• Sitemap
  • Advance Search
गृह मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह कल ओडिशा के मुंडली में CISF के 57वें स्थापना दिवस समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करेंगे


गृह मंत्री भुवनेश्वर में NFSU और CFSL परिसर का भूमिपूजन और NFSU के ट्रांजिट परिसर का वर्चुअल रूप से उद्घाटन भी करेंगे

केन्द्रीय गृह मंत्री ‘नूतन न्याय संहिता’ पर एक  प्रदर्शनी का उद्घाटन और मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाएँगे  

NFSU का भुवनेश्वर कैंपस ओडिशा के फोरेंसिक और जांच संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है

ओडिशा सरकार द्वारा आवंटित 40 एकड़ भूमि पर बने इस स्थायी कैंपस को फॉरेंसिक और संबद्ध विज्ञानों के उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा

प्रविष्टि तिथि: 05 MAR 2026 6:19PM by PIB Delhi

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह शुक्रवार, 06 मार्च 2026 को ओडिशा के मुंडली में केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के 57वें स्थापना दिवस समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करेंगे। गृह मंत्री भुवनेश्वर में राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (NFSU) के परिसर का भूमिपूजन करेंगे और आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही, केन्द्रीय गृह मंत्री NFSU के ट्रांजिट परिसर का वर्चुअल रूप से उद्घाटन भी करेंगे।

श्री अमित शाह NFSU परिसर के साथ स्थित केन्द्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (CFSL), भुवनेश्वर का भूमिपूजन भी करेंगे। श्री शाह भुवनेश्वर में ‘नूतन न्याय संहिता’ पर एक प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे और मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी करेंगे। इस अवसर पर केन्द्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान, ओडिशा के मुख्यमंत्री श्री मोहन चरण मांझी, केंद्रीय गृह सचिव, NFSU के संस्थापक कुलपति सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित होंगे।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री, गृह मंत्रालय से संबंधित पहलों के अंतर्गत पुलिस अवसंरचना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अनेक पुलिस स्टेशन भवनों का वर्चुअल उद्घाटन और कई पुलिस स्टेशनों में CC एवं EO सुविधाओं का उद्घाटन भी करेंगे। इसके अतिरिक्त भारतीय प्रोद्योगिकी संस्थान (IIT), भुवनेश्वर और राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (RRU) के साथ समझौता-ज्ञापनों पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे।

NFSU का भुवनेश्वर कैंपस ओडिशा के फोरेंसिक और जांच संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ओडिशा सरकार द्वारा आवंटित 40 एकड़ भूमि पर बने इस स्थायी कैंपस को फॉरेंसिक और संबद्ध विज्ञानों के उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। NFSU का यह अस्थायी कैंपस तीन विशिष्ट शैक्षणिक कार्यक्रमों के साथ परिचालन शुरू कर रहा है, जिनमें एम.एससी. फॉरेंसिक साइंस, एम.एससी. डिजिटल फॉरेंसिक्स और सूचना सुरक्षा, और एलएल.एम. साइबर कानून और साइबर अपराध जांच शामिल हैं।

*****

आरके / एके / आरआर


(रिलीज़ आईडी: 2235677) आगंतुक पटल : 78
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Gujarati
Prime Minister mygov.in Content Link
National Portal Of India
STQC Certificate