• Sitemap
  • Advance Search
सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

कुशल श्रमिक से स्वच्छता उद्यमी तक: दिवाकर कुमार की आत्मनिर्भरता की यात्रा

प्रविष्टि तिथि: 08 SEP 2026 8:04PM by PIB Delhi

श्री दिवाकर कुमार 26 वर्ष की आयु में उन युवा भारतीयों के दृढ़ संकल्प और उद्यमशीलता की भावना का प्रतिनिधित्व करते हैं जो कौशल, प्रौद्योगिकी और सरकारी सहायता का उपयोग करके सतत् एवं स्थायी आजीविका के अवसरों का निर्माण कर रहे हैं। बिहार के मूल निवासी और 12वीं कक्षा तक शिक्षित, श्री दिवाकर ने अपने और अपने परिवार के लिए एक सुरक्षित भविष्य बनाने की आकांक्षा के साथ अपने पेशेवर जीवन की शुरुआत की।

दिवाकर ने मशीनीकृत स्वच्छता और उद्यम समर्थन के माध्यम से उत्पन्न संभावनाओं को दर्शाते हुए  नमस्ते-सुय पहल के अंतर्गत एक कुशल सीवर और सेप्टिक टैंक कार्यकर्ता से आत्मनिर्भर स्वच्छ्ता उद्यमी के रूप में प्रगति की है। उनकी यह यात्रा दर्शाती है कि कैसे व्यावहारिक अनुभव, निरंतर सीखना और समय पर सहायता युवा श्रमिकों को सम्मानजनक और टिकाऊ आजीविका का निर्णय करने में मदद कर सकती है।

पेशेवर अवसरों की व्यापक खोज में दिवाकर अपने मित्र श्री धर्मेंद्र कुमार राय की सलाह पर नोएडा चले गए। उन्होंने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अंतर्गत कार्यरत एक मान्यता प्राप्त कंपनी शिवा एंड शिवा में काम करना शुरू किया जहाँ उन्हें मशीनीकृत स्वच्छता सेवाओं का  अनुभव प्राप्त हुआ।

दिवाकर ने अपने काम के दौरान सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए उपयोग की जाने वाली जेटिंग-कम-ग्रैबर मशीनों को चलाना और उनका संचालन करना सीखा। दिवाकर ने लगन, मेहनत और सीखने की इच्छाशक्ति के बल पर एक वर्ष में ही व्यावहारिक ज्ञान और तकनीकी अनुभव प्राप्त कर लिया। इस अनुभव ने उन्हें मशीनीकृत स्वच्छता को एक ऐसे क्षेत्र के रूप में पहचानने में सक्षम बनाया जो सुरक्षा, सम्मान, व्यावसायिक विकास और स्थायी आजीविका के अवसर प्रदान करता है।

दिवाकर ने इन संभावनाओं से प्रेरित होकर, उद्यमिता की ओर कदम बढ़ाने और स्वच्छता कार्यों का स्वतंत्र रूप से प्रबंधन करने का निर्णय लिया। अपने और अपने परिवार के लिए बेहतर भविष्य बनाने के लक्ष्य के साथ, उन्होंने अपने मित्र के साथ नमस्ते पहल के स्वच्छ उद्यमी योजना (एसयूवाई) घटक के तहत सहायता के लिए आवेदन किया।

नमस्ते-सूय योजना के अंतर्गत दिवाकर को स्वच्छता मशीनरी और वाहन खरीदने के लिए अग्रिम पूंजी सब्सिडी के रूप में वित्तीय सहायता प्राप्त हुई। इस सहायता से उन्होंने जेटिंग-कम-ग्रैबर मशीन और महिंद्रा मैक्स सिटी सीबीसी 1.3 एलएक्स वाहन खरीदा। कुल परियोजना लागत 14,77,500 रुपये के मुकाबले 7,38,750 रुपये का ऋण और 7,38,750 रुपये की पूंजी सब्सिडी प्रदान की गई। यह सहायता 3 अक्टूबर 2025 को दी गई थी।

मशीनरी और वाहन तक पहुंच दिवाकर के पेशेवर सफर में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुई। इससे उनके रोजगार के अवसर बढ़े और उन्हें मशीनीकृत स्वच्छता कार्यों को स्वतंत्र रूप से संभालने का आत्मविश्वास मिला। इस पहल ने उनकी कमाई की क्षमता और एक कुशल स्वच्छता उद्यमी के रूप में उनकी पेशेवर पहचान दोनों को मजबूत किया।

आज दिवाकर की मासिक आय लगभग 40,000-50,000 रुपये है। 22,000 रुपये की मासिक ईएमआई चुकाने के बावजूद, नियमित काम और बेहतर वित्तीय प्रबंधन के माध्यम से वह लगभग 25,000-30,000 रुपये की बचत करते हैं। उनकी स्थिर आजीविका ने उनकी आर्थिक सुरक्षा को मजबूत किया है और उन्हें भविष्य के लिए आत्मविश्वास से योजना बनाने में सक्षम बनाया है।

इस पहल के माध्यम से हासिल हुई प्रगति ने दिवाकर को व्यक्तिगत जीवन में महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया है। वह अपनी विवाह की तैयारी कर रहे है और एक घर खरीदना चाहता है जहाँ वह अपने माता-पिता को ला सके और उनके साथ रह सके। दिवाकर के लिए अपना घर होना न केवल आर्थिक प्रगति का प्रतीक है, बल्कि अपने माता-पिता को सुखमय और सुरक्षित जीवन प्रदान करने की उसकी इच्छा की पूर्ति भी है।

नमस्ते-सूय पहल ने दिवाकर की आर्थिक स्थिति, आत्मविश्वास और काम के प्रति सम्मान को मजबूत किया है। अपने मशीनीकृत स्वच्छता वाहन के बगल में गर्व से खड़े दिवाकर कौशल, अवसर और आत्म-विश्वास के परिवर्तनकारी प्रभाव का जीता-जागता उदाहरण हैं। तकनीकी अनुभव प्राप्त करने से लेकर स्वच्छता उद्यमी बनने तक का उनका सफर यह दर्शाता है कि लक्षित सहायता किस प्रकार उद्यमिता को बढ़ावा दे सकती है और व्यक्तियों को अपने और अपने परिवार के लिए एक सुरक्षित भविष्य बनाने में मदद कर सकती है।

***

पीके/केसी/एनकेएस/डीए


(रिलीज़ आईडी: 2308045) आगंतुक पटल : 70
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Kannada