युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा: 100 हफ्तों का नशा मुक्त युवा अभियान राष्ट्रव्यापी राष्ट्रीय संकल्प समारोह के साथ शुरू होगा
18 सितंबर को एनएसएस द्वारा 300 शिक्षण संस्थानों में और 20 सितंबर को 485 माय भारत (MY Bharat) इकाइयों में राष्ट्रीय संकल्प समारोह आयोजित किया जाएगा
प्रविष्टि तिथि:
17 SEP 2026 5:44PM by PIB Delhi
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय का युवा कार्यक्रम विभाग, मेरा युवा भारत (MY Bharat) और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस ) के माध्यम से 18 सितंबर 2026 से एक राष्ट्रव्यापी युवा शपथ और हस्ताक्षर अभियान 'राष्ट्रीय संकल्प समारोह' के साथ 100 हफ्तों के नशा मुक्त युवा अभियान की शुरुआत करने जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य निरंतर युवा भागीदारी, जागरूकता और समुदाय-संचालित गतिविधियों के माध्यम से विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा की सामूहिक प्रतिबद्धता की ओर देशभर के युवाओं को एकजुट करना है।

'विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा संकल्प अभियान' का शुभारंभ माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2 अगस्त 2026 को आध्यात्मिक संगठनों, उद्योग संघों, गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) और विश्वविद्यालय संघों को एक वर्चुअल संबोधन के माध्यम से किया गया था। यह अभियान चार स्तंभों — रोकथाम, सुरक्षा, पुनर्प्राप्ति और नेतृत्व के इर्द-गिर्द संरचित है। अपने शुभारंभ के बाद से, इस पहल ने 30,200 से अधिक स्थानों से भागीदारी, 2.5 करोड़ से अधिक व्यूअरशिप और 1 करोड़ से अधिक शपथ दर्ज की है।
शुरुआती चरण के हिस्से के रूप में, 18 सितंबर 2026 से एनएसएस द्वारा 300 चिह्नित स्थानों पर राष्ट्रीय संकल्प समारोह आयोजित किया जाएगा। इस भाग लेने वाले नेटवर्क में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में स्थित शिक्षण संस्थान शामिल हैं, जिनमें एनएसएस क्षेत्रीय निदेशालयों के माध्यम से पहचाने गए कॉलेज, विश्वविद्यालय और अन्य संस्थान शामिल हैं। पहचाने गए संस्थानों में अन्य स्थानों के अलावा गुजरात, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, महाराष्ट्र और केरल के संस्थान शामिल हैं।
100 हफ्तों के नशा मुक्त युवा अभियान का पहला रविवार 20 सितंबर 2026 को मनाया जाएगा, जिसके तहत 485 माय भारत इकाइयों में गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें माय भारत जिला कार्यालय और यूथ हॉस्टल शामिल हैं। राष्ट्रीय संकल्प समारोह एक सामूहिक युवा शपथ और हस्ताक्षर अभियान पर केंद्रित होगा, जिसके साथ विषयगत नुक्कड़ नाटक, नारा लेखन और युवाओं के नेतृत्व में चर्चाएं होंगी। ये गतिविधियां युवाओं को जागरूकता निर्माण में भाग लेने और नशा मुक्त भारत के प्रति अपनी सामूहिक प्रतिबद्धता को दोहराने के लिए मंच प्रदान करेंगी।
100 हफ्तों के नशा मुक्त युवा अभियान की शुरुआत के बाद सितंबर से दिसंबर 2026 तक एक संरचित 12-सप्ताह का गतिविधि कैलेंडर लागू किया जाएगा, जिसमें तीन विषयगत चरण शामिल होंगे — 'मेरा स्वास्थ्य, मेरा अभिमान', 'फिट युवा, व्यसन-मुक्त युवा' और 'जीवन कौशल महीना'। इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य जांच और बीएमआई शिविर, ध्यान व कल्याण सत्र, स्वास्थ्य वॉक और रन, युवा मेले, योग सत्र, पारंपरिक खेल, मिनी मैराथन, साइक्लोथॉन, स्पोर्ट्स लीग, निर्णय लेने की कार्यशालाएं, समस्या-समाधान गतिविधियां और युवाओं के नेतृत्व में रोल-प्ले व नुक्कड़ नाटक शामिल होंगे।
एनएसएस घटक के तहत, गतिविधियां इसके बाद शुक्रवार और शनिवार को आयोजित की जाएंगी, जिसमें अगले 11 हफ्तों में से प्रत्येक के लिए 200 स्थानों की योजना बनाई गई है, जिससे 12-सप्ताह की अवधि के दौरान अनुमानित एनएसएस कवरेज 2,500 कार्यक्रमों तक पहुंच जाएगा। माय भारत अपनी निर्दिष्ट इकाइयों में साप्ताहिक गतिविधियां आयोजित करेगा, जिसमें कार्यान्वयन योजना के तहत इस अवधि के दौरान 3,235 माय भारत इकाई-स्तरीय गतिविधियों का प्रावधान है।
यह अभियान माय भारत युवाओं, एनएसएस स्वयंसेवकों, शिक्षण संस्थानों और आध्यात्मिक, औद्योगिक, विश्वविद्यालय व गैर-सरकारी संगठनों सहित भागीदार संगठनों को एक साथ लाएगा। गतिविधियों को स्वीकृत अभियान ब्रांडिंग और आईईसी सामग्री के माध्यम से समर्थन दिया जाएगा और राज्यों, जिलों व भाग लेने वाले संगठनों में अभियान की पहुंच और कार्यान्वयन की निगरानी के लिए तस्वीरों, वीडियो, भागीदारी के आंकड़ों और प्रमुख झलकियों के माध्यम से दस्तावेजीकरण किया जाएगा।
100 हफ्तों का नशा मुक्त युवा अभियान स्वास्थ्य, फिटनेस, जीवन कौशल, जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी पर केंद्रित नियमित गतिविधियों के माध्यम से युवाओं के नेतृत्व वाले जुड़ाव को बनाए रखना चाहता है, जिससे विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा के प्रति युवाओं के सामूहिक संकल्प को मजबूती मिलेगी।
**
पीके/केसी/केजे/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 2311600)
आगंतुक पटल : 62