• Sitemap
  • Advance Search
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सीएसआईआर-एनआईएससीपीआर ने कोहा सॉफ्टवेयर के बुनियादी तत्‍वों पर कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया

प्रविष्टि तिथि: 13 JUN 2026 1:37PM by PIB Delhi

सीएसआईआर-राष्ट्रीय विज्ञान संचार एवं नीति अनुसंधान संस्थान (सीएसआईआर-एनआईएससीपीआर) ने 10 से 12 जून 2026 तक सत्संग विहार, नई दिल्ली स्थित अपने परिसर में "कोहा सॉफ्टवेयर के बुनियादी तत्‍वों" विषय पर तीन दिवसीय ऑफ़लाइन कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया। संस्थान के प्रशिक्षण प्रभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य ओपन-सोर्स लाइब्रेरी ऑटोमेशन में व्यावसायिक दक्षताओं को मजबूत करना और प्रतिभागियों को एकीकृत पुस्तकालय प्रबंधन प्रणालियों (आईएलएमएस) के कार्यान्वयन और प्रबंधन में व्यावहारिक कौशल प्रदान करना था। प्रशिक्षण का मुख्य केंद्र कोहा था, जो विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त ओपन-सोर्स एकीकृत पुस्तकालय प्रबंधन प्रणाली है। इसमें देश भर के शैक्षणिक, अनुसंधान और पुस्तकालय संस्थानों के 33 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का समन्वय सुश्री मीताली भारती (नोडल प्रधान अन्‍वेषक), श्री सलीम अंसारी (सह-प्रधान अन्‍वेषक) और श्री मुकेश ए. पुंड, मुख्य वैज्ञानिक एवं प्रशिक्षण प्रभाग प्रमुख, सीएसआईआर-एनआईएससीपीआर द्वारा किया गया। सुश्री मीताली भारती ने 10 जून 2026 को उद्घाटन सत्र के दौरान प्रतिभागियों का स्वागत किया, कार्यक्रम का संक्षिप्त परिचय दिया और उभरती डिजिटल लाइब्रेरी प्रौद्योगिकियों में कौशल विकास के महत्व का उल्‍लेख किया। श्री मुकेश ए. पुंड ने प्रशिक्षण के उद्देश्यों को रेखांकित किया और लाइब्रेरी स्वचालन दक्षताओं की बढ़ती आवश्यकता पर बल देते हुए बताया कि कोहा जैसे प्लेटफॉर्म किस प्रकार परिचालन दक्षता और सूचना संसाधनों की सुलभता को बढ़ाते हैं। सीएसआईआर-एनआईएससीपीआर के मुख्य वैज्ञानिक श्री सीबी सिंह ने लाइब्रेरी स्वचालन और ज्ञान प्रबंधन को आगे बढ़ाने में ओपन-सोर्स प्रौद्योगिकियों और कोहा की भूमिका पर अपने विचार साझा किए।

तीन दिनों के दौरान, प्रतिभागियों को ओपन-सोर्स सॉफ़्टवेयर के मूल सिद्धांतों, कोहा आर्किटेक्चर और विशेषताओं, लिनक्स इंस्टॉलेशन, कोहा डिप्लॉयमेंट, एडमिनिस्ट्रेशन, कैटलॉग मैनेजमेंट, पैट्रन मैनेजमेंट और सर्कुलेशन, और रिपोर्ट जेनरेशन को कवर करते हुए गहन सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त हुआ। व्यावहारिक अभ्यासों और संवादात्‍मक सत्रों के माध्यम से, प्रतिभागियों ने कोहा को समनुरूप करने, ग्रंथसूची संबंधी रिकॉर्ड प्रबंधित करने, संचलन कार्य प्रवाह को संभालने और अनुकूलित रिपोर्ट तैयार करने का अनुभव प्राप्त किया।

तकनीकी सत्रों का संचालन श्री मुकेश ए. पुंड और श्री सलीम अंसारी ने किया, जिन्होंने अकादमिक और अनुसंधान पुस्तकालयों में कोहा के कार्यान्वयन और प्रभावी उपयोग पर अपनी विशेषज्ञता साझा की। इस कार्यक्रम ने प्रतिभागियों को व्यावहारिक कौशल विकसित करने में सक्षम बनाया, जिन्हें आधुनिक पुस्तकालय प्रबंधन और स्वचालन पहलों में सीधे लागू किया जा सकता है।

कार्यक्रम 12 जून 2026 को एक समापन सत्र के समाप्‍त साथ हुआ, जिसमें सीएसआईआर-एनआईएससीपीआर के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने सभा को संबोधित किया और प्रतिभागियों से बातचीत की। उन्होंने ज्ञान प्रबंधन को आगे बढ़ाने में डिजिटल लाइब्रेरी सिस्टम और ओपन-सोर्स समाधानों के बढ़ते महत्व पर जोर दिया।

इस प्रकार की क्षमता-निर्माण पहलों के माध्यम से, सीएसआईआर-एनआईएससीपीआर पुस्तकालय और सूचना सेवाओं में व्यावसायिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देना जारी रखता है, ओपन-सोर्स प्रौद्योगिकियों को अपनाने को प्रोत्साहित करता है, और देश भर में पुस्तकालयों और ज्ञान संस्थानों के डिजिटल परिवर्तन का समर्थन करता है।

*.*;*

पीके/केसी/जेके/एसएस


(रिलीज़ आईडी: 2272486) आगंतुक पटल : 141
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Tamil