संचार मंत्रालय
केंद्रीय संचार मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने हिमाचल प्रदेश में डाक विभाग द्वारा ड्रोन आधारित डाक सेवा शुरू करने की घोषणा की
प्रविष्टि तिथि:
13 JUN 2026 7:05PM by PIB Delhi
संचार एवं DoNER मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया के नेतृत्व में, डाक विभाग ने हिमाचल प्रदेश के मंडी प्रधान डाकघर और रेहरधार शाखा डाकघर के बीच ड्रोन आधारित डाक एवं पार्सल वितरण सेवा 12 जून, 2026 से शुरू की है। यह पहल श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया द्वारा ग्रामीण डाक सेवकों और डाक सहायकों के साथ हुई बातचीत के दौरान प्राप्त प्रतिक्रिया पर आधारित है , जिसमें दूर-दराज और दुर्गम क्षेत्रों में तीव्र और अधिक कुशल संपर्क की आवश्यकता पर बल दिया गया था।
डाक सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रौद्योगिकी का लाभ उठाने के केंद्रीय मंत्री के विज़न से प्रेरित होकर, डाक विभाग ने अगले दो से तीन महीनों में हिमाचल प्रदेश और असम में लगभग 150 चिन्हित मार्गों पर ड्रोन-आधारित डाक सेवा शुरू करने की योजना बनाई है, जिसमें मंडी-रेहरधार मार्ग इस पहल को शुरू करने वाला पहला मार्ग होगा।

(हिमाचल प्रदेश के मंडी और रेहरधार डाकघरों के बीच 12 जून 2026 को ड्रोन आधारित डाक सेवा के शुभारंभ के अवसर पर डाक विभाग के अधिकारी और कर्मचारी, साथ में इस पहल के तहत तैनात ड्रोन)
मंडी प्रधान डाकघर से लगभग 12 किलोमीटर दूर स्थित रेहरधार ब्रांच डाकघर तक पारंपरिक व्यवस्थाओं से पहुंचने में वर्तमान में दो घंटे से अधिक का समय लगता है। ड्रोन आधारित संचार के कारण, यह समय घटकर लगभग सात मिनट रह गया है।
यह सेवा भूभाग संबंधी चुनौतियों को दूर करते हुए वास्तविक समय में ट्रैकिंग की सुविधा प्रदान करती है और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन का एक साधन उपलब्ध कराती है। इस पहल से सेवा वितरण में सुधार, दूर-दराज और पर्वतीय क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को मजबूत करने और स्थानीय समुदायों के लिए आवश्यक डाक सेवाओं तक पहुंच में सुधार होने की उम्मीद है, जिससे सामाजिक और आर्थिक समावेशन को बढ़ावा मिलेगा।
****
पीके /केसी/जेएस
(रिलीज़ आईडी: 2272554)
आगंतुक पटल : 142