राष्ट्रपति सचिवालय
azadi ka amrit mahotsav

राष्ट्रपति ने भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय मलेरिया अनुसंधान संस्थान के वर्ष भर चलने वाले स्वर्ण जयंती समारोहों का उद्घाटन किया


आईसीएमआर जैसे प्रमुख संस्थान विकासित भारत के स्वास्थ्य-संबंधी लक्ष्यों को अनुसंधान, सहयोग और नवाचार के माध्यम से प्राप्त करने में नेतृत्व कर सकते हैं: राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु

प्रविष्टि तिथि: 17 NOV 2026 2:58PM by PIB Delhi

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज (17 नवंबर, 2026) नई दिल्ली में भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय मलेरिया अनुसंधान संस्थान के वर्ष भर चलने वाले स्वर्ण जयंती समारोह का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि मलेरिया लंबे समय से भारत सहित दुनिया के कई देशों में एक गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती रहा है। स्वतंत्रता के समय, यह हमारे देश की सबसे गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौतियों में से एक थी। यह संतोष की बात है कि भारत ने पिछले कुछ वर्षों में मलेरिया नियंत्रण में उल्लेखनीय प्रगति की है। बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, आधुनिक निदान तकनीकें, प्रभावी दवाइयां, मच्छर नियंत्रण अभियान और समुदाय की भागीदारी ने इस बीमारी के प्रसार को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मलेरिया उन्मूलन की दिशा में भारत की प्रगति को वैश्विक मान्यता मिली है। 2024 में, भारत विश्व स्वास्थ्य संगठन की 'हाई बर्डन टू हाई इम्पैक्ट' श्रेणी से बाहर निकला। यह उपलब्धि हमारे सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों, वैज्ञानिकों, स्वास्थ्य कर्मियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से संभव हुई है। राष्ट्रीय मलेरिया अनुसंधान संस्थान ने मलेरिया के खिलाफ इस लंबी लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पिछले पांच दशकों में, इसने मलेरिया परजीवी, मच्छर, वेक्टर नियंत्रण, कीटनाशक प्रतिरोध, और समुदाय-आधारित निगरानी जैसे क्षेत्रों में अग्रणी अनुसंधान किया है।

राष्ट्रपति ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, अनियोजित शहरीकरण, और मच्छरों की कीटनाशकों के प्रति बढ़ती प्रतिरोधकता जैसी नई चुनौतियां मलेरिया उन्मूलन में नई बाधाएं पैदा कर सकती हैं। ऐसे परिदृश्य में, केवल स्वास्थ्य कर्मियों के प्रयास मलेरिया के प्रसार को नहीं रोक सकते। जल जमाव को रोकने, मच्छर प्रजनन स्रोतों को समाप्त करने और पर्यावरण प्रबंधन पर भी ध्यान केंद्रित करना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नीति निर्माता और वैज्ञानिक समुदाय इस दिशा में संयुक्त प्रयास कर रहे हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि हाल के वर्षों में डेंगू भी देश में एक बड़ी चुनौती के रूप में उभरा है। वैश्विक तापमान में वृद्धि और मानसून पैटर्न में बदलाव के कारण यह चुनौती और भी अधिक गंभीर हो सकती है। आईसीएमआर द्वारा किए गए अनुसंधान और अध्ययनों ने तपेदिक, कुष्ठ रोग और कालाजार जैसी बीमारियों के खिलाफ हमारी लड़ाई को दिशा दी है। आईसीएमआर ने हमारे राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों को आकार देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कोविड-19 महामारी के दौरान, इसने रिकॉर्ड समय में एक राष्ट्रीय परीक्षण नेटवर्क स्थापित किया और भारत के पहले स्वदेशी कोविड-19 वैक्सीन के विकास में साझेदारी की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आईसीएमआर डेंगू जैसी बीमारियों के निदान के लिए भी प्रभावी कदम उठा रहा है।

राष्ट्रपति ने कहा कि स्वर्ण जयंती का अवसर केवल अतीत की उपलब्धियों पर विचार करने और उन पर गर्व करने का समय नहीं है, बल्कि भविष्य के लिए निर्णायक लक्ष्य निर्धारित करने का अवसर भी है। हम 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं। अनुसंधान संस्थानों, तकनीकी और उच्च शिक्षा केंद्रों और औद्योगिक क्षेत्र के बीच मजबूत सहयोग एक स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण है। आईसीएमआर जैसे प्रमुख संस्थान ऐसे सहयोग को बढ़ावा देने में नेतृत्व कर सकते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आईसीएमआर और इसके संबद्ध संस्थान अनुसंधान, सहयोग और नवाचार के माध्यम से विकसित भारत के स्वास्थ्य संबंधी लक्ष्यों को प्राप्त करने में योगदान देंगे।

राष्ट्रपति का भाषण हिन्‍दी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

****.*

पीके/केसी/आरटी/एसकेएस/एसएस


(रिलीज़ आईडी: 2337489) आगंतुक पटल : 205
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Bengali , Gujarati , Tamil , Malayalam