सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय
वाराणसी में मनाया गया ‘स्वच्छाग्रही सम्मान दिवस’, खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग द्वारा अस्सी घाट पर स्वच्छता अभियान का आयोजन
प्रविष्टि तिथि:
08 OCT 2025 4:01PM by PIB Lucknow
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वच्छता ही सेवा’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को सशक्त रूप से आगे बढ़ाते हुए, खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी), सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार ने बुधवार को प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के ऐतिहासिक अस्सी घाट पर स्वच्छता अभियान का नेतृत्व किया। यह आयोजन ‘स्वच्छाग्रही सम्मान दिवस’ के रूप में मनाया गया - जो अब प्रत्येक माह की 8 तारीख को नियमित रूप से मनाया जाएगा, ताकि समाज में स्वच्छता, श्रम-सम्मान और जनभागीदारी की भावना को सुदृढ़ किया जा सके।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री के ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए, श्री मनोज कुमार ने वाराणसी नगर निगम के 50 स्वच्छता कर्मियों को ‘खादी किट’ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके समर्पण और सेवाभाव की सराहना की। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता तेम्सुतुला इमसोंग ने भी सक्रिय भागीदारी की और अस्सी घाट पर श्रमदान कर उपस्थित जनसमूह को प्रेरित किया। श्री मनोज कुमार ने कहा कि “खादी आत्मनिर्भरता का प्रतीक है और स्वच्छता समृद्ध भारत की नींव - दोनों ही प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जन-आंदोलन का स्वरूप ले चुके हैं।”

अस्सी घाट परिसर में स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवकों, नगर निगम कर्मियों तथा केवीआईसी परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इससे एक दिन पूर्व, मंगलवार को, श्री मनोज कुमार ने सेवापुरी स्थित खादी बगिया, भीषमपुर परिसर में 21.81 लाख रुपये की वित्तीय सहायता से स्थापित नयी सिल्क प्रोसेसिंग यूनिट का उद्घाटन किया था। कृषक विकास ग्रामोद्योग संस्थान, सिरिहिरा द्वारा संचालित यह यूनिट स्थानीय कारीगरों को उच्च गुणवत्ता वाले रेशम धागे उपलब्ध कराएगी तथा ग्रामीण स्तर पर रोजगार और आय के नए अवसर सृजित करेगी।

अपने वक्तव्य में अध्यक्ष श्री मनोज कुमार ने कहा कि, “प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप स्वदेशी उत्पादों के उत्पादन और प्रसार के लिए केवीआईसी निरंतर नई पहलें कर रहा है। सेवापुरी की सिल्क प्रोसेसिंग यूनिट और अस्सी घाट पर स्वच्छाग्रही सम्मान दिवस - दोनों ही इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं, जो ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘स्वच्छ भारत’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं।” उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए गए जीएसटी सुधार खादी जगत के लिए ऐतिहासिक सिद्ध हुए हैं। वित्त वर्ष 2024-25 में खादी एवं ग्रामोद्योग का कुल उत्पादन ₹1,16,599 करोड़ तथा बिक्री ₹1,70,551 करोड़ रही है, जिससे लगभग 2 करोड़ लोगों को रोजगार प्राप्त हुआ- यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी, केवीआईसी प्रतिनिधि, स्थानीय स्वयंसेवी, उत्तर प्रदेश सरकार के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
*****
(रिलीज़ आईडी: 2176301)
आगंतुक पटल : 66