शिक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

काशी तमिल संगमम् 5.0 के दूसरे दिन छात्र प्रतिनिधियों ने काशी के ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया


बीएचयू में तमिलनाडु से आए प्रतिनिधियों के लिए तिरुक्कुरल पर शैक्षणिक सत्र आयोजित

प्रविष्टि तिथि: 29 NOV 2026 8:28PM by PIB Delhi

काशी तमिल संगमम् 5.0 में भाग ले रहे तमिलनाडु के छात्र प्रतिनिधियों के पहले जत्थे ने आज वाराणसी के हनुमान घाट सहित कई स्थानों का भ्रमण किया। उन्होंने काशी के मंदिरों और घाटों के धार्मिक महत्व, ऐतिहासिक विरासत तथा स्थापत्य विशेषताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image001_20261129202930_f85f7a.jpg

समूह ने हनुमान घाट स्थित प्रसिद्ध तमिल कवि और स्वतंत्रता सेनानी महाकवि सुब्रमण्यम भारती के आवास का भी दौरा किया। उन्होंने उनके परिवार के सदस्यों से संवाद किया और उनके जीवन, साहित्यिक योगदान तथा काशी से उनके जुड़ाव के बारे में जाना। इसके बाद वे कांची मठ गए, जहाँ उन्हें इसके इतिहास और धार्मिक परंपराओं से परिचित कराया गया।

छात्र प्रतिनिधियों ने कहा कि इस यात्रा ने उन्हें किताबों और तस्वीरों से सीखी गई बातों से आगे बढ़कर काशी के मंदिरों, इतिहास और आध्यात्मिक परंपराओं का प्रत्यक्ष अनुभव करने का अवसर दिया। हनुमान घाट, केदार घाट और हरिश्चंद्र घाट पीढ़ियों से तमिल परिवारों का घर रहे हैं। इन क्षेत्रों में दक्षिण भारत के हजारों परिवार निवास करते हैं।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image002_20261129203018_8a0c18.jpg

प्रतिनिधियों ने सारनाथ के विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों का भी भ्रमण किया, जिनमें धमेख स्तूप, सारनाथ पुरातत्व संग्रहालय (जहाँ अशोक स्तम्भ / लायन कैपिटल सुरक्षित है) तथा भगवान बुद्ध के जीवन और उपदेशों से जुड़े अन्य स्थल शामिल हैं।

बीएचयू में शैक्षणिक सत्र

आज बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी में एक शैक्षणिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के सहयोग से बीएचयू और आईआईटी (बीएचयू) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की थीम “द यंग एंड द कुरल: टाइमलेस वैल्यूज़ फ़ॉर द डिजिटल जनरेशन” (“युवा और कुरल: डिजिटल पीढ़ी के लिए शाश्वत मूल्य”) थी। यह सत्र तिरुक्कुरल की शिक्षाओं, भारतीय ज्ञान परंपरा, भाषाई विविधता और समकालीन शिक्षा पर केंद्रित रहा। इस अवसर पर बीएचयू और आईआईटी (बीएचयू) की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक उपलब्धियों को दर्शाने वाली वृत्तचित्र फ़िल्में (डॉक्यूमेंट्रीज़) भी दिखाई गईं।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image003_20261129203050_ea3512.jpg

बीएचयू के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी ने 27 हिंदी बाल पुस्तकों के तमिल अनुवादों के एक संग्रह का विमोचन किया; इस अवसर पर भारतीय भाषा समिति के अध्यक्ष श्री चमू कृष्ण शास्त्री मुख्य अतिथि थे।

कई विशेषज्ञों ने तिरुक्कुरल के विभिन्न पहलुओं पर व्याख्यान दिए। कार्यक्रम के अंतर्गत बीएचयू के सयाजीराव गायकवाड़ केंद्रीय पुस्तकालय में ‘तिरुक्कुरल और दुर्लभ तमिल पुस्तक प्रदर्शनी’ का भ्रमण भी शामिल था।

काशी तमिल संगमम् के बारे में अधिक जानकारी के लिए यहाँ क्लिक करें: https://www.pib.gov.in/PressReleaseDetail.aspx?PRID=2341040&lang=1&reg=1

**

पीके/केसी/आरटी/पीएस


(रिलीज़ आईडी: 2343586) आगंतुक पटल : 18
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Kannada