सहकारिता मंत्रालय
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह 6 मार्च को ओडिशा में इफको का सल्फ्यूरिक एसिड प्लांट (SAP-III) राष्ट्र को समर्पित करेंगे
सहकारिता एवं डेयरी से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शुभारंभ करेंगे
भुवनेश्वर में सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी कई पहलों का शुभारंभ और MoU होंगे
1159.03 करोड़ रुपये की लागत वाली 69 परियोजनाओं का उद्घाटन और 2116.06 करोड़ रुपये की लागत वाली 130 परियोजनाओं का शिलान्यास होगा
प्रविष्टि तिथि:
05 MAR 2026 4:25PM by PIB Delhi
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विज़न को गति देने की दिशा में निरंतर जारी प्रयासों के क्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह 6 मार्च 2026 को ओडिशा के दौरे के दौरान पारादीप में इफको द्वारा स्थापित सल्फ्यूरिक एसिड प्लांट (SAP-III) को राष्ट्र को समर्पित करेंगे तथा सहकारिता, डेयरी विकास और गृह मंत्रालय से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शुभारंभ करेंगे।
पारादीप में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह इफको के पारादीप संयंत्र में स्थापित सल्फ्यूरिक एसिड प्लांट (SAP-III) राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
इसके पश्चात श्री अमित शाह भुवनेश्वर स्थित आईडीसीओ प्रदर्शनी मैदान, यूनिट-III में सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पहलों का शुभारंभ किया जाएगा। इनमें राज्य सहकारिता नीति का विमोचन, त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय के स्कूल की स्थापना के लिए समझौता-ज्ञापन, बदाम्बा शुगर उद्योग के पुनर्जीवन के लिए समझौता-ज्ञापन, तथा PACS/LAMPS द्वारा संचालित 1567 कॉमन सर्विस सेंटरों का समर्पण शामिल है।
इसके अतिरिक्त 141 PACS के लिए आवश्यकता-आधारित अवसंरचना का वर्चुअल उद्घाटन, आरसीएस कार्यालय पोर्टल का शुभारंभ, राष्ट्रीय सहकारी ऑर्गेनिक लिमिटेड के डायरेक्ट-टू-कंज़्यूमर (D2C) पोर्टल का डिजिटल लॉन्च तथा राष्ट्रीय सहकारी निर्यात लिमिटेड द्वारा विकसित “Coop Marque” और “Savidya” एआई-सक्षम बहुभाषी डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म का शुभारंभ भी किया जाएगा।
डेयरी क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कार्यक्रम में ओएमफेड से संबंधित पहलों की प्रस्तुति दी जाएगी तथा दो दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों को पंजीकरण प्रमाणपत्र वितरित किए जाएंगे। साथ ही मुख्यमंत्री कामधेनु योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को अनुदान जारी किया जाएगा तथा प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन केंद्र के उन्नयन के लिए एनडीडीबी के साथ समझौता-ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों से संबंधित परियोजनाओं पर वीडियो प्रस्तुति दी जाएगी तथा कुल 1159.03 करोड़ रुपये की लागत वाली 69 परियोजनाओं का उद्घाटन और 2116.06 करोड़ रुपये की लागत वाली 130 परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया जाएगा।
****
RK/AK
(रिलीज़ आईडी: 2235579)
आगंतुक पटल : 197