संस्‍कृति मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

12,000 से ज्यादा श्रद्धालुओं ने पहले दो दिनों में नामसाई स्थित गोल्डन पैगोडा में भगवान शाक्यमुनि बुद्ध के पवित्र अवशेषों के दर्शन कर श्रद्धा अर्पित की


अरुणाचल प्रदेश में पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी में आने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 78,000 के पार पहुँची

20 नवंबर 2026 तक सुबह 6:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक सार्वजनिक दर्शन जारी

जिला प्रशासन ने दर्शन की सुविधा के लिए क्षेत्र-वार कार्यक्रम की घोषणा की

प्रविष्टि तिथि: 17 NOV 2026 8:16AM by PIB Delhi

अरुणाचल प्रदेश के नामसाई स्थित गोल्डन पैगोडा (कोंगमु खाम) में शाक्यमुनि बुद्ध के पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी को श्रद्धालुओं की ओर से जबरदस्त प्रतिसाद मिला है।  प्रदर्शनी में पहले दो दिन 14 और 15 नवंबर 2026 को ही 12,000 से अधिक श्रद्धालु पहुँचे और उन्होंने पवित्र अवशेषों के दर्शन किए। उन्होंने प्रार्थना की, पवित्र अवशेषों के प्रति श्रद्धा व्यक्त की और भगवान बुद्ध का आशीर्वाद प्राप्त किया।

तवांग में 31,000 से अधिक और बोमडिला में 35,000 से अधिक श्रद्धालु पहुँचे थे। इसके साथ 15 नवंबर 2026 के अंत तक इन तीनों स्थानों पर कुल 78,000 से अधिक लोग दर्शन के लिए पहुँचे।

प्रदर्शनी शुरू होने के बाद से ही नामसाई जिले और आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालु गोल्डन पैगोडा में एकत्र हो रहे हैं। श्रद्धालुओं की लंबी कतारें पवित्र अवशेषों के प्रति उनकी गहरी आस्था और श्रद्धा को दर्शाती हैं। इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आना यह भी दिखाता है कि इस क्षेत्र में बौद्ध शिक्षाओं और परंपराओं का प्रभाव आज भी कितना गहरा है।

IMG_256

 

अरुणाचल प्रदेश में 31 अक्टूबर 2026 से शुरू हुई पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी 21 नवंबर 2026 तक चलेगी। नामसाई में यह प्रदर्शनी का तीसरा और अंतिम चरण है।

यह प्रदर्शनी 31 अक्टूबर 2026 को ऐतिहासिक गादेन नामग्याल ल्हात्से (तवांग मठ) में शुरू हुई। उद्घाटन समारोह में केन्द्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री पेमा खांडू शामिल हुए। इस अवसर पर बौद्ध भिक्षु और अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित थे।

तवांग में 7 नवंबर को प्रदर्शनी संपन्न होने के बाद पवित्र अवशेषों को बोमडिला स्थित थुबचोग गात्सेल लिंग मठ ले जाया गया, जिसे 'लोअर गोम्पा' के नाम से भी जाना जाता है। बोमडिला में यह छह दिवसीय प्रदर्शनी 8 से 13 नवंबर 2026 तक आयोजित की गई।

14 नवंबर 2026 को पवित्र अवशेष नामसाई पहुँचे। वहां पूरे सम्मान के साथ उनका स्वागत किया गया और उन्हें 'गोल्डन पैगोडा' में स्थापित किया गया। अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक (सेवानिवृत्त) ने उप-मुख्यमंत्री श्री चौना मेन और इंटरनेशनल बुद्धिस्ट कॉन्फेडरेशन के महानिदेशक श्री राघव प्रसाद भटनागर की उपस्थिति में इस प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस समारोह में राज्य के मंत्री, जन प्रतिनिधि, बौद्ध भिक्षु और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।

तवांग, बोमडिला और नामसाई में आयोजित इस प्रदर्शनी ने पवित्र अवशेषों को अरुणाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालुओं के और करीब ला दिया है। इसने साझा आस्था और भक्ति की भावना के साथ, विभिन्न बौद्ध परंपराओं से जुड़े लोगों को भी एक मंच पर एकजुट किया है।

गोल्डन पैगोडा, जिसे 'कोंगमु खाम' के नाम से भी जाना जाता है, पूर्वी अरुणाचल प्रदेश में थेरवाद बौद्ध आस्था और विरासत का एक महत्वपूर्ण केन्द्र है। इस क्षेत्र के ताई खामती, सिंगफो और अन्य समुदायों ने पीढ़ियों से अपनी समृद्ध बौद्ध परंपराओं को संजोकर रखा है। उनके मठ, त्योहार, कला और धार्मिक प्रथाएं भारत की बौद्ध विरासत का एक अहम हिस्सा हैं।

