सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
वित्तीय बाधाओं से लेकर शैक्षणिक प्रगति तक: एनएफएससी के साथ समीर मखाल का सफर
प्रविष्टि तिथि:
17 SEP 2026 4:03PM by PIB Delhi
समय पर मिलने वाली छात्रवृत्ति सहायता वंचित पृष्ठभूमि के स्कॉलर्स को उच्च अध्ययन जारी रखने, गुणवत्तापूर्ण शोध करने और बेहतर पेशेवर अवसरों की दिशा में कार्य करने में सक्षम बनाती है। वित्तीय बाधाएं और सीमित संसाधन अक्सर शोध कार्य करने के लिए शैक्षणिक यात्रा में बाधा उत्पन्न करते हैं।
पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के 33 वर्षीय स्कॉलर श्री समीर मखाल राष्ट्रीय अनुसूचित जाति छात्र छात्रवृत्ति योजना (एनएफएससी) के तहत सहायता प्राप्त कर पीएच.डी कर रहे हैं। इस छात्रवृत्ति ने उन्हें अनुसंधान और शैक्षिक खर्चों को पूरा करने और अधिक वित्तीय स्थिरता के साथ अपनी डॉक्टरेट की पढ़ाई जारी रखने में मदद की है।
सहायता मिलने से पहले, श्री मखाल को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, जिससे उनके शोध कार्य में देरी हुई और शैक्षणिक एवं दैनिक खर्चों का प्रबंधन करना चुनौतीपूर्ण हो गया। सीमित शोध अवसर, भौगोलिक बाधाएं, पारिवारिक जिम्मेदारियां और अपर्याप्त संस्थागत सहयोग ने उनकी प्रगति को और भी बाधित किया।

इन बाधाओं के बावजूद, वे उच्च शिक्षा और गुणवत्तापूर्ण शोध के प्रति समर्पित रहे। उनका लक्ष्य एक सफल शैक्षणिक और व्यावसायिक करियर बनाना और अपनी सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार करना था, भले ही उनके परिवार को आर्थिक अस्थिरता और उच्च शिक्षा से संबंधित संसाधनों और सूचनाओं तक सीमित पहुंच का सामना करना पड़ रहा था।
श्री मखाल को मई 2020 से एनएफएससी से सहायता मिलनी शुरू हुई। फैलोशिप, मकान किराया भत्ता और आकस्मिक सहायता ने उन्हें शोध खर्च, शैक्षिक लागत और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में मदद की। इससे अध्ययन सामग्री, प्रयोगशाला सुविधाओं और अन्य शैक्षणिक संसाधनों तक उनकी पहुंच में भी सुधार हुआ, जिससे वे अपने डॉक्टरेट कार्य पर अधिक प्रभावी ढंग से ध्यान केंद्रित कर सके।
इस सहयोग के बाद उनका शोध कार्य सुगम हो गया। आर्थिक स्थिरता बढ़ने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा और वे नए सिरे से ध्यान केंद्रित करते हुए बेहतर पेशेवर संभावनाओं के साथ अपने शैक्षणिक और करियर लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में सक्षम हुए।
श्री मखाल ने मिली मदद और समर्थन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा, "एनएफएससी के समर्थन ने मुझे अधिक स्थिरता के साथ अपनी पीएच.डी जारी रखने और अपने शैक्षणिक लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करने में सक्षम बनाया है।"
आज श्री मखाल दृढ़ संकल्प के साथ अपनी पीएच.डी की यात्रा जारी रखे हुए हैं। उनका अनुभव दर्शाता है कि एनएफएससी योजना किस प्रकार विद्वानों को वित्तीय और शैक्षिक बाधाओं को दूर करने और अकादमिक उत्कृष्टता एवं व्यावसायिक विकास की ओर बढ़ने में सहायता कर सकती है।
********
पीके/केसी/जेएस
(रिलीज़ आईडी: 2311446)
आगंतुक पटल : 48