प्रविष्टि तिथि:
29 NOV 2026 2:46PM by PIB Delhi
केंद्रीय विद्युत और आवासन और शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में 27 और 28 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित दो दिन के विद्युत मंत्रियों का सम्मेलन कल शाम संपन्न हुआ। सम्मेलन में 28 राज्यों, 8 केंद्र शासित प्रदेशों और नियामक संस्थाओं ने ऊर्जा आत्मनिर्भरता तथा विकसित भारत @ 2047 के लक्ष्य के लिए ‘टीम इंडिया’ के रूप में मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।
27 नवंबर को आयोजित उद्घाटन सत्र में भारत की 563 गीगावाट स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता का उल्लेख किया गया। इसमें 55 प्रतिशत से अधिक योगदान गैर-जीवाश्म स्रोतों का है। साथ ही वर्ष 2035-36 तक इस क्षमता को दोगुने से अधिक बढ़ाकर 1,297 गीगावाट करने का लक्ष्य रखा गया। पिछले वर्ष 60 गीगावाट अतिरिक्त क्षमता जोड़ी गई। इसमें 87 प्रतिशत योगदान गैर-जीवाश्म स्रोतों का रहा। वित्त वर्ष 2024-25 में बिजली वितरण कंपनियों ने कर के बाद कुल मिलाकर लाभ दर्ज किया। इसके अलावा, अगले दो दशकों में बिजली क्षेत्र में 200 लाख करोड़ रुपये के निवेश की संभावनाओं का उल्लेख किया गया
सम्मेलन में केंद्रीय विद्युत और नवीन तथा नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्री श्रीपाद नाइक, विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के विद्युत मंत्री, विद्युत सचिव श्री पंकज अग्रवाल, केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण के अध्यक्ष, केंद्रीय विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष तथा राज्य और संयुक्त विद्युत नियामक आयोगों के अध्यक्षों सहित केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
सम्मेलन के प्रमुख परिणाम और समयबद्ध प्रतिबद्धताएं
- संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता और ऊर्जा भंडारण का विस्तार: राज्यों ने वित्त वर्ष 2029-30 तक के लिए अपनी संसाधन पर्याप्तता योजनाओं की समीक्षा करने पर सहमति जताई। इसमें पारेषण संपर्क की पुष्टि और मांग का वास्तविक अनुमान सुनिश्चित किया जाएगा। इन योजनाओं को एक महीने के भीतर प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही, अतिरिक्त बिजली उत्पादन क्षमता और बिजली आपूर्ति के लिए किए गए समझौतों की हर तिमाही समीक्षा की जाएगी। सौर और गैर-सौर, दोनों समय में चौबीसों घंटे विश्वसनीय बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा महंगी अल्पकालिक बाजार खरीद पर निर्भरता कम करने के लिए राज्यों ने ऊर्जा भंडारण क्षमता में 15 गुना वृद्धि करने पर सहमति जताई। इसके अंतर्गत बैटरी और पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं की खरीद को प्राथमिकता दी जाएगी। इसमें राज्यों के अपने निवेश के साथ-साथ एनटीपीसी और एसईसीआई की आगामी 40-40 गीगावाट घंटे की योजनाएं भी शामिल होंगी। परियोजनाओं की साइट चयन से लेकर उपकरणों की आपूर्ति तक हर चरण की निगरानी की जाएगी। राज्यों को मिशन मोड में ऊर्जा भंडारण की व्यवस्था करने और नवीकरणीय ऊर्जा के साथ भंडारण क्षमता पर अधिक निर्भर रहने की सलाह दी गई।
- पारेषण और राइट ऑफ वे से जुड़े कार्यों का क्रियान्वयन: बिजली उत्पादन और पारेषण का विकास एक साथ करने पर बल दिया गया। राज्यों ने स्पष्ट लक्ष्य के साथ पारेषण संसाधन पर्याप्तता की कार्ययोजनाओं को तत्काल अंतिम रूप देने पर सहमति जताई। इनमें बिजली लाइनों और सबस्टेशनों के लक्ष्य शामिल होंगे। राज्यों के भीतर पारेषण परियोजनाओं के लिए टैरिफ आधारित प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया (टीबीसीबी) अपनाने और केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए) के संशोधित तकनीकी मानकों को लागू करने पर भी सहमति बनी।
- बिजली वितरण कंपनियों की वित्तीय स्थिति, स्मार्ट मीटरिंग और उपभोक्ता-केंद्रित प्रशासन: सरकारी बिजली बिलों का बकाया खत्म करने के लिए राज्यों ने एक तिमाही के भीतर सभी लंबित सरकारी बकाये चुकाने पर सहमति जताई। सरकारी कनेक्शनों को अग्रिम रिचार्ज के आधार पर संचालित प्रीपेड स्मार्ट मीटर में बदलने का भी निर्णय लिया गया, ताकि बजट आवंटन का इंतजार न करना पड़े।स्मार्ट मीटर लगाने की धीमी गति वाले राज्यों को प्रक्रिया तेज करने और सरकारी, वाणिज्यिक तथा औद्योगिक उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाने का काम पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।उपभोक्ताओं का भरोसा बढ़ाने के लिए बिजली वितरण कंपनियां बिल संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए जांच मीटर लगाएंगी। उपभोक्ताओं के मोबाइल ऐप की समीक्षा की जाएगी और इन ऐप का गिगवा ऑडिट शुरू किया जाएगा। लंबित शिकायतों की वरिष्ठ स्तर पर समीक्षा की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं की संतुष्टि सुनिश्चित हो सके।
- कृषि क्षेत्र में सौर ऊर्जा का उपयोग और परमाणु ऊर्जा का विस्तार: राज्यों ने बिजली खरीद की लागत और सब्सिडी का बोझ कम करने के लिए फीडर पृथक्करण तथा कृषि फीडरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने का काम तेज करने की प्रतिबद्धता जताई। परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में राज्यों ने भूमि और जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने, परियोजनाओं के लिए उपयुक्त स्थलों की पहचान करने तथा बंद हो चुके ताप विद्युत संयंत्रों के स्थानों सहित अन्य स्थलों को तैयार करने में तेजी लाने पर सहमति जताई। इसका उद्देश्य विकसित भारत के लिए वर्ष 2047 तक 100 गीगावाट परमाणु ऊर्जा क्षमता हासिल करने के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को साकार करना है।
- मार्च 2027 तक सभी घरों में बिजली पहुंचाने का लक्ष्य: कल 28 नवंबर को मीडिया को संबोधित करते हुए केंद्रीय विद्युत मंत्री ने बताया कि 14 लाख 50 हजार घरों को बिजली ग्रिड से जोड़ने का काम शुरू किया गया है। इनमें से लगभग 6 लाख 25 हजार घरों में काम पूरा हो चुका है। इसमें ऑफ-ग्रिड माध्यम से बिजली उपलब्ध कराए गए घर भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि उम्मीद है कि दूरदराज और पहाड़ी क्षेत्रों के कुछ घरों को छोड़कर बाकी सभी घरों में मार्च 2027 तक बिजली पहुंचा दी जाएगी। राज्यों ने अगले वर्ष मार्च तक शेष कार्य मिशन मोड में पूरा करने पर सहमति जताई।
नियामक आयोगों के साथ संयुक्त सत्र
केंद्रीय विद्युत नियामक आयोग (सीईआरसी) और राज्य विद्युत नियामक आयोगों (एसईआरसी) के साथ आयोजित संयुक्त सत्र में समय पर नियामकीय निर्णय लेने और बिजली वितरण कंपनियों को वित्तीय रूप से टिकाऊ बनाने के लिए सुधारों को आगे बढ़ाने में नियामक संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा हुई। इस दौरान बिजली वितरण कंपनियों के लिए टैरिफ निर्धारण में लागत के अनुरूप दरें सुनिश्चित करने और टैरिफ से संबंधित अस्वीकृतियों को न्यूनतम रखने को प्रमुख प्राथमिकता बताया गया। इस बात पर बल दिया गया कि ऐसी अस्वीकृतियां इक्विटी पर मिलने वाले रिटर्न (आरओई) से अधिक नहीं होनी चाहिए।
नियामकीय प्रक्रिया में परामर्श आधारित दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया। इसके अंतर्गत टैरिफ आदेश जारी करने से पहले परामर्श प्रक्रिया आयोजित करने का सुझाव दिया गया। इससे उचित लागत को टैरिफ में शामिल करने, नियामकीय प्रक्रिया में पूर्वानुमान की स्थिति बेहतर बनाने, विवाद कम करने और अनावश्यक मुकदमेबाजी से बचने में मदद मिलेगी।
मिशन मोड में ऊर्जा सुरक्षा और आत्मनिर्भरता
केंद्रीय विद्युत तथा नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्री श्रीपाद नाइक ने समापन संबोधन में कहा, “इस सम्मेलन की उपलब्धि का आकलन आज पूरी हुई चर्चाओं से नहीं, बल्कि आने वाले दिनों और महीनों में किए जाने वाले बदलावों से होगा।”
विद्युत सचिव श्री पंकज अग्रवाल ने कहा, “विश्वसनीय और सस्ती बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए दीर्घकालिक योजना और सुनिश्चित बिजली क्षमता के लिए समय पर अनुबंध करना आवश्यक रहेगा।”
केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा, “इस सम्मेलन की वास्तविक सफलता हमारे नागरिकों के जीवन में दिखाई देगी, जब केंद्र, राज्य और सभी हितधारक मिलकर बिजली क्षेत्र को विकसित भारत की प्रगति का प्रमुख आधार बनाएंगे।”
****
पीके/केसी/आरटी/एसके