सूचना और प्रसारण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

57वें इफ्फी में भारतीय पैनोरमा के लिए चुनी गई चार फिल्मों के चयन के साथ पूर्वोत्तर सिनेमा को मिली खास पहचान


फीचर फिल्म श्रेणी में उरुम और सूर्यमुखी का वर्ल्ड प्रीमियर होगा

रेड कार्पेट और चलो इंडिया विद एरिक जी – मिजोरम के माध्यम से पूर्वोत्तर की सांस्कृतिक विविधता और परंपराओं को गैर-फीचर फिल्म श्रेणी में प्रदर्शित किया जाएगा

भारत के पूर्वोत्तर क्षेत्र की विविध संस्कृतियों, रोचक कहानियों और सिनेमा की विशिष्ट अभिव्यक्तियों को 57वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में प्रमुख स्थान मिलेगा। इस महोत्सव के प्रतिष्ठित भारतीय पैनोरमा खंड के लिए पूर्वोत्तर की चार फिल्मों का चयन किया गया है। 20 से 28 नवंबर, 2026 तक गोवा में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में पूर्वोत्तर की दो फीचर फिल्में और दो गैर-फीचर फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। इनके माध्यम से दर्शकों को इस क्षेत्र की मूल विरासत, सामाजिक बदलावों और आम जनजीवन की झलक देखने को मिलेगी।

फीचर फिल्मों की श्रेणी में सबसे प्रमुख फिल्म ‘उरुम’ (स्पिरिट) है, जिसने इफ्फी के भारतीय पैनोरमा खंड के लिए चयनित होने वाली पहली न्यिशी भाषा की फिल्म बनकर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। डुयू ताब्यो के निर्देशन में बनी अरुणाचल प्रदेश की यह साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म महोत्सव में वर्ल्ड प्रीमियर के लिए भी चुनी गई है। अरुणाचल प्रदेश के एक सुदूर पहाड़ी गांव की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म एक पिता की कहानी के माध्यम से जनजातीय स्मृतियों, मानसिक आघात और छिपे हुए सत्यों को उजागर करती है। अपनी छोटी बेटी को खोने के बाद वह पिता अपराधबोध और रहस्यमयी ख्यालों से घिर जाता है।

वर्ल्ड प्रीमियर के लिए फीचर फिल्मों की सूची में उरुम के साथ सूर्यमुखी (सनफ्लावर) भी शामिल है। अंतरा जी.जी. चौधरी के निर्देशन में बनी यह असमिया फिल्म एक ड्रामा है। अंतरा जी.जी. चौधरी अभिनेत्री, निर्देशक और रंगमंच से जुड़ी कलाकार हैं। शहरी परिवेश पर आधारित यह फिल्म दो युवा सहकर्मियों पुष्पपाल और प्रार्थना की कहानी है, जिनके बीच शुरुआत में प्रतिद्वंद्विता रहती है, लेकिन धीरे-धीरे यह दोस्ती और प्रेम में बदल जाती है। हालांकि, पैसों से भरे एक खोए हुए बैग के मिलने से उनके सामने कई अप्रत्याशित नैतिक दुविधाएं खड़ी हो जाती हैं, जो उनके फैसलों और आपसी रिश्तों की परीक्षा लेती हैं।

भारतीय पैनोरमा के गैर-फीचर फिल्म खंड में असम और मिजोरम की दो अलग-अलग कहानियां प्रस्तुत की जाएंगी। पुरस्कार विजेता फिल्मकार एमी बरुआ द्वारा लिखित और निर्देशित 30 मिनट की असमिया डॉक्यूमेंट्री रेड कार्पेट पारंपरिक हथकरघा शिल्प की समृद्ध विरासत को दर्शाती है। असम की कार्बी आंगलोंग पहाड़ियों की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म डोनकामोकाम गांव की एक कार्बी बुनकर की असाधारण यात्रा को दिखाती है। अपनी पारंपरिक बुनाई कला के माध्यम से वह अंतरराष्ट्रीय पहचान हासिल करती है और कान फिल्म महोत्सव के रेड कार्पेट तक पहुंचती है। इस बुनकर की कहानी के माध्यम से डॉक्यूमेंट्री जनजातीय शिल्पकारों के संघर्ष और उनके दृढ़ संकल्प, कार्बी बुनाई परंपरा की समृद्धि तथा पीढ़ियों से चली आ रही पारंपरिक कलाओं को संरक्षित रखने के महत्व को रेखांकित करती है।

 

गैर-फीचर फिल्म श्रेणी में चयनित दूसरी फिल्म चलो इंडिया विद एरिक जी – मिजोरम 48 मिनट की अंग्रेजी डॉक्यूमेंट्री है, जिसका निर्देशन राजदीप चौधरी ने किया है। यह फिल्म ब्रिटेन के पूर्व सांसद और इतिहास के शिक्षक एरिक ओलेरेंशॉ (ओबीई) की यात्रा पर आधारित है, जो मिजोरम के सामाजिक और सांस्कृतिक परिवेश को करीब से समझने का प्रयास करते हैं। फिल्म में राज्य की उच्च साक्षरता दर, नागरिक अनुशासन और जीवंत फुटबॉल संस्कृति की झलक देखने को मिलती है। साथ ही, इसमें व्यापार, शिक्षा और सामुदायिक नेतृत्व के क्षेत्र में मिजो महिलाओं के महत्वपूर्ण योगदान को भी रेखांकित किया गया है।

************

पीके/केसी/आरटी/डीवी/डीए


(रिलीज़ आईडी: 2337688) आगंतुक पटल : 75
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Marathi , Tamil , Kannada , Malayalam , Nepali , Khasi , English , Urdu , Bengali , Assamese