्री पांडियन ने जल आपूर्ति बुनियादी ढांचे पर ग्राम पंचायतों के स्वामित्व को मजबूत करने, ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों (वीडब्ल्यू एससी) और 'सुजलाम शक्ति' के क्षमता निर्माण, 'सुजलाम' ढांचे के माध्यम से डिजिटल निगरानी, जल गुणवत्ता निगरानी, जल स्रोत स्थायित्व, जल अर्पण, और दीर्घकालिक संचालन तथा रखरखाव के लिए संस्थागत तंत्र बनाने की दिशा में काम करने का आह्वान किया। उन्होंने भाग लेने वाले राज्यों द्वारा सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान की भी सराहना की और उनसे सहमत सुधार उपायों और कार्य योजनाओं का समय पर कार्यान्वयन करने का आह्वान किया।
सम्मेलन के समापन दिवस के दौरान, पंचायती राज मंत्रालय के निदेशक श्री विजय कुमार ने ग्रामीण पेयजल सेवा वितरण और स्थायित्व को मजबूत करने के लिए 16वें वित्त आयोग के ढांचे के तहत उपलब्ध अवसरों पर प्रकाश डाला। उन्होंने 'ई-ग्रामस्वराज' पोर्टल पर जल आपूर्ति बुनियादी ढांचे की मैपिंग करने, ग्राम पंचायत विकास योजनाओं में पेयजल प्राथमिकताओं को एकीकृत करने और ग्रामीण जल आपूर्ति संपत्तियों के संचालन, रखरखाव व प्रबंधन के लिए वित्त आयोग के अनुदानों का प्रभावी ढंग से उपयोग करने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने राज्यों को पंचायत योजना प्रक्रियाओं को मजबूत करने और बेहतर स्थानीय शासन व सेवा वितरण परिणामों के माध्यम से प्रदर्शन-लिंक्ड अनुदानों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
क्षेत्रीय दौरे और जल अर्पण दिवस समारोह
भारत सरकार, भाग लेने वाले राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों, भागीदार मंत्रालयों और तकनीकी संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों की पांच टीमों ने ग्रामीण पेयजल आपूर्ति योजनाओं का दौरा किया और उत्तर प्रदेश भर में जल अर्पण समारोहों में भाग लिया। इन दौरों में एटा जिले की बघेरा (भदैरा) जल आपूर्ति योजना, हाथरस जिले की नगला बाबू जल आपूर्ति योजना, मैनपुरी जिले की सिमराउ जल आपूर्ति योजना, अलीगढ़ जिले की शाहपुर कुतुब जल आपूर्ति योजना और हाथरस जिले की सुल्तानपुर जल आपूर्ति योजना शामिल रहीं।
क्षेत्रीय दौरों का नेतृत्व वरिष्ठ अधिकारियों ने किया, जिनमें श्री अशोक के. के. मीणा (सचिव, डीडीडब्ल्यूएस), श्री कमल किशोर सोएन (अपर सचिव एवं मिशन निदेशक, एनजेजेएम), श्री डी. सेंथिल पांडियन (संयुक्त सचिव, एनजेजेएम), निदेशक और उप सचिव (एनजेजेएम) के साथ-साथ श्यामा प्रसाद मुखर्जी राष्ट्रीय जल एवं स्वच्छता संस्थान (एसपीएम निवास) और भाग लेने वाले राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि शामिल थे। टीमों ने जल उपचार और वितरण प्रणालियों, पंचायती राज संस्थाओं (पीआरआई ), ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों (VWSCs) के साथ बातचीत, प्रशिक्षित महिलाओं द्वारा फील्ड टेस्ट किट (एफटीके) से जल गुणवत्ता परीक्षण और पेयजल बुनियादी ढांचे के संचालन व रखरखाव में सामुदायिक भागीदारी का अवलोकन किया।

'जल अर्पण दिवस' के अवसर पर गांवों के क्षेत्रीय दौरे के दौरान, श्री अशोक के. के. मीणा (सचिव, डीडीडब्ल्यूएस ) और श्री कमल किशोर सोएन (एएस एंड एमडी , एनजेजेएम ) ने सीधे घरेलू नलों से पानी पिया, जिससे आपूर्ति किए जा रहे पेयजल की गुणवत्ता और सुरक्षा में समुदाय के विश्वास को बल मिला। उन्होंने अधिकारियों को प्रोत्साहित किया कि वे ग्रामीण पेयजल सेवाओं में जनता का विश्वास कायम करने के लिए क्षेत्र दौरों के दौरान ऐसी प्रथाओं को अपनाएं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जल अर्पण को केवल बुनियादी ढांचे के हस्तांतरण के रूप में देखने के बजाय टिकाऊ जल सेवा वितरण के लिए साझा जिम्मेदारी की दिशा में एक कदम के रूप में प्रचारित किया जाना चाहिए। उन्होंने ग्राम पंचायतों में गांव की जल आपूर्ति प्रणालियों के प्रबंधन के प्रति विश्वास बढ़ाने के लिए विशेष रूप से बड़ी मरम्मत और बुनियादी ढांचे की खराबी के मामले में, कार्यान्वयन विभागों से निरंतर तकनीकी सहायता का आश्वासन देने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

जल अर्पण समारोहों के दौरान, ग्राम पंचायतों, VWSC सदस्यों, स्वयं सहायता समूहों, स्कूली बच्चों और सामुदायिक प्रतिनिधियों ने जल संरक्षण, जिम्मेदार जल उपयोग और पेयजल संपत्तियों के सामुदायिक स्वामित्व को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों में भाग लिया। इन आयोजनों ने टिकाऊ ग्रामीण पेयजल सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए समुदायों, ग्राम पंचायतों और कार्यान्वयन एजेंसियों के बीच साझा जिम्मेदारी के महत्व को रेखांकित किया।

दो दिनों के दौरान, सुधारों के कार्यान्वयन, जल स्रोत के स्थायित्व, संचालन और रखरखाव, स्थानीय मानव संसाधनों के कौशल विकास, अंतर-मंत्रालयी अभिसरण, वित्तीय स्थायित्व और ग्रामीण पेयजल बुनियादी ढांचे के सामुदायिक स्वामित्व को मजबूत करने पर चर्चा केंद्रित रही।
सम्मेलन का समापन भाग लेने वाले राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा जल जीवन मिशन 2.0 के कार्यान्वयन में तेजी लाने और टिकाऊ, समुदाय-स्वामित्व वाली और सेवा-उन्मुख ग्रामीण पेयजल प्रणालियों की ओर बदलाव को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराने के साथ हुआ। विचार-विमर्श और क्षेत्रीय दौरों से उभरने वाले निष्कर्षों से अंतर-राज्यीय सीखने को मजबूती मिलने, कार्यक्रम कार्यान्वयन में सुधार होने और ग्रामीण क्षेत्रों में दीर्घकालिक जल सुरक्षा में योगदान मिलने की उम्मीद है।
---
पीके/केसी/आरटी/के जे