कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान का बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, पटना में किसान संवाद कार्यक्रम में संबोधन
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिहार में किसान संवाद में की आत्मनिर्भर खेती की वकालत
बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में शिवराज सिंह चौहान का किसानों से वादा: समस्याओं का समाधान, उत्पादकता में वृद्धि
किसान संवाद में केंद्रीय मंत्री का संकल्प: बिहार के किसानों के लिए मशीनीकरण और वैकल्पिक आजीविका को बढ़ावा
प्रविष्टि तिथि:
02 AUG 2025 4:01PM by PIB Patna
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, पटना में आयोजित किसान संवाद कार्यक्रम में बिहार के कृषि मंत्री श्री विजय कुमार और उपमुख्यमंत्री व पशुपालन एवं मत्स्य पालन मंत्री श्रीमती रेणु देवी की उपस्थिति में किसानों को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाने का संकल्प दोहराया।
श्री चौहान ने कहा, “मैं किसानों का मेहमान नहीं हूँ, बल्कि अनौपचारिक रूप से आपकी समस्याएँ सुनने और समाधान खोजने के लिए यहाँ आया हूँ। अभी मैं गंगा आरती से आ रहा हूँ, और यह कहना चाहता हूँ कि कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, किसान इसकी आत्मा हैं, और किसानों की सेवा मेरी सबसे बड़ी पूजा है।”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी ‘राष्ट्र प्रथम’ नीति ने भारतीय कृषि को विदेशी ताकतों से संरक्षण प्रदान किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वैज्ञानिकों की पहुंच खेतों और गांवों तक होनी चाहिए, ताकि किसानों को नवाचार का लाभ मिले। श्री चौहान ने बिहार के किसानों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने स्तर पर शोध किए हैं, जो खेती को नई दिशा दे सकते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने छोटे जोत वाले खेतों में मशीनीकरण और विज्ञान के हस्तक्षेप की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा, “हमें प्रति हेक्टेयर उत्पादकता बढ़ाने और कृषि लागत को कम करने की जरूरत है। जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।”
आवारा पशुओं से फसलों को होने वाले नुकसान पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के साथ मिलकर इस दिशा में कदम उठाए जाएंगे, जैसे खेतों की घेराबंदी। उन्होंने बिहार में मौजूद 3 करोड़ मवेशियों के संरक्षण और उनकी देशी नस्लों के दुग्ध उत्पादन में वृद्धि की आवश्यकता पर जोर दिया।
श्री चौहान ने छोटे जोत वाले किसानों के लिए खेती के साथ-साथ पशुपालन, मत्स्य पालन और मधुमक्खी पालन जैसे वैकल्पिक आजीविका स्रोतों को बढ़ावा देने की बात कही, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो। उन्होंने प्रगतिशील किसानों के साथ मिलकर काम करने का आह्वान किया और सभी से संकल्प लेने का आग्रह किया कि हम केवल स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देंगे, ताकि आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को बल मिले।
यह संवाद कार्यक्रम बिहार के किसानों के समस्याओं को समझने और उनके निदान के दिशा में किया गया एक प्रयास है।
****
कुमार सौरभ / उत्पल कांत
(रिलीज़ आईडी: 2151731)
आगंतुक पटल : 16