तवांग और बोमडिला अपनी महायान और वज्रयान बौद्ध परंपराओं के लिए जाने जाते हैं। नामसाई अपनी थेरवाद बौद्ध विरासत के लिए प्रसिद्ध है। इन तीन स्थानों पर आयोजित प्रदर्शनी, अरुणाचल प्रदेश में मौजूद बौद्ध परंपराओं की समृद्ध विविधता को दर्शाती है।

नामसाई में आयोजित यह प्रदर्शनी, पूर्वी अरुणाचल प्रदेश, असम और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों के श्रद्धालुओं को पवित्र अवशेषों के दर्शन करने और श्रद्धा अर्पित करने का एक विशेष अवसर प्रदान करती है। इससे उन्हें भगवान बुद्ध के जीवन और उनकी शिक्षाओं से और भी गहराई से जुड़ने का मौका मिलता है।

IMG_256

 

जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुव्यवस्थित भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए हैं। पवित्र अवशेषों तक लोगों की सुविधाजनक पहुँच सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र-वार कार्यक्रम भी तैयार किया गया है।

सार्वजनिक दर्शन का कार्यक्रम इस प्रकार है:

तारीख

निर्धारित क्षेत्रों के श्रद्धालु

16 नवंबर 2026

लाथाओ सर्कल और नामसाई सर्कल

17 नवंबर 2026

पियोंग सर्कल और लेकांग सर्कल

18 नवंबर 2026

 

चांगलांग, जयरामपुर, बोर्डुमसा, मियाओ, दियुन, तिरप और लोंगडिंग

 19 नवंबर 2026

मेचुका, टुटिंग, गेलिंग, तेजू, अंजाव (मेयोर), लोअर दिबांग वैली और रक्षा कर्मी

20 नवंबर 2026

 

असम और अन्य सभी पूर्वोत्तर राज्य, साथ ही वे श्रद्धालु जो पिछले दिनों दर्शन के लिए नहीं आ सके थे

श्रद्धालुओं से अनुरोध किया गया है कि वे तय कार्यक्रम का पालन करें और जिला प्रशासन का सहयोग करें। इन व्यवस्थाओं से लोगों की आवाजाही सुगम होगी और वे आसानी से दर्शन कर सकेंगे।

अरुणाचल प्रदेश में प्रदर्शित किए जा रहे ये पवित्र अवशेष नई दिल्ली के राष्ट्रीय संग्रहालय में संरक्षित हैं। ये उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के पिपरहवा से लाए गए हैं। यह स्थान प्राचीन कपिलवस्तु और भगवान बुद्ध की शाक्य परंपरा से जुड़ा है। इन अवशेषों का ऐतिहासिक, पुरातात्विक और आध्यात्मिक महत्व बहुत अधिक है। ये भारत की बौद्ध विरासत की सबसे बहुमूल्य वस्तुओं में से एक हैं।

भगवान बुद्ध के महापरिनिर्वाण के बाद से ही इन पवित्र अवशेषों को पूजने की परंपरा शुरू हुई। उनके पवित्र अवशेषों को स्तूपों में स्थापित किया गया, जो बाद में बौद्ध तीर्थयात्रा और श्रद्धा के प्रमुख केन्द्र बन गए।

13 साल के लंबे अंतराल के बाद ये पवित्र अवशेष अरुणाचल प्रदेश वापस आए हैं। इनकी प्रदर्शनी से राज्य भर के श्रद्धालुओं को भगवान बुद्ध के प्रति श्रद्धा प्रकट करने और अपनी आध्यात्मिक विरासत से फिर से जुड़ने का एक अनमोल अवसर मिला है।

गोल्डन पैगोडा के ध्यान केन्द्र में दो विशेष प्रदर्शनियाँ आयोजित की जा रही हैं। इनका आयोजन राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली और इंटरनेशनल बुद्धिस्ट कॉन्फेडरेशन द्वारा किया गया है। इंटरनेशनल बुद्धिस्ट कॉन्फेडरेशन द्वारा आयोजित “अनअर्थिंग द सेक्रेड पिपरहवा: द स्टोरी ऑफ द होली बुद्धा रेलिक्स एंड देयर डिस्कवरी” नामक प्रदर्शनी, पिपरहवा अवशेषों के इतिहास और उनके महत्व को दर्शाती है। यह उत्तर प्रदेश के पिपरहवा में इनकी खोज और उसके बाद हुई पुरातात्विक खुदाई के बारे में बताती है। साथ ही, यह बौद्ध अवशेषों के प्रति सम्मान की परंपरा और इन पवित्र अवशेषों के आध्यात्मिक महत्व पर भी प्रकाश डालती है।

यह प्रदर्शनी पिपरहवा से प्राप्त बहुमूल्य वस्तुओं के संग्रह की अद्भुत यात्रा को भी प्रस्तुत करती है। एक सदी से भी अधिक समय के बाद, ये कीमती वस्तुएं 2025 में भारत वापस लौटीं। इनकी वापसी भारत की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और उसे पुनः प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

 “क्रॉसरोड्स ऑफ धम्मा: क्लासिकल लेगेसीज, लिविंग आर्ट, एंड एंथ्रोपोलॉजिकल पर्सपेक्टिव्स” नाम से दूसरी प्रदर्शनी को राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली द्वारा तैयार किया गया है। यह बौद्ध धर्म की समृद्ध कलात्मक और सांस्कृतिक विरासत को उजागर करती है। साथ ही, यह कला, संस्कृति और जीवित परंपराओं पर बौद्ध शिक्षाओं के प्रभाव को भी दर्शाती है।

ये दोनों प्रदर्शनियां आगंतुकों को भगवान बुद्ध के जीवन और उनकी शिक्षाओं के बारे में अधिक जानने का अवसर प्रदान करती हैं। इसके अलावा ये आने वाली पीढ़ियों के लिए भारत की बौद्ध विरासत की सुरक्षा और संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने में भी मदद करती हैं।

IMG_256

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने भारत की बौद्ध विरासत की रक्षा, संरक्षण और उसे बढ़ावा देने के लिए कई पहल की हैं।

महत्वपूर्ण बौद्ध तीर्थ स्थलों पर आधारभूत संरचना, पहुँच-संपर्क और सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार ने बौद्ध अध्ययन, अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा दिया है।

2024 में पाली भाषा को शास्त्रीय भाषा का दर्जा मिलना, बौद्ध ज्ञान और साहित्यिक परंपराओं को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। 2025 में पिपरहवा रत्न संग्रह की भारत वापसी, देश की बौद्ध विरासत को सुरक्षित रखने की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि है।

हाल के वर्षों में, भारत ने मंगोलिया, थाईलैंड, वियतनाम, रूस, भूटान और श्रीलंका में पवित्र बौद्ध अवशेषों की प्रदर्शनियों का आयोजन किया है और उनको समर्थन दिया है। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से लाखों श्रद्धालुओं को पवित्र अवशेषों के दर्शन करने और श्रद्धा अर्पित करने का अवसर मिला है। इससे दुनिया भर के बौद्ध समुदायों के साथ भारत के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंध भी मजबूत हुए हैं।

इस साल की शुरुआत में लद्दाख में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी ने हिमालयी क्षेत्र के श्रद्धालुओं को सार्वजनिक रूप से दर्शन और वंदना करने का एक विशेष अवसर प्रदान किया।

अरुणाचल प्रदेश में चल रही यह प्रदर्शनी इन्हीं प्रयासों को आगे बढ़ाती है। यह पूर्वोत्तर हिमालयी क्षेत्र की समृद्ध बौद्ध विरासत और बौद्ध परंपराओं को संरक्षित करने में वहां के समुदायों की महत्वपूर्ण भूमिका को उजागर करती है।

शाक्यमुनि बुद्ध के पवित्र अवशेषों की यह प्रदर्शनी अत्यधिक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व का अवसर है। इसमें हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी भगवान बुद्ध और उनकी शिक्षाओं के प्रति अटूट आस्था को दर्शाती है।

दो हजार से अधिक वर्षों से भगवान बुद्ध की शिक्षाओं ने मानवता को शांति, करुणा, ज्ञान और अहिंसा की ओर प्रेरित किया है। समकालीन विश्व में भी इन मल्यों की प्रासंगिकता बनी हुई है।

इस प्रदर्शनी का आयोजन भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा अरुणाचल प्रदेश सरकार, राष्ट्रीय संग्रहालय (नई दिल्ली) और इंटरनेशनल बुद्धिस्ट कॉन्फेडरेशन (IBC) नई दिल्ली के सहयोग से किया जा रहा है।

नामसाई स्थित 'गोल्डन पैगोडा' में 20 नवंबर 2026 तक इन पवित्र अवशेषों के सार्वजनिक दर्शन किए जा सकेंगे। प्रदर्शनी संपन्न होने के बाद 21 नवंबर 2026 को इन पवित्र अवशेषों को वापस राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली ले जाया जाएगा।

 ***

पीके/केसी/आरटी/एए


(रिलीज़ आईडी: 2337266) आगंतुक पटल : 177
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Assamese , Bengali , Bengali-TR , Gujarati , Tamil