• Sitemap
  • Advance Search
शिक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने "भारत इनोवेट्स 2026" का उद्घाटन किया, भारत-फ्रांस डीप टेक गठबंधन और मजबूत


भारत और फ्रांस के बीच तकनीकी संबंध और मजबूत: प्रधानमंत्री श्री मोदी और राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने नीस में 'भारत इनोवेट्स' के पहले संस्करण की शुरुआत की

प्रविष्टि तिथि: 14 JUN 2026 7:00PM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने आज फ्रांस के नीस में पैले दे एक्सपोज़िशन दे नीस में भारत इनोवेट्स 2026 के प्रथम संस्करण का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। शिक्षा मंत्रालय की एक पहल के रूप में आयोजित यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम, भारत के डीप-टेक इनोवेटर्स और वैश्विक हितधारकों के बीच नवाचार-आधारित साझेदारियों को आगे बढ़ाने के लिए एक प्रमुख मंच के रूप में कार्य करता है।

केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया। उद्घाटन समारोह में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार श्री अजीत डोभाल तथा सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार डॉ. अजय कुमार सूद सहित कई अन्य विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहे।

सभा को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नवाचार और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भारत की बढ़ती नेतृत्व क्षमता पर ज़ोर दिया और कहा, "भारत बड़े पैमाने पर और तेज़ी से नवाचार करता है। भारत एक टिकाऊ भविष्य के लिए नवाचार करता है, और भारत पूरी दुनिया के लिए नवाचार करता है। नवाचार भारत के डीएनए में है। 'भारत इनोवेट्स' दुनिया के लिए एक निमंत्रण है कि वे भारत के साथ मिलकर ग्लोबल नवाचार का अगला अध्याय तैयार करें।"

राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भारत के शानदार नवाचार इकोसिस्टम की सराहना की और कहा, "मेरा पक्का विश्वास है कि आज नीस में भारत के बाहर पहली बार आयोजित 'भारत इनोवेट्स 2026' कार्यक्रम, हमारे दोनों देशों को जोड़ने वाले मज़बूत रिश्तों का सशक्त प्रमाण है। ये रिश्ते लंबे समय से चली आ रही टेक्नोलॉजी, विज्ञान और उद्योग की साझेदारी पर आधारित हैं, जिसमें हाल के वर्षों में ज़बरदस्त बदलाव आया है। ये संबंध लंबे समय से चली आ रही तकनीकी, वैज्ञानिक और औद्योगिक साझेदारी पर आधारित हैं, जिसने हाल के वर्षों में उल्लेखनीय परिवर्तन देखा है। यह इस बात को भी दर्शाता है कि हमारी वैज्ञानिक, उद्यमशील और औद्योगिक क्षमताओं के माध्यम से हमारे दोनों देशों के पास मिलकर निर्माण करने के लिए अभी बहुत कुछ है।"

उद्घाटन के बाद, दोनों नेताओं ने भारत इनोवेट्स इनोवेशन पैविलियन का दौरा किया। यहाँ भारतीय नवप्रवर्तकों और देश के प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थानों द्वारा विकसित 120 अत्याधुनिक तकनीकों और क्रांतिकारी नवाचारों को प्रदर्शित किया गया। ये नवाचार कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस), सेमीकंडक्टर, जैव प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवा, ऊर्जा, उन्नत विनिर्माण, गतिशीलता और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी बायोटेक्नोलॉजी, जैसे क्षेत्रों से जुड़े थे। 

भारत इनोवेट्स का उद्देश्य भारतीय डीप-टेक नवाचारों को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित और प्रोत्साहित करना है, ताकि दुनिया भर के निवेशकों, उद्योग जगत, संस्थानों और नवप्रवर्तकों के साथ साझेदारियों को बढ़ावा मिल सके। इससे विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार, शिक्षा और उद्यमिता के क्षेत्रों में भारत और फ्रांस के बीच द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने के साथ-साथ वैश्विक नवाचार नेटवर्क में भारत की भागीदारी बढ़ने की उम्मीद है।

14 से 16 जून 2026 तक तीन दिन तक आयोजित होने वाला भारत इनोवेट्स 2026 एक व्यापक कार्यक्रम है, जिसमें 11 उच्च-स्तरीय पैनल चर्चाएं, विभिन्न क्षेत्रों पर केन्द्रित मास्टरक्लास, क्यूरेटेड बी2बी मैचमेकिंग बैठकें, 50 से अधिक स्टार्टअप्स की भागीदारी वाले विशेष निवेशक पिच सत्र, तथा वैश्विक निवेशकों, कॉर्पोरेट संस्थाओं, विश्वविद्यालयों, इनक्यूबेटरों और नीति-निर्माताओं के साथ समर्पित नेटवर्किंग सत्र शामिल हैं। यह कार्यक्रम वैश्विक उद्योग जगत के नेताओं, निवेशकों, शिक्षाविदों और प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों को एक मंच पर लाता है, जहां वे कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), सेमीकंडक्टर, जैव प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवा, ऊर्जा, उन्नत विनिर्माण, अंतरिक्ष, रक्षा और जलवायु प्रौद्योगिकियों जैसे क्षेत्रों में उभरते अवसरों पर विचार-विमर्श करेंगे।

भारत इनोवेट्स का प्रथम संस्करण भारत और फ्रांस की उस साझी प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके अंतर्गत दोनों देश सहयोग, प्रतिभा और परिवर्तनकारी प्रौद्योगिकियों से प्रेरित भविष्य-के लिए तैयार एक नवाचार इकोसिस्टम तैयार करने को बढ़ावा देना चाहते हैं।

इस पहल और इसमें भाग लेने वाले स्टार्टअप्स के बारे में अधिक जानकारी के लिए, कृपया निम्नलिखित वेबसाइट देखें: www.bharatinnovates.in.

******

पीके/केसी/केपी /डी के


(रिलीज़ आईडी: 2272768) आगंतुक पटल : 120
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Marathi , Gujarati , Kannada