जनजातीय कार्य मंत्रालय
एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों (ईएमआरएस) में एआई-सक्षम शैक्षणिक सहायता को मजबूत करने के लिए एनईएसटीएस ने कोग्रैड के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए
प्रविष्टि तिथि:
05 JUN 2026 6:52PM by PIB Delhi
केंद्र सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के अधीन एक स्वायत्त संगठन, राष्ट्रीय जनजातीय छात्र शिक्षा समिति (एनईएसटीएस) ने शिक्षक सशक्तिकरण, शैक्षणिक सहायता और संस्थागत दक्षता के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित प्लेटफार्मों के विकास और तैनाती में लगी शिक्षा प्रौद्योगिकी संस्था कोग्रेड (सुपरविजन एजुकेयर प्राइवेट लिमिटेड) के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। जनजातीय कार्य मंत्रालय की सचिव श्रीमती रंजना चोपड़ा की गरिमामय उपस्थिति में इस पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर जनजातीय कार्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री बी.एन. प्रसाद और एनईएसटीएस की आयुक्त डॉ. प्रतिमा भी उपस्थित थीं।

एनईएसटीएस और कोग्रेड के बीच साझेदारी से देश भर में वर्तमान में कार्यरत 499 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में 9,000 से अधिक शिक्षकों को सहायता मिलेगी। इससे अंततः 1.5 लाख से अधिक छात्रों को लाभ होगा।
इस सहयोग के अंतर्गत कोग्रैड अपने शिक्षकों के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए डिजिटल प्लेटफॉर्म "मेधा एआई" के अनुकूलित संस्करण तक दो वर्षों की अवधि के लिए निःशुल्क पहुंच प्रदान करेगा। कोग्रैड संरचित मार्गदर्शन कार्यक्रमों और व्यावहारिक सहायता के माध्यम से ईएमआरएस के शिक्षकों, प्रधानाचार्यों और शैक्षणिक प्रशासकों को प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग के लिए प्रशिक्षित भी करेगा।
मेधा एआई की प्रमुख विशेषताओं में स्वचालित प्रश्नोत्तरी और मूल्यांकन निर्माण, पाठ योजना सहायता, 3डी मॉडल निर्माण और शिक्षण-अधिगम सामग्री निर्माण के लिए एआई-सक्षम उपकरण शामिल हैं । यह कक्षाओं में जीवंत और नवीन शैक्षणिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देते हैं।
इस पहल से ईएमआरएस इकोसिस्टम की डिजिटल क्षमताओं को मजबूत करने, शिक्षकों की प्रभावशीलता बढ़ाने और देश भर के ईएमआरएस में अध्ययनरत जनजातीय छात्रों के लिए अधिक व्यक्तिगत शैक्षणिक सहायता प्रदान करने में महत्वपूर्ण योगदान मिलने की उम्मीद है।
महत्वपूर्ण बात यह है कि यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 और माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रौद्योगिकी-सक्षम और समावेशी विकसित भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप है। एआई-आधारित शिक्षण और नवीन शिक्षण पद्धतियों का लाभ उठाकर, इसका उद्देश्य शैक्षिक परिणामों को सुदृढ़ करना और देश भर के छात्रों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक पहुंच का विस्तार करना है।
*****
पीके/केसी/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2269574)
आगंतुक पटल : 